
राजनांदगांव : यह मेरा अपना कार्यक्रम है, मुझे कभी निमंत्रण की जरूरत नहीं पड़ती : डॉ रमन सिंह
- राष्ट्रीय उत्सव समिति ने मनाया 30वां वर्ष के साथ रावण दहन
- स्टेट हाई स्कूल मैदान में साधो बैंड की भक्ति मय प्रस्तुति
राजनांदगांव। विजयादशमी पर्व पर स्टेट हाई स्कूल मैदान में राष्ट्रीय उत्सव समिति द्वारा आयोजित रावण दहन कार्यक्रम ने इस वर्ष भी धर्मप्रेमियों को प्रभु राम के भजन रस से सराबोर कर दिया। साधो बैंड की भक्ति मय प्रस्तुति के बीच अपार जनसमुदाय की मौजूदगी में आयोजन का 30वां सफल वर्ष धूमधाम से मनाया गया।

इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, समिति के संरक्षक बलदेव सिंह भाटिया, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, वरिष्ठजन सुरेन्द्र दाऊ सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने साधो बैंड ग्रुप द्वारा प्रस्तुत प्रभु राम के भजनों का आनंद लिया।
अतिथियों का स्वागत समिति के अध्यक्ष तथागत पांडे, संरक्षक शारदा तिवारी, राजेंद्र यादव, नरेंद्र शर्मा, योगेश बागड़ी, अजय पांडे, संतोष पटाक, शुभम पांडे, मयंक बाफना, शशांक राजपूत सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।

अध्यक्ष तथागत पांडे ने अपने स्वागत भाषण में दशहरे की शुभकामनाएँ दीं और आयोजन की सफलता के लिए सभी नागरिकों, सदस्यों व विशेष सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि “पिताजी स्व. विजय पांडे के जाने के बाद आयोजन कठिन प्रतीत हो रहा था, लेकिन जनता और साथियों के सहयोग से यह निरंतरता संभव हो पाई।
”अभिषेक सिंह (पूर्व सांसद) ने कहा कि प्रस्तुति ने दशहरे पर्व को भक्ति रस से भर दिया है। जनता का यह उमड़ा सागर आयोजन की भव्यता का प्रमाण है।”
संतोष पांडे (सांसद)ने कहा कि “इस कार्यक्रम की महत्ता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि डॉ. रमन सिंह ने स्वयं इसकी तैयारी की जानकारी ली। यह आयोजन सभी के लिए विशेष महत्व रखता है।”
बलदेव सिंह भाटिया (संरक्षक) ने कहा कि “30 वर्षों से निरंतर हो रहे इस भव्य आयोजन के लिए समिति और जनता बधाई की पात्र है।”

डॉ. रमन सिंह (विधानसभा अध्यक्ष) ने अपनी बात रखते हुए कहा “यह मेरा अपना कार्यक्रम है, मुझे कभी निमंत्रण की जरूरत नहीं पड़ती। स्व. विजय पांडे मेरे मित्र थे और यह जनसमुदाय स्वयं इस आयोजन की गरिमा को सिद्ध करता है।”
आतिशबाजी और रावण दहन
समारोह का समापन भव्य आतिशबाजी और रावण के पुतले के दहन से हुआ। हजारों की संख्या में जुटी भीड़ ने साधो बैंड की धुन पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया।
कार्यक्रम के अंत में विनोद पांडे ने उपस्थित अतिथियों, समिति और जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।
दशहरा केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और संस्कारों की परंपरा का भी संदेश देता है। यह आयोजन नगरवासियों की आस्था, श्रद्धा और सामूहिक सहयोग की शक्ति को दर्शाता है।
इसे भी पढ़े : राजनांदगांव : नशामुक्ति आमसभा ग्राम पंचायत भोथीपार खुर्द में आयोजित




