
CG : भूमि अधिग्रहण को लेकर मेंड्राडोल, परसगढ़ी और चैनपुर में ग्रामसभा आयोजन
जनसुनवाई में दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील
एमसीबी/ न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं सक्षम प्राधिकारी भू-अर्जन मनेंद्रगढ़ द्वारा ग्राम मनेंद्रगढ़ (चैनपुर) से चिरमिरी (साजा पहाड़) तक प्रस्तावित सड़क निर्माण, चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए प्रभावित ग्रामों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। यह मार्ग कुल 17.00 किलोमीटर का है, जिसकी वास्तविक लंबाई 17.40 किलोमीटर बताई गई है। इस परियोजना में पुल-पुलियों सहित निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा आदेश में बताया गया है कि इस सड़क परियोजना के अंतर्गत कुल तीन ग्रामों मेंड्राडोल, परसगढ़ी एवं चैनपुर की भूमि अधिग्रहित की जानी है। भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा 4 के तहत सामाजिक समाघात निर्धारण दल का गठन कर दिया गया है और अधिग्रहण की कार्यवाही के लिए ग्रामसभा के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसके लिए तिथियां एवं समय भी निर्धारित कर दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम मेंड्राडोल में 20 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनसुनवाई आयोजित होगी, जिसमें कुल 14 खसरों की भूमि प्रभावित है। इसी दिन ग्राम परसगढ़ी में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक जनसुनवाई होगी, जहां 7 खसरों की भूमि प्रस्तावित रूप से अधिग्रहण में शामिल है। वहीं ग्राम परसगढ़ी में 21 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें 23 खसरों की भूमि प्रभावित बताई गई है। इस प्रकार कुल 44 खसरों की भूमि इस परियोजना से प्रभावित होगी।
प्रशासन ने प्रभावित ग्रामों के समस्त भूमि स्वामियों, सह-स्वामियों एवं कृषकों से अपील की है कि वे जनसुनवाई के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने-अपने भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे खसरा, बी-1, ऋण पुस्तिका, विक्रय पत्र, नामांतरण, डायवर्सन, न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की जानकारी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं और कार्यवाही में सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भूमि स्वामी सर्वेक्षण या जनसुनवाई के समय अनुपस्थित रहता है अथवा आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराता है, तो भविष्य में किसी प्रकार के वाद-विवाद की स्थिति में उसकी स्वयं की जिम्मेदारी होगी तथा उपलब्ध शासकीय अभिलेखों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।



