
राजनांदगांव : हदय रोग से बचाव की लगी पाठशाला, डॉक्टरों ने दिया लाइव सीपीआर डेमो…
राजनांदगांव . स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी सीपीआर जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में बुधवार को सीपीआर जागरूकता एवं जीवनशैली सुधार कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य निर्मला उमरे, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा, सदस्य नमिताब जैन, भागचंद गिड़िया, राजेश यादव, आशीष सुरे, प्राध्यापक, स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉ. अतुल मनोहर देशकर एवं डॉ. प्रकाश खूंटे ने सीपीआर तकनीक की महत्ता पर प्रकाश डाला और केवल-संपीड़न सीपीआर का लाइव प्रदर्शन किया। छात्रों को कार्डियक अरेस्ट की पहचान, त्वरित सहायता के सही कदम और प्राथमिक उपचार की जानकारी व्यावहारिक रूप से दी गई। साथ ही, ‘नींद, आहार और योग के माध्यम से जीवनशैली में बदलाव’ विषय पर भी जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
प्राचार्य निर्मला उमरे ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं में आपातकालीन स्थितियों में जीवन बचाने की जागरूकता बढ़ेगी। जनभागीदारी समिति अध्यक्ष रवि सिन्हा ने महाविद्यालय की इस पहल को स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी एस आर कन्नौज ने किया। आभार प्रदर्शन जनभागीदारी समिति के प्रभारी प्रोफेसर अनिल चंद्रवंशी ने किया।




