संवाद की क्षमता किशोरों के भविष्य निर्माण में सहायक : कलेक्टर
– कलेक्टर संवाद संस्कार विषय पर आयोजित कार्यशाला में हुए शामिल
– किशोरावस्था के दौरान शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अभिभावकों की सकारात्मक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने कार्यशाला संपन्न
राजनांदगांव 23 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की उपस्थिति में किशोरावस्था के दौरान शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अभिभावकों की सकारात्मक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में संवाद संस्कार विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने सकारात्मक पेरेंटिंग एवं सशक्त युवा विषय पर कार्यशाला को संबोधित किया।
गांधी की आड़ लेकर रामजी के विरोध में उतरी कांग्रेस: जगन्नाथ पणिग्रही
उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से अभिभावकों की समझ विकसित होगी। जिसका लाभ आने वाले वर्षों में दिखेगा और संवाद की क्षमता किशोरों के भविष्य निर्माण में सहायक होगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि युवा सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है।
अलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के राज्य नोडल प्रभारी एवं सर्वहितम के अध्यक्ष श्री मनीष सिंह ने किशोरावस्था के चार आयाम अधिकार, कर्तव्य, सहभागिता और अवलोकन पर बात की। उन्होंने कहा कि विद्यालय, परिवार और समुदाय के बीच समन्वय से ही बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा सकता है। यूनिसेफ के राज्य एसबीसी कंसल्टेंट श्री चंदन कुमार ने किशोरों के समग्र विकास में परिवार एवं समुदाय की भूमिका के संबंध में जानकारी दी। कार्यशाला में पढ़ाई का कोना एवं आज क्या सीखा गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला में यूनिसेफ डीसी सुश्री दिव्या राजपूत, स्टेट कॉर्डिनेटर श्री राघवेन्द्र सिंह सहित शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, एनएसएस, माई भारत एवं युवोदय स्वयंसेवक की सक्रिय सहभागिता रही।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26
– जिले में धान की खरीदी अभियान से किसानों में हर्ष का माहौल
– अब तक जिले में 116456 पंजीकृत किसानों से 1378 करोड़ 83 लाख 24 हजार रूपए मूल्य का 5808033.20 क्विंटल धान की खरीदी
– अब तक धान उपार्जन केन्द्रों से 1768631.80 क्विंटल धान का उठाव
राजनांदगांव 23 जनवरी 2026। जिले में धान खरीदी अभियान से किसानों में हर्ष का माहौल है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान खरीदी महाभियान के तहत शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी सुचारू संचालन के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है।
धान खरीदी कार्य के लिए इलेक्ट्रानिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाईस मशीन, श्रमिक एवं अन्य व्यवस्था की गई है। आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान का परीक्षण किया जा रहा है। जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर एवं सूची व फ्लैक्स लगाए गए है। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। धान बिक्री के लिए किसान टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे है। जिससे उनके समय की बचत हो रही है और उन्हें सुविधा मिल रही है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 116456 पंजीकृत किसानों से 1378 करोड़ 83 लाख 24 हजार रूपए मूल्य का 5808033.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। धान का उठाव भी लगातार जारी है। अब तक धान उपार्जन केन्द्रों से 1768631.80 क्विंटल धान का उठाव किया गया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित होने किसानों से ई-केवायसी, आधार सीडिंग एवं अन्य प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील
राजनांदगांव 23 जनवरी 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 22वीं किस्त की राशि का भुगतान माह फरवरी 2026 में किसानों के बैंक खाते में डीबीटी (आधार बेस्ड पेमेंट एनेबल) के माध्यम से किया जाएगा। योजना के तहत किसानों को हर 3 माह में 2000 रूपए, इस तरह प्रतिवर्ष कुल 6000 रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत ई-केवायसी 513, लैण्ड सीडिंग 87, आधार सीडिंग 1051 एवं सस्पेक्टेड केस में 1692 हितग्राहियों के लंबित प्रकरण है।
उन्होंने किसानों से नजदीकी लोक सेवा केन्द्र, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषक संगवारी के माध्यम से सस्पेक्टेड केस में लंबित प्रकरणों का भौतिक सत्यापन पूर्ण कराकर पीएम किसान वेबसाईट पर फार्मर कार्नर अंतर्गत नवीन विकल्प अपडेट मिसिंग इनफार्मेशन के माध्यम से निराकरण कराने तथा ई-केवायसी एवं आधार सीडिंग के लिए अपने संबंधित बैंक शाखा से संपर्क करने कहा है। उन्होंने निर्धारित प्रकिया पूर्ण कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त की राशि का लाभ लेने की अपील की है।






