
Rajnandgaon : धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण के दौरान किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए…
राजनांदगांव, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व मंगलवार को कन्हारपुरी, मोहारा, सुरगी और भर्रेगांव धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। किसानों ने मुदलियार को नापतौल में गड़बड़ी की बात कही। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिनका टोकन जारी हो चुका है, जिन्होंने धान नहीं बेचा है, उन्हें धान बेचने में दिक्कत आ रही है।
पूर्व में पटवारियों के द्वारा रकबा समर्पण और अब खरीदी केंद्रों में कट्टा समर्पण के लिए किसानों को कहा जा रहा है, जिस पर मुदलियार ने प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी प्रकार का समर्पण किसानों से न कराया जाए। प्रबंधकों ने मुदलियार को बताया कि उठाव कम होने के कारण धान खरीदी में दिक्कत आ रहा है, तत्काल मुदलियार ने खाद्य अधिकारी से बात कर व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए चर्चा की।
किसानों ने बताया कि पहले 10 एकड़ में 3 टोकन मिलता था, अब 2 ही टोकन मिल रहा है, जिसको लेकर किसानों में संशय की स्थिति बनी हुई है। किसानों को वारिसयान पंजीयन, रकबा संशोधन को लेकर दर-दर भटकना पड़ रहा है। इन सब समस्याओं को किसानों ने जितेन्द्र मुदलियार को अवगत कराया। इस दौरान पूर्व महापौर हेमा देशमुख, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, मामराज अग्रवाल, अशोक पंजवानी, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, रोहित चंद्राकर, मुकेश साहू, युवराज भारती, अवेधश प्रजापति, महेश साहू आदि मौजूद रहे।






