
Rajnandgaon: राजधानी से पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम, पारस दाल मिल एवं रॉनक इंटरप्राइजेंस में दबीश…
470 किलो पनीर जप्त कर किया गया नष्ट
राजनांदगांव। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के रौनक एंटरप्राइजेज में छापा मारकर लगभग 470 किलो नकली पनीर जप्त किया, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आज रायपुर से खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीम राजनांदगांव पहुंची और रौनक एंटरप्राइजेज में दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि पनीर तय मानकों के अनुरूप नहीं था और उसके नकली तरीके से तैयार किए जाने की आशंका है। जनस्वास्थ्य को देखते हुए जप्त पनीर को तत्काल नष्ट कराया गया।
सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे
छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान में रखी पनीर को भी जप्त किया गया। अधिकारियों ने मिठाइयों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई जारी
रौनक एंटरप्राइजेज के बाद विभाग की टीम ने पारस दाल मिल ममता नगर एवं गोपाल एगो रीवागहन में भी जांच शुरू की। समाचार लिखे जाने तक इन प्रतिष्ठानों में कार्रवाई जारी थी।
विभाग सख्त, मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनता के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावट या नकली खाद्य सामग्री पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें।
इस कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में और भी छापेमारी की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढे : राजनांदगांव : बाबा गुरू घासीदास जी ने समाज को दिखाई एक नई राह : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह



