राजनांदगांव नगर निगम में हड़ताल समाप्त: दो माह का वेतन देने पर बनी सहमति, महापौर की पहल से निकला समाधान….
राजनांदगांव, 15 फरवरी। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा वेतन भुगतान की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से जारी हड़ताल आज सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाप्त हो गई। इस संबंध में महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम सभागृह में सफाई कर्मचारी संघ एवं कर्मचारियों की बैठक बुलाई।
बैठक में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, पूर्व पार्षद शरद सिन्हा तथा सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वेतन भुगतान पर बनी सहमति
बैठक में सफाई कर्मचारी संघ की ओर से दो माह का लंबित वेतन जारी करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। महापौर श्री यादव ने चर्चा के दौरान बताया कि निगम में फंड की कमी के कारण वेतन भुगतान में विलंब हुआ। उन्होंने बताया कि एसआईआर ड्यूटी में निगम अमले एवं राजस्व कर्मचारियों की तैनाती के चलते वसूली कार्य प्रभावित हुआ, वहीं शासन से मिलने वाली राशि के समायोजन के कारण आर्थिक कठिनाई उत्पन्न हुई।
महापौर ने आश्वस्त किया कि:
- दिसंबर एवं जनवरी माह का वेतन नियमित व मस्टररोल कर्मचारियों को दिया जाएगा।
- फरवरी माह का वेतन मार्च 10 से 15 के बीच जारी किया जाएगा।
- ठेका श्रमिकों को भी स्थिति के आधार पर भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता हमेशा सफाई कर्मियों को समय पर वेतन देना है और भविष्य में किसी भी मांग को लेकर आंदोलन के बजाय चर्चा के माध्यम से समाधान निकाला जाए।
बैठक के उपरांत दो माह के वेतन भुगतान पर सहमति बनने के साथ ही हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की गई। शहर में सफाई व्यवस्था पुनः सामान्य होने की उम्मीद है।






