छत्तीसगढ़बालोद जिलारायगढ जिला

CG : सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत…

बालोद/रायगढ़, छत्तीसगढ़ में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। एक हादसा बालोद जिले में हुआ, जबकि दो अन्य घटनाएं रायगढ़ जिले से सामने आई हैं। इन हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बालोद में हाइवा की टक्कर से युवक की मौत पहली घटना बालोद जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र की है। राजनांदगांव–बालोद मुख्य मार्ग पर दाउ पारा स्थित निर्मल किराना दुकान के सामने सोमवार शाम करीब 4 बजे रेत से भरे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बोरगहन निवासी राजा गौठिया (27 वर्ष) के रूप में हुई है। राजा के पिता रमेश गौठिया जल संसाधन विभाग में नहर पटवारी के पद पर पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि राजा अर्जुन्दा के दाउ पारा की ओर से आ रहा था, तभी सामने से आ रहे हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को अर्जुन्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस हाइवा चालक की तलाश में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग हादसे दूसरी और तीसरी घटनाएं रायगढ़ जिले से सामने आई हैं, जहां दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की जान चली गई। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर पहली घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है। सोमवार रात करीब 9 बजे गौरीमुड़ी चौक स्थित सब स्टेशन के पास एक अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान सराईपाली के ग्राम डारआमा निवासी अमरनाथ धनवार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। अमरनाथ धनवार नव दुर्गा फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। वह रात में काम खत्म कर अपने गांव लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अमरनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुसौर थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार की मौत रायगढ़ जिले की दूसरी घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। सोमवार रात पुसल्दा मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान रनभाठा निवासी नीलसागर यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नीलसागर यादव रात का खाना खाने के बाद स्कूटी से कोड़ातराई काम पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि नीलसागर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी वाहन चालक की पहचान में जुटी हुई है।

सड़क सुरक्षा पर फिर सवाल लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार, भारी वाहनों की लापरवाही और अज्ञात वाहन चालकों की मनमानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वाहन या दुर्घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.