
राजनांदगांव : खाद्य दुकानों के साथ प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने के दिए निर्देश…
राजनांदगांव , कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर यादव ने जिले में शासकीय योजनाओं के सुचारू संचालन, व्यवस्थाओं में सुधार एवं योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कलेक्टर ने आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पदयात्री मार्गों की समुचित सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं सेवा पंडालों में स्वास्थ्य टीम की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने खाद्य दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने तथा खाद्य सामग्री में मिलावट करने वाले प्रतिष्ठानों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने एक्सपायरी तिथि वाली खाद्य सामग्री पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




