
राजनांदगांव : जिले में अवैध धान की बिक्री रोकने के लिए कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई…
राजनांदगांव जिले में अवैध धान की बिक्री रोकने के लिए कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में, राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के संयुक्त दल ने शनिवार कुल 4 प्रकरणों में 75 लाख 37 हजार 960 रुपये मूल्य का 2431.60 क्विंटल (6079 बोरा) अवैध धान जब्त किया।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 174 प्रकरणों में 7 करोड़ 48 लाख 63 हजार 326 रुपये मूल्य का 24149.46 क्विंटल (60374 बोरा) अवैध धान और 17 वाहन जब्त किए गए हैं।
राजनांदगांव में 4749 बोरे धान बरामद
आज की कार्रवाई में, राजनांदगांव अनुविभाग में 2 प्रकरणों में 58 लाख 88 हजार 760 रुपये मूल्य का 1899.60 क्विंटल (4749 बोरा) अवैध धान जब्त हुआ। डोंगरगांव में 1 प्रकरण में 16 लाख 5 हजार 800 रुपये मूल्य का 518 क्विंटल (1295 बोरा) अवैध धान और डोंगरगढ़ अनुविभाग में 1 प्रकरण में 43 हजार 400 रुपये मूल्य का 14 क्विंटल (35 बोरा) अवैध धान जब्त किया गया।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक के कुल आंकड़ों के अनुसार, राजनांदगांव अनुविभाग में 77 प्रकरणों में 4 करोड़ 46 लाख 2 हजार 800 रुपये मूल्य का 14388 क्विंटल (35970 बोरा) अवैध धान और 7 वाहन जब्त किए गए हैं।
डोंगरगढ़ अनुविभाग में 47 प्रकरणों में 1 करोड़ 32 लाख 16 हजार 106 रुपये मूल्य का 4263.26 क्विंटल (10658 बोरा) अवैध धान और 2 वाहन जब्त हुए हैं। इसी तरह, डोंगरगांव अनुविभाग में 50 प्रकरणों में 1 करोड़ 70 लाख 44 हजार 420 रुपये मूल्य का 5498.20 क्विंटल (13746 बोरा) अवैध धान और 8 वाहन जब्त किए गए हैं।
प्रशासन की कोचियों और बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई जारी
जिले में कोचियों और बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई जारी है। जिले के 1500 छोटे और बड़े मंडी अनुज्ञप्तिधारियों को सूचीबद्ध कर अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, खाद्य और मंडी अधिकारियों को जांच के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अंतर्राज्यीय अवैध धान की आवक रोकने के लिए बोरतलाब, पाटेकोहरा और कल्लूबंजारी में कुल 3 अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट भी स्थापित किए गए हैं।



