
CG : धान खरीदी हुई और आसान, तुंहर टोकन ऐप अब 24 घंटे…
रायपुर । आज सुबह सीएम साय ने सोशल मीडिया में किसानों के लिए अहम जानकारी साझा कर बताया कि तुंहर टोकन ऐप अब 24×7- इससे धान खरीदी और आसान हो गई है, धान खरीदी को और अधिक सरल तथा सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। किसानों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए “तुंहर टोकन ऐप” को अब पूरे 24 घंटे उपलब्ध करा दिया गया है। अब टोकन बुक करने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता नहीं रहेगी। किसान अपनी सुविधा के अनुसार दिन हो या रात जब चाहें, उसी समय टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
इस निर्णय से किसानों को आगामी 20 दिनों तक, अर्थात 13 जनवरी तक, अग्रिम टोकन लेने की सुविधा मिलेगी, जिससे धान विक्रय की योजना बनाना और भी सरल हो जाएगा। इससे भीड़, तकनीकी दबाव और समय की चिंता से भी किसानों को राहत मिलेगी। साथ ही, 2 एकड़ और उससे कम रकबा वाले किसानों के लिए टोकन लेने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जनवरी कर दी गई है। यह कदम छोटे एवं लघु किसानों को वास्तविक सहूलियत देने और उनकी आवश्यकताओं का सम्मान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह निर्णय किसानों के हितों को केंद्र में रखकर, पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक व्यवस्था के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है।






