
Rajnandgaon: बीमार बेटे की मौत की खबर सुन सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
डोंगरगढ़/भिलाई। एक मार्मिक घटना में बीमार बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता ने भी दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, भैंसरा निवासी 52 वर्षीय शिक्षक हीराराम उइके का पिछले एक महीने से भिलाई के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
जब बेटे के निधन की सूचना उनके 81 वर्षीय पिता, सेवानिवृत्त शिक्षक कार्तिक उइके को मिली, तो वे गहरे सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि खबर सुनने के कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
एक ही घर में पिता-पुत्र की मौत से परिवार और ग्रामीण स्तब्ध हैं। शुक्रवार को गांव के मुक्तिधाम में दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
परिवार में दिवंगत कार्तिक उइके के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनमें हीराराम उइके सबसे बड़े थे। हीराराम उइके के दो पुत्र हैं, जो दोनों एमबीबीएस डॉक्टर हैं।






