CG: भतीजे की हत्या – आरोपी चाचा गिरफ्तार
दुर्ग। होली त्यौहार से ठीक पहले जिले के जामुल क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब पीने को लेकर हुए विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे की लोहे की पाइप से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात जामुल के रावणभाटा में आरोपी आशीष साहू अपने भतीजे हेमंत साहू के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी आशीष साहू ने पास में पड़ी लोहे की पाइप से हेमंत साहू के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया। लगातार प्रहार से हेमंत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतक की पत्नी ने जामुल थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोपी आशीष साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Read Also : CG: पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी






