
राजनांदगांव : गुरु घासीदास पर आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन…
राजनांदगांव . संत गुरु बाबा घासीदास के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को सतनामी समाज ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। सामाजिक भवन में एकत्रित होकर समाज के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और एसपी के नाम पर ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में यह आरोप लगाया गया है कि विजय राजपूत सिंधी और आदेश सोनी ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सतनामी समाज के खिलाफ अनर्गल और आपत्तिजनक बयान दिए हैं, जो समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह बयान समाज की गरिमा को आहत करने वाले हैं, और ऐसे बयान देने वालों पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में शामिल समाज के नेताओं ने यह भी कहा कि सतनामी समाज का इतिहास रहा है कि उसने गौ हत्या, बलि प्रथा जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ हमेशा आवाज उठाई है। समाज के सदस्य मानते हैं कि इस तरह के बयान समाज को बांटने और उसकी एकता को कमजोर करने के उद्देश्य से दिए गए हैं।
प्रदर्शन में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज और राजनांदगांव जिला सतनामी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में एसपी ऑफिस तक रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
इस प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष युवराज, पूर्व विधायक रामजी भारती, पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज लाल बांधव, गुलाब चंदेल, नरेंद्र राय, पंचराम चंदेल, दिनेश जांगड़े, हरीश सोनकर, कमलेश संडे, प्रतिमा बंजारे सहित सैकड़ों समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।


