
Rajnandgaon : शासकीय सेवकों के हितों पर विस्तार से चर्चा, मांगों को रखा गया सामने…
राजनांदगांव . छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी के नेतृत्व में राज्य के मुख्य सचिव विकासशील से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने सचिव से शासकीय सेवकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन के प्रांतीय प्रमुख महामंत्री सतीश ब्यौहरे, जिला संरक्षक मुकुल साव, जिला अध्यक्ष पीआर झाड़े, सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना, चार स्तरीय समयमान वेतनमान, तथा ओपीएस योजना को नवंबर 2012 से प्रभावशील करने संबंधी मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सहायक शिक्षक संवर्ग को अन्य शासकीय सेवकों के समान त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान देने, सभी शिक्षक संवर्ग को समयबद्ध पदोन्नति, वेतनमान और सेजस स्कूलों में प्रतिनियुक्त शिक्षकों को कोषालय से वेतन भुगतान जैसी मांगें रखी गई। साथ ही सेवाकालीन सुविधाओं एवं अंतिम स्वत्व भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने का आग्रह भी किया गया।
प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी ने बताया कि मुख्य सचिव ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और राज्य शासन की मंशा के अनुरूप शासकीय सेवकों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। बैठक में उप-प्रांताध्यक्ष पवन सिंह, बालोद जिला अध्यक्ष राधेश्याम साहू (प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी महासभा), रायपुर जिला अध्यक्ष देवमणि साहू, जिला सचिव नीलम सोनी और मनसुख दास साहू शामिल थे।


