
सांसद का नाम और फोटो आमंत्रण से गायब!—प्रोटोकॉल की अनदेखी पर उठे सवाल
कडुवाघूंट
राजनांदगांव।
जिले में आयोजित होने जा रहे ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ और ‘उद्यमी मल्टीस्पेशलिटी आई केयर इंस्टिट्यूट’ के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस भव्य आयोजन के आमंत्रण पत्र और स्वागत बैनर से राजनांदगांव-कवर्धा सांसद संतोष पांडेय का नाम और फोटो गायब रहने को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

सांसद श्री पांडेय न केवल दो बार से लगातार लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, बल्कि प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग के भी प्रमुख हैं। ऐसे में उनके नाम का आमंत्रण से नदारद रहना कई लोगों को खटका। सूत्रों के अनुसार, सांसद संतोष पांडेय फिलहाल बिहार चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और संभवतः इसी वजह से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रह पाएंगे।
लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि — “क्या अनुपस्थित रहने की स्थिति में भी प्रोटोकॉल के अनुसार सांसद का नाम आमंत्रण सूची में होना आवश्यक नहीं था?”
दरअसल, कई सरकारी और राजनीतिक आयोजनों में यह परंपरा रही है कि चाहे संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहें या न रहें, उन्हें आमंत्रण पत्र में स्थान अवश्य दिया जाता है।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि जिला प्रशासन ने यह निर्णय “ऊपरी आदेश” पर लिया या फिर यह अनदेखी जानबूझकर की गई — इस पर अब सवाल उठ रहे हैं। समूचा जिम्मा जिला प्रशासन पर आ गया है, क्योंकि कार्यक्रम की छपाई और प्रोटोकॉल व्यवस्था प्रशासन के माध्यम से ही की जाती है।
कई भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की है। उनका कहना है कि “भाजपा के ही कार्यक्रम में पार्टी के सांसद का नाम गायब रहना उचित नहीं है, जबकि कई बार कांग्रेस विधायकों के नाम भाजपा आयोजनों में आमंत्रण में शामिल किए जाते हैं।”
फिलहाल, इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
कार्यक्रम 5 नवंबर 2025 को दोपहर 2 बजे स्टेट स्कूल मैदान, राजनांदगांव में आयोजित होगा, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष सहित अनेक मंत्री और गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।




