
CG: शादी समारोह बवाल ! नाराज बारातियों ने कर दिया जानलेवा हमला, 3 गिरफ्तार….
बेमेतरा 14 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के एक शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खाने में पापड़ और बड़ा को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। बताया जा रहा है कि थान खम्हरिया इलाके में शादी का जश्न उस वक्त एक्शन फिल्म में बदल गया, जब बारातियों के बार-बार मांगने पर भी उनकी थाली में पापड़ और बड़ा नज़र नहीं आया। स्वाद की तलाश में शुरू हुआ तकरार ऐसा बढ़ा कि मामला सीधे खून खराबे तक जा पहुंचा। पुलिस ने इस घटना पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम थान खम्हरिया थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि ग्राम करमू में 10 फरवरी को दिनेश निषाद के बड़े पिता की बेटी की शादी थी। परिवार ने बारातियों के स्वागत की पूरी तैयार कर रखी थी। तय समय पर बारात आई, ढोल-नगाड़े बजे, डीजे पर ठुमके लगे और फिर बारी आई सबसे अहम रस्म बारातियों के भोजन की। लेकिन जैसे ही थालियां सजीं, कुछ बारातियों ने भोजन में पापड़ और बड़ा नहीं मिलने की बात पर विवाद करने लगे।
बताया जा रहा है कि दुर्ग से आए अंश पासवान उर्फ धन, हरीश बाघ और लुपसिंह निषाद उर्फ नानु ने बार-बार पापड़ और बड़ा मांगा।लेकिन घरातियों ने उनकी मांग को नजर अंदाज कर दिया। इस बात को लेकर देखते ही देखते बहस ने ऐसा तड़का लगाया कि बात हाथापाई से आगे बढ़ गई। आरोप है कि गुस्साए युवकों ने धारदार हथियार से घराती पक्ष के भोला राम निषाद व गजानंद निषाद पर जानलेवा हमला कर दिया। शादी का पंडाल पल भर में रणभूमि बन गया। इस घटना में घायल दोनों लोगों को तुरंत सरकारी अस्पताल थान खम्हरिया ले जाया गया।
जहां से गजानंद निषाद की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर करना पड़ा। पूछताछ में लुपसिंह उर्फ नानु ने पुलिस को बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ बस से बारात में आए थे। खाने के दौरान पापड़-बड़ा की अनलिमिटेड स्कीम न मिलने पर गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हमला कर दिया। वारदात के बाद तीनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने इस घटना की रिपोर्ट पर तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Read Also: CG : शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में युवा उत्सव व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का हुआ आयोजन …



