छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG Accident: पूर्णिमा स्नान – अमरकंटक जा रही कार पेड़ से टकराई, दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन गंभीर

बिलासपुर। पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार बेलगहना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भसको के पास अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और सीधे पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रायपुर से निकले थे श्रद्धालु

बेलगहना चौकी से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के खम्हारडीह थाना अंतर्गत कचना निवासी रामकुमार धीवर (45) अपने साथियों निलेश्वर धीवर (38), सुखसागर मानिकपुरी (39), अमित चंद्रवंशी और राजकुमार साहू के साथ कार से अमरकंटक के लिए रवाना हुए थे। कार निलेश्वर धीवर चला रहा था।

सुबह करीब 9 बजे जब वाहन ग्राम भसको के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार के कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई।

मौके पर एक की मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम

हादसे में रामकुमार धीवर और राजकुमार साहू को गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही रामकुमार धीवर की मौत हो गई। पुलिस द्वारा घायलों को अस्पताल ले जाते समय राजकुमार साहू ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, परिजनों के पहुंचने के बाद रतनपुर में पीएम कराया गया।

दो घंटे तक कार में फंसा रहा शव

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह पिचक गई। रामकुमार धीवर का शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।

ये लोग हुए गंभीर रूप से घायल

हादसे में घायल हुए लोगों में—

  • निलेश्वर धीवर (38), निवासी दलदल सिवनी, रायपुर
  • सुखसागर मानिकपुरी (39), निवासी मजेठा, आरंग
  • अमित चंद्रवंशी (39), निवासी दलदल सिवनी, मोवा रायपुर

शामिल हैं। चालक निलेश्वर धीवर के दोनों पैर टूटकर कार में फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढे़ : छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता- मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा – बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi