छत्तीसगढ़धर्म-कर्मराजनांदगांव जिला

आचार्य पं. अनिल कृष्ण तिवारी के मुखारबिंद से आरगांव के शिवधाम में बहेगी शिव महापुराण की ज्ञान गंगा,

राजनांदगांव। जिले के ग्राम आरगांव स्थित ‘शिवधाम’ की पावन धरा पर सोमवार 12 जनवरी से संगीतमय शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। समस्त महिला समूह एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 19 जनवरी तक चलेगा। कथा में सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पं. अनिल कृष्ण तिवारी महाराज (अरजकुण्ड वाले) भक्तों को शिव भक्ति का अमृत पान कराएंगे।

० कलश यात्रा के साथ होगा श्रीगणेश

कथा के प्रथम दिन 12 जनवरी को प्रात: काल भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। जिसके पश्चात वेदी पूजन और कथा महात्म्य का वर्णन होगा। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से ‘शिव इच्छा’ तक कथा का प्रवाह चलेगा। आचार्य श्री के साथ परायणकर्ता के रूप में पं. अंचल तिवारी (पोथी) और पं. कान्हा तिवारी (माला) भी उपस्थित रहेंगे। शिव महापुराण के दौरान महादेव के विभिन्न स्वरूपों और लीलाओं का विस्तार से वर्णन होगा। प्रमुख प्रसंगों में 13 जनवरी को शिवलिंग उत्पत्ति एवं नारद मोह, 14 को सृष्टि वर्णन एवं रुद्राक्ष महोत्सव, 15 को शिव-पार्वती विवाह एवं ताडक़ासुर वध, 16 को श्रीगणेश एवं कार्तिकेय जन्म कथा, 18 को द्वादश ज्योतिर्लिंग कथा एवं भव्य शोभायात्रा एवं 19 जनवरी को पूर्णाहूति एवं विशाल महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।

० श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

आयोजक समिति और समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार कथा में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। समिति ने बताया कि जिन भक्तों पर शिव कृपा हुई हो, वे अपना ‘मनोकामना पत्र’ व्यास पीठ पर अर्पित कर सकते हैं। इस पावन आयोजन को लेकर आरगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Related Articles

Back to top button
ऐप पर पढ़ें