छत्तीसगढ़रायगढ जिला

CG: फर्जी मार्कशीट से नौकरी पाने वाले दो गिरफ्तार – एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले – शासकीय भर्ती में जालसाजी बर्दाश्त नहीं…

रायगढ़। फर्जी अंकसूची में डाकपाल की नौकरी लगाने वाले दो आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भारतीय डाक विभाग भर्ती में फर्जी 10वीं की मार्कशीट अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन किये थे। तमिलनाडु शिक्षा बोर्ड ने जांच में अंकसूची को फर्जी घोषित किया, तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ। साथ ही मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वहीँ साजिशकर्ता फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। रायगढ़ पुलिस ने सक्ती जिले की एक महिला और युवक को गिरफ्तार किया है।

जानिए घटना

शिकायत के अनुसार जुलाई 2023 में भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाकसेवकों की ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया जारी की गई थी। इस भर्ती में जिला सक्ती के अभ्यर्थी नरेन्द्र कुमार पिता कांशी राम, निवासी बाजार पारा बड़े रबेली मालखरौदा, जिला सक्ती तथा सोनम साहू पति हरिश साहू, निवासी लंहगाडहर सरवानी बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा ने कक्षा 10वीं की अंकसूची अपलोड कर आवेदन किया था। अंकसूची के आधार पर दोनों का चयन क्रमशः रायगढ़ डाक संभाग अंतर्गत बर्रा व सुलेसा शाखा में डाकपाल पद पर हुआ था।

दस्तावेज सत्यापन के दौरान प्रस्तुत अंकसूचियों को संबंधित बोर्ड तमिलनाडु से सत्यापित कराया गया, जहां से प्राप्त रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि अंकसूचियां बोर्ड द्वारा जारी नहीं की गई हैं। चूंकि ग्रामीण डाकसेवकों की नियुक्ति कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर होती है, इस कारण फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने की पुष्टि हुई। अधीक्षक डाकघर रायगढ़ की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश व ASP अनिल सोनी के नेतृत्व में तत्काल कोतवाली पुलिस ने सक्ती से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली लाया और उनसे विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में बताया कि नौकरी की तलाश के दौरान उनकी पहचान कोरबा निवासी विनोद कुमार राठौर से हुई, जिसने नौकरी लगवाने के नाम पर तीन से साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की।

नरेन्द्र कुमार ने उसे 3,50,000 दिए, जबकि सोनम साहू ने नियुक्ति पश्चात राशि देने की बात कही थी। विनोद राठौर द्वारा उन्हें नकली मार्कशीट उपलब्ध कराई गई, जिसे जानते हुए भी दोनों ने ऑनलाइन आवेदन किया। सत्यापन में फर्जीवाड़ा उजागर होने पर उनकी नियुक्ति निरस्त कर दी गई।

पुलिस ने आरोपियों से फर्जी अंकसूचियां तथा वास्तविक शैक्षणिक दस्तावेज जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले का मुख्य साजिशकर्ता विनोद कुमार राठौर निवासी कोरबा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “शासकीय सेवाओं में नियुक्ति प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और नियमबद्ध होती है। फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर नौकरी प्राप्त करने का प्रयास न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों का भी हनन है। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य करेगी। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, जालसाजी या शासकीय प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

युवाओं से अपील है कि वे नौकरी के नाम पर दलालों एवं बिचौलियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”

गिरफ्तार आरोपी

  1. नरेन्द्र कुमार पिता स्व. कांशी राम चन्द्रा उम्र 33 साल निवासी बाजारपारा बडे रवेली थाना मालखरौदा जिला सक्ती (छ.ग.)
  2. सोनम साहू पति हरीश साहू उम्र 29 साल निवासी सरवानी थाना बाराद्वार जिला सक्ती (छ.ग.)

फरार – विनोद कुमार राठौर निवासी कोरबा

Read Also : CG CRIME : पत्नी से विवाद के बाद बेकाबू हुआ पति, बचाने आई माँ-बहन भी घायल

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi