
CG : नो पार्किंग से अब गाड़ी गायब होगी, ट्रैफिक पुलिस की कड़ी नजर …
दुर्ग। भिलाई के जुनवानी इलाके में स्थित सूर्या मॉल के सामने फुटपाथ पर लंबे समय से अवैध पार्किंग का खेल चल रहा था। यहां एक व्यक्ति निगम की जमीन पर ही वाहन पार्किंग संचालित कर लोगों से बाकायदा रसीद काटकर पैसे वसूल रहा था। देर रात ट्रैफिक पुलिस और स्मृति नगर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
इस दौरान कई वाहन मालिकों को ई-चालान थमाया गया, जबकि जिन वाहनों के मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे, उन वाहनों को जब्त कर नेहरू नगर ट्रैफिक पुलिस कार्यालय ले जाया गया। जानकारी के अनुसार कार्रवाई भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस की टीम जब सूर्या मॉल के सामने पहुंची तो फुटपाथ पर बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े मिले।
जांच में पता चला कि यहां रसीद काटकर पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था। चारपहिया वाहनों से 60 रुपए और दोपहिया वाहनों से 20 रुपए लिए जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उस पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि नगर निगम की जमीन पर बिना अनुमति पार्किंग चलाकर लोगों से पैसे वसूलना गैरकानूनी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सूर्या मॉल के मैनेजर विनोद सिंह से भी पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि मॉल के अंदर ही पार्किंग की व्यवस्था बनी हुई है और मॉल प्रबंधन का बाहर चल रही पार्किंग से कोई संबंध नहीं है। उनके मुताबिक सड़क किनारे फुटपाथ पर आशीष कुमार नाम का व्यक्ति अपने स्तर पर वाहनों की पार्किंग करवा रहा था।





