
संस्कारधानी राजनांदगांव में गूंजा विश्व नवकार महामंत्र दिवस का स्वर, हजारों लोगों ने किया सामूहिक जाप
संस्कारधानी राजनांदगांव में 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस के पावन अवसर पर भव्य एवं दिव्य सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। JITO दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव चैप्टर के अंतर्गत JITO पैट्रॉन्स के तत्वावधान में, JBN एवं JLW के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर विश्वशांति का संदेश दिया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि सर्वधर्म के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सकल जैन संघ के साथ विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक, शिक्षण संस्थाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
यह आयोजन सामाजिक एकता, सौहार्द एवं सामंजस्य का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम में जिले के अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें जिला कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार यादव, एडिशनल कलेक्टर श्रीमती शीतल जैन, आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, पूर्व महापौर श्री नरेश डकालिया एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री खूबचंद पारख विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने अमूल्य समय से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर भगवान महावीर के सिद्धांतों एवं उनके अमूल्य संदेशों का स्मरण कराया गया। नवकार महामंत्र की दिव्य स्वरलहरियों ने उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत कर दिया तथा सभी को धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की सफलता में JITO परिवार के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष योगदान रहा। राजनांदगांव JITO पैट्रॉन्स का उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हुआ। दुर्ग-भिलाई JITO चैप्टर के कोषाध्यक्ष CA श्री राजेश बाफना ने सक्रिय भूमिका निभाई, वहीं नवकार जाप के डायरेक्टर CA श्री प्रफुल्ल कोठारी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम के पश्चात स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई, जिसके प्रभारी दादा ब्रदर्स एवं बी-1 (सुमित ग्रुप , राजनांदगाव) रहे। साथ ही JBN सदस्य श्री ऋषभ गोलछा द्वारा अपने प्रतिष्ठान महावीर ज्वेलर्स की ओर से सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रभावना वितरण किया गया।
विश्व नवकार महामंत्र दिवस के इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में नवकार मंत्र का जाप कर विश्वशांति की कामना की।
