Smriti Mandhana: स्मृति मंधाना ने रचा करिश्मा, सबसे कम पारियों में 10,000 इंटरनेशनल रन पूरे कर बनाया महारिकॉर्ड
Smriti Mandhana 10000 International Runs: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए चौथे T20I मुकाबले में जैसे ही उन्होंने 27 रन पूरे किए, वैसे ही उनका नाम महिला क्रिकेट के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गया। इस पारी के साथ ही स्मृति ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 10,000 रन पूरे कर लिए। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ स्मृति मंधाना मिताली राज के बाद 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इतना ही नहीं, पूरी दुनिया में अब तक केवल चार महिला बल्लेबाजों ने यह कारनामा किया है।
ग्रीनफील्ड स्टेडियम में बना इतिहास
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टी20 मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। इसके बाद भारत की सलामी जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में पारी की शुरुआत की। जैसे ही मंधाना ने अपनी पारी का 27वां रन पूरा किया, पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। Smriti Mandhana 10000 International Runs यही वह पल था, जब स्मृति महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाली दुनिया की चौथी खिलाड़ी बन गईं।
10 हजार रन बनाने वाली दिग्गज महिला क्रिकेटर्स
स्मृति मंधाना से पहले यह उपलब्धि सिर्फ तीन महान खिलाड़ियों ने हासिल की थी:
- मिताली राज (भारत) – 10,868 रन
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 343 पारियों में 10,652 रन
- चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) – 10,273 रन
भारत के लिए गर्व की बात यह है कि स्मृति मंधाना ने केवल 280 पारियों में यह मुकाम हासिल कर लिया, जो उनकी निरंतरता और क्लास को साफ तौर पर दर्शाता है। खबर लिखे जाने तक स्मृति मंधाना के नाम 10,007 इंटरनेशनल रन दर्ज हो चुके हैं और आने वाले समय में यह आंकड़ा और भी आगे जाने की पूरी उम्मीद है।
भारतीय महिला क्रिकेट का चमकता सितारा
स्मृति मंधाना न सिर्फ भारतीय टीम की रीढ़ हैं, बल्कि वह आज की पीढ़ी की क्रिकेटर्स के लिए एक प्रेरणा भी बन चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि भारतीय महिला क्रिकेट को वैश्विक मंच पर और मजबूत पहचान दिलाती है।






