
PM Modi ने Veer Bal Diwas: Gen Z और Gen Alpha ही बनाएंगे विकसित भारत, युवाओं से किया नेतृत्व का आह्वान
Veer Bal Diwas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों वीर साहिबजादा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान को नमन किया। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि देश का भविष्य आज की युवा पीढ़ी के हाथों में है और उन्हें Gen Z और Gen Alpha की क्षमता पर पूरा भरोसा है।
Gen Z पर भरोसा, विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि Gen Z और Gen Alpha ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य तक पहुंचाएंगी। उन्होंने युवाओं के आत्मविश्वास, योग्यता और सोच की सराहना करते हुए कहा कि वे उनकी क्षमताओं को समझते हैं और इसलिए उन पर विश्वास करते हैं। पीएम मोदी ने युवाओं से आगे आकर नेतृत्व करने और देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
छोटी उम्र में बड़ी सोच और बड़े काम
संस्कृत के एक श्लोक का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कोई बच्चा ज्ञान की बात करता है, तो उसे गंभीरता से अपनाना चाहिए। उन्होंने कम उम्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं की तारीफ की और कहा कि आप छोटी उम्र में बड़े काम कर सकते हैं—और कर भी रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपने सपनों को ऊंची उड़ान देने और मजबूत संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
अब सपने देखने का हौसला है
पीएम मोदी ने कहा कि पहले समय में युवा सपने देखने से डरते थे क्योंकि व्यवस्था निराशा से भरी हुई थी। लेकिन आज भारत प्रतिभा को पहचानने वाला देश बन चुका है। इंटरनेट, स्टार्टअप इंडिया, स्किल डेवलपमेंट जैसे प्लेटफॉर्म और 140 करोड़ नागरिकों की ताकत युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दे रही है।
नई शिक्षा नीति और नवाचार पर जोर
प्रधानमंत्री का खास फोकस नई शिक्षा नीति (NEP) पर रहा। उन्होंने बताया कि NEP रटने वाली पढ़ाई के बजाय व्यावहारिक शिक्षा, आलोचनात्मक सोच और सवाल पूछने की आदत को बढ़ावा देती है। उन्होंने अटल टिंकरिंग लैब्स की सराहना करते हुए कहा कि इससे इनोवेशन, डिजाइन थिंकिंग और नई सोच को मजबूती मिल रही है।
मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की सीख
वीर साहिबजादा जोरावर सिंह के साहस और समझ का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने युवाओं को सलाह दी कि अपनी सोच साफ रखें, सिद्धांतों पर टिके रहें और दिखावे या तात्कालिक लोकप्रियता के पीछे न भागें। उन्होंने आदर्शों और महान व्यक्तित्वों से सीख लेने की बात कही।
युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत सफलता का उद्देश्य दूसरों को प्रेरित करना होना चाहिए। उन्होंने स्किल डेवलपमेंट, इंटर्नशिप, खेल प्रोत्साहन, फिनटेक, मैन्युफैक्चरिंग और युवा भारत प्लेटफॉर्म जैसी पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि हर सेक्टर में नए अवसर बन रहे हैं। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।