छत्तीसगढ़

CG : आदि कर्मयोगी अभियान – कलेक्टर ने भूमका ग्राम में ग्रामवासियों के साथ किया ट्रांजैक्ट वाक…

ग्रामीणों से संवाद कर तैयार हुआ विलेज विज़न प्लान 2030

कोण्डागांव । आदि कर्मयोगी अभियान के तहत शुक्रवार को फरसगांव विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भूमका में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के नेतृत्व में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामवासियों के साथ ट्रांजैक्ट वाक किया। इस दौरान विलेज विज़न प्लान 2030 तैयार करने हेतु ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर ने ग्राम भूमका में विद्यालय, आंगनबाड़ी और उप-स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर विभिन्न शासकीय योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और स्पॉन्सरशिप योजनाकृकी जानकारी ली और अधिकाधिक लाभ दिलाने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही जल संरक्षण पर जोर देते हुए स्टॉपडेम और अन्य निर्माण कार्यों को प्लान में शामिल करने को कहा।

स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी एवं नियमित फॉलोअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आंगनबाड़ी केंद्र में पहुँचकर उन्होंने भवन को मॉडल आंगनबाड़ी की तरह विकसित करने और पंखे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

विलेज विज़न प्लान 2030 के अंतर्गत ग्रामवासियों के सहयोग से ग्राम का सामाजिक मानचित्र और संसाधनों का नक्शा तैयार किया गया। ग्राम की भौगोलिक स्थितियों, सीमाओं, नदी-नाले-पहाड़ आदि का विवरण दर्ज कर नजरी नक्शा भी बनाया गया। ग्राम पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। आधारभूत सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, पेयजल, आवास, विद्युत, स्वास्थ्य और शिक्षा पर चर्चा कर इन्हें विलेज विज़न प्लान में सम्मिलित किया गया।

विशेष ग्राम सभा में होगा अनुमोदन

सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग कृपेंद्र तिवारी ने बताया कि आगामी 02 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा में विलेज विज़न प्लान 2030 का अनुमोदन किया जाएगा। अनुमोदन उपरांत इसे अंतिम रूप से भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय को प्रेषित किया जाएगा।

आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत नियुक्त आदि साथी ने इस योजना को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में सरपंच, पंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.