
CG News: सड़क हादसा, गैस सिलेंडर लोड ट्रक से टकराई बाइक, एक युवक की मौत
बलौदाबाजार।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। HP गैस सिलेंडर से लदे ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लवन थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीडीह के पास हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही लवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से कसडोल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि घरेलू HP गैस सिलेंडर से लदा ट्रक कसडोल की ओर जा रहा था, इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
लवन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है
यह भी पढे़ : Rajnandgaon: परिवहन विभाग ने किया स्कूली बसों का फिटनेस जांच, दो बसों पर हुई कार्रवाई






