छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

एक भारत, आत्मनिर्भर भारत से सशक्त होगा देश- संतोष पांडे


सरदार पटेल की 150वीं जयंती: यूनिटी मार्च निकालेगी भाजपा
राजनांदगांव। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी ने पुरे राजनांदगांव लोकसभा में यूनिटी मार्च निकालने की एक बड़ी योजना बनाई है। इस मौके पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले सरदार पटेल यूनिटी मार्च के दौरान अनेक प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं, सफाई अभियान और अन्य सेवा कार्य किए जाएंगे। गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में इस कार्यक्रम को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिसमें सांसद संतोष पांडेय ने बताया कि सरकार के द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती देश भर में यूनिटी मार्च के रूप में मनाई जा रही है। इस मौके पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक लगभग महीने भर कार्यक्रम आयोजित होंगे। सांसद ने कहा कि यूनिटी मार्च सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर होने वाला एक राष्ट्रव्यापी जन अभियान है। सरदार पटेल का दृढ नेतृत्व, कूटनीतिक कौशल और राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है। सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर निकाली जाने वाली यह यूनिटी मार्च उनकी अमर विरासत को समर्पित है। यह यात्रा सरदार पटेल के एकीकृत भारत के दृष्टिकोण को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के मिशन से जोड़ते हुए जनभागीदारी से एक राष्ट्रीय अभियान बनाएगी। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में जिला और लोकसभा स्तर पर होने वाले कार्यक्रम के अंतर्गत नांदगांव लोकसभा क्षेत्र में तीन दिवसीय पदयात्रा होगी। प्रत्येक दिन 8 से 10 किलोमीटर की यात्रा होगी जिसमें स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। श्री पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प सिर्फ एक संकल्प नहीं, बल्कि देश भक्ति की अभिव्यक्ति भी है। मोदी जी के इस मूलमंत्र को अपना कर पार्टी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान शुरू किया है। यह अभियान 25 सितंबर पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती से प्रारम्भ हुआ है और 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ निर्माता, भारत रत्न श्रद्धेय अटल जी की जयंती तक यह चलेगा। उन्होंने कहा कि हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी की भावना के साथ इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन और आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा जैसी कई गतिविधियों की योजना बनाई गई है। इस अभियान का उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को हर भारतीय तक पहुंचाना है। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, योगेश दत्त मिश्रा, महामंत्री सौरभ कोठारी, तरुण लहरवानी, मनोज निर्वाणी, बंटी लाल सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
जीएसटी सुधार से चमका बाजार
सांसद संतोष पांडे ने इस मौके पर जीएसटी
 सुधार पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि नया जीएसटी टैरिफ लागू होने के बाद मैं स्वयं बाजारों में जा रहा हूं। जिस तरह का उत्साह हमें देखने को बाज़ारों में मिल रहा है, वह अद्भुत है। बाजार भ्रमण के दौरान मैंने देखा कि लोगों में जीएसटी 2.0 और स्वदेशी उत्पादों को लेकर विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि बाज़ार भ्रमण के दौरान हमने व्यवसायी बंधुओं से भेंट कर उन्हें भी स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का लिए प्रेरित किया, सभी आज इस बात पर एकमत हैं कि हम स्वदेश निर्मित उत्पादों से आत्मनिर्भर होकर विकसित भारत का स्वप्न साकार करेंगे।
इस उत्सव को यादगार बनाएगी भाजपा -यशवंत जैन
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने पत्रकावार्ता में बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वी जयंती पर पूरे प्रदेश एवं देश में 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक यूनिटी मार्च के माध्यम से पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं जनप्रतिनिधियों के साथ – साथ संबंधित क्षेत्र के लोकसभा सांसद एवं प्रभारी मंत्री भी शामिल होंगे । एक दिन में पदयात्रा 8 से 10 किलोमीटर चलेगी । इस पदयात्रा में सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा और खासकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और उन्हें सरदार वल्लभभाई पटेल के मूलभूत सिद्धांतों को समझाया जाएगा, जिससे युवाओं को उनके रास्ते पर चलने की प्रेरणा प्राप्त हो । पदयात्रा में सेवा के कार्य भी किए जाएंगे नशा मुक्ति एवं स्वदेशी अपनाने का आह्वान भी किया जाएगा  यशवंत जैन ने बताया की सरदार वल्लभभाई पटेल के अखंड भारत अभियान को स्कूल कॉलेज में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक जिले के पांच पांच युवा एकत्र होकर नागपुर जाएंगे, यहां से यह काफिला सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मस्थली तक जाएगा। श्री जैन ने कहा कि प्रदेश के सभी स्कूलों, कालेजों के युवाओं को इससे जोड़ने के लिए जागरूकता एवं युवा संपर्क अभियान, शैक्षणिक सस्थानों में एक भारत- श्रेष्ठ भारत, सरदार पटेल के जीवन से जुडे निबंध, वाद- विवाद प्रतियोगिताएं सहित सरदार पटेल के जीवन पर आधारित संगोष्ठियों का आयोजन होगा।