DPR छत्तीसगढ समाचार

CG : आयुष्मान और वय वंदन कार्ड के लिए जिला प्रशासन ने फूँका महाअभियान का शंखनाद

19 फरवरी को जिले में शिविरों का होगा आयोजन 

जगदलपुर, बस्तर जिले के नागरिकों को सुलभ और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम उठाया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के छूटे हुए हितग्राहियों को स्वास्थ्य योजनाओं के दायरे में लाने के लिए एक विशाल महाअभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। इस अभियान का मुख्य केंद्र बिंदु विशेष रूप से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंद कार्ड बनाना है, ताकि समाज के बुजुर्गों को जीवन के इस पड़ाव पर बेहतर चिकित्सा सुरक्षा मिल सके। इसी कड़ी में गुरूवार 19 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक पूरे जिले में शिविरों का आयोजन कर पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।


    इस महत्वाकांक्षी अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासन ने नगर पालिक निगम जगदलपुर सहित तोकापाल, लोहण्डीगुड़ा, बास्तानार, दरभा और बकावण्ड जैसे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक एक व्यापक कार्ययोजना बिछाई है। शहरी क्षेत्रों में जहाँ वार्ड वार शिविरों के माध्यम से एएनएम, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमें समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, वहीं ग्रामीण अंचलों में पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने इस कार्य की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के साथ-साथ तहसीलदारों और जनपद सीईओ को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया है, जो जमीनी स्तर पर निरंतर प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।


    कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा इस मुहिम को और अधिक गति देने के लिए एक विस्तृत माइक्रो-प्लान और ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है। इसके तहत महत्वपूर्ण पंचायतों सहित पूरे विकासखंडों के गांवों में राजस्व और पंचायत विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें मुस्तैद रहेंगी। अभियान की सफलता के लिए एक विशेष रणनीति के तहत सभी राशन दुकानों को अनिवार्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राशन कार्ड के माध्यम से होने वाले सत्यापन की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। साथ ही कोटवारों को कहा गया है कि वे एक दिन पूर्व ही गांव-गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को इस महाअभियान की सूचना दें, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों तक पहुँच सकें।


    तकनीकी बाधाओं से निपटने के लिए भी प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। यदि किसी पंजीकरण स्थल पर नेटवर्क की समस्या आती है, तो कर्मचारियों को तत्काल सुविधा अनुसार स्थान बदलकर कार्ड निर्माण जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जिन हितग्राहियों के पास आवश्यक दस्तावेजों का अभाव है, उनके लिए अलग से पंचनामा और पंजी संधारित करने की व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल दस्तावेज की कमी के कारण योजना से वंचित न रहे। शाम 5 बजे तक प्रत्येक शिविर से अनिवार्य रिपोर्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे अभियान की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया जा सके। 

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.