
Rajnandgaon : ऐतिहासिक भूमि पर मिट्टी माफिया द्वारा अवैध कब्ज़ा और उत्खनन, आरोपी फरार…
राजनांदगांव, वैष्णव राजा द्वारा दान में दी गई राजगामी की ऐतिहासिक भूमि पर मिट्टी माफिया द्वारा अवैध कब्ज़ा और उत्खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर कांग्रेस नेता ऋषि शास्त्री मौके पर पहुंचे। निरीक्षण में पाया करीब 500 से अधिक ट्रिप मिट्टी अवैध रूप से निकाली गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले शिकायत पर निगम और पुलिस पहुंची थी। छापेमारी के दौरान वाहन छोड़कर आरोपी फरार हो गए। लंबे समय से जेसीबी हाइवा और ट्रैक्टर से अवैध खुदाई पर आज तक कार्रवाई नहीं हुई।
शास्त्री, प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा, युवा नेता संदीप सोनी, राहुल साहू प्रतिनिधि मंडल ने राजगामी के सीईओ एवं एडिशनल कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा को लिखित शिकायत सौंप कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शास्त्री ने कहा वैष्णव राजा द्वारा जनहित में दान की गई भूमि पर अवैध कब्ज़ा और मिट्टी चोरी न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और इतिहास पर सीधा प्रहार है।
प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन करेंगे। दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा, युवा नेता संदीप सोनी ने कहा दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। अवैध खुदाई में प्रयुक्त वाहनों को राजसात करें भूमि को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान राहुल साहू, उमाशंकर सारथी, दिनेश मेश्राम, अशोक सोनकर, उमेश मेश्राम, गौकरण यादव, सुनील यादव, प्रेमु निषाद आदि मौजूद थे।






