
CG : शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में युवा उत्सव व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का हुआ आयोजन …
सूरजपुर/ शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में युवा उत्सव व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य अमित सिंह बनाफर ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठाकुर राजवाड़े, सदस्य, महाविद्यालयीन जनभागीदारी समिति, विशिष्ट अतिथि डॉ. रवींद्र तिग्गा, उद्यानिकी कथा वानिकी महाविद्यालय सिलफिली एवं ललित कुमार भगत, कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग के अतिरिक्त शोभनाथ, राजेश कुशवाहा एवं विनोद साहा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृति की देवी माँ शारदा के छायाचित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से किए। इसके साथ ही पुष्पगुच्छ से स्वागत के पश्चात छात्राओं जैतुन निशा तथा नुसरत खातून ने अतिथियों के लिए स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं जैतून निशा, नुसरत खातून तथा ज्योति राजवाड़े ने छत्तीसगढ़ राजगीत ‘अरपा पैरी के धार’ के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुनीता ने तथा दूसरा स्थान विशाखा ने प्राप्त किया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में स्वाति मिंज, ज्योति राजवाड़े, रेशमा राजवाड़े, आरती राजवाड़े तथा भारती राजवाड़े के समूह ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों तथा अतिथियों का मन मोह लिया। वे समूह नृत्य प्रतियोगिता के विजेता रहे। मिर्जावती तथा उसके साथियों ने नशामुक्ति पर आधारित मनमोहक तथा मनोरंजन नाटक प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य अमित सिंह बनाफ़र ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि 2009 ई. से प्रारंभ महाविद्यालय ने कुल 11 छात्र-छात्राओं से अपनी यात्रा प्रारंभ की थी। आज महाविद्यालय में लगभग 300 से अधिक विद्यार्थी अध्यनरत हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं की पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा खेल गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह महाविद्यालय अन्य महाविद्यालयों की तुलना में अधिक संस्कृत है तथा भविष्य में उसके इसी तरह रहने की अपेक्षा है।
मुख्य अतिथि ठाकुर राजवाड़े ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरुक होना भी विद्यार्थियों के लिए जरूरी है। वर्तमान में संयुक्त परिवार टूट रहे हैं और उनके टूटने में मोबाइल की अहम भूमिका है। मोबाइल पर निर्भरता से बच्चों का कैरियर भी प्रभावित हो रहा है इसीलिए उन्हें उससे दूरी बनानी चाहिए अथवा उसका सही उपयोग करना चाहिए।
वर्तमान समय में पर्यावरण के प्रदूषित होते चले जाने से विकट परिस्थितियाँ पैदा हो रही हैं इसीलिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करना चाहिए तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थियों को स्व की पहचान होनी चाहिए। उसी से उनके जीवन जीवन का समुचित विकास हो सकेगा।
डॉ. रवींद्र तिग्गा ने कृषि कार्यों के द्वारा रोजगार प्राप्त करने के तरीके बताए। उन्होंने बताया कि सिलफिली सब्जी तथा फूलों के उत्पादन के लिए जाना जाता है। यहाँ हम गेंदे तथा गुलाब के अतिरिक्त अनेक दुर्लभ फूलों तथा सब्जियों का उत्पादन के द्वारा आर्थिक लाभ अर्जित कर सकते है। यहाँ ब्रोकली तथा मशरूम की विभिन्न प्रजातियों का उत्पादन हो सकता है।
ललित कुमार भगत ने रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। विनोद साहा, शोभनाथ, राजेश कुशवाहा तथा राहुल भगत ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के संचालक सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय कुमार तिवारी ने बताया कि लोक संस्कृति का बड़ा महत्त्व है। वर्तमान युवा पीढ़ी जितनी तेज गति से पाश्चात्य सभ्यता से प्रभावित हो रही है। लोक गीत लोक नृत्य तथा लोक परंपराओं का क्षरण निश्चित है इसीलिए महाविद्यालय के अधिकांश कार्यक्रम लोक परंपराओं तथा लोक संस्कृति पर आधारित होते हैं।
उन्होंने बताया कि वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में वर्ष भर की सांस्कृतिक-साहित्यिक तथा खेल संबंधी सभी गतिविधियों के लिए छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाता है। पुरस्कार वितरण प्रारंभ होने से पूर्व अतिथियों के आग्रह पर श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पुनः प्रस्तुत किया गया। जिसमें स्वाति मिंज ने भरधरी लोक गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जैतुन निशा तथा साथियों ने समूह गायन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सुनीता ने एकल नृत्य तथा ज्योति राजवाड़े और उनके साथियों ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को आनंद से भर दिया। अंत में भूतपूर्व छात्रा अंसा राजवाड़े ने मनमोहक नृत्य कर महाविद्यालय परिवार के प्रति भूतपूर्व छात्रों के लगाव को व्यक्त किया।
प्रस्तुतियों के पश्चात वर्ष भर की खेल तथा सांस्कृतिक-साहित्यिक गतिविधियों के अतिरिक्त युवा उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा उपविजेताओं को प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह एवं मेडल से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सत्र 2024-25 में स्रातक कला वाणिज्य तथा विज्ञान संकाय में सर्वश्रेष्ठ प्राप्तांक हेतु क्रमशः वर्षा राजवाड़े, आरती विश्वास तथा निक्की गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अजय कुमार तिवारी ने समस्त अतिथियों, अभिभावकों, भूतपूर्व छात्रों, वर्तमान छात्र-छात्राओं तथा आयोजन में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न करने में प्राध्यापक वर्ग से प्रेमलता एक्का, शालिनी शांता कुजूर, अंजना, आशीष कौशिक, अतिथि व्याख्याता जफ़ीर, डॉ अरुणा त्रिपाठी, सु करीना राठौर के साथ-साथ बिरेन्द्र प्रसाद सिन्हा, ताराचंद साहू, अशोक राजवाड़े, दिनेश, हेमंत तथा जय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अभिभावक गण तथा महाविद्यालय के भूतपूर्व छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।




