
राजनांदगांव : शहर के हृदय स्थल मानव मंदिर चौक में फिर हुई चोरी, चोरों के हौसले बुलंद
राजनांदगांव। शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले मानव मंदिर चौक में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बीते कुछ समय पहले इसी क्षेत्र में दो-तीन स्थानों पर चोरी की घटनाएं हो चुकी थीं और अब एक बार फिर चोरों ने मानव मंदिर चौक स्थित गणेश मेडिकल को निशाना बनाते हुए दुकान का गला साफ कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान में घुसकर नकदी सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया। सुबह दुकान खुलने पर चोरी की जानकारी सामने आई, जिससे व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पुलिस गश्त पर सवाल, चोर शहर के बीचों-बीच सक्रिय सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब शहर के चौक-चौराहों पर पुलिस की लगातार मौजूदगी और गश्त के दावे किए जा रहे हैं, तो फिर शहर के हृदय स्थल में इस तरह की चोरी कैसे हो रही है? स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस कथित तौर पर चेकिंग और निगरानी में व्यस्त नजर आती है, लेकिन चोर अब पुलिस से एक कदम आगे निकल चुके हैं।

सोशल मीडिया पर दिखावा, ज़मीनी हकीकत कुछ और
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस अधिकतर समय फेसबुक और व्हाट्सएप पर वीडियो और तस्वीरें डालकर यह दिखाने में लगी रहती है कि पूरे शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर हर गाड़ी की जांच और शहर की चौकसी के दावे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर चोरी जैसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

व्यापारियों में भय और आक्रोश
मानव मंदिर चौक जैसे व्यस्त इलाके में बार-बार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि यदि शहर के केंद्र में ही दुकानों की सुरक्षा नहीं है, तो बाकी इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

प्रशासन की परीक्षा
लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस ताजा घटना को कितनी गंभीरता से लेती है और क्या चोरों पर समय रहते शिकंजा कस पाता है या फिर शहर के हृदय स्थल में चोरी की घटनाएं यूं ही जारी रहेंगी।






