
CG : बालोद में युवती की हत्या कर जलाया गया शव, खौफनाक वारदात से सनसनी …
बालोद। जिले में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। युवती का शव जली हुई पराली के ढेर में मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर जिले के एसपी समेत फाॅरेंसिक की टीम पहुंची और घटना की जांच की जा रही है। घटना अर्जुंदा थाना क्षेत्र की है। चीचा गांव में आज सुबह जलती पराली के ढेर में एक युवती की लाश मिली। शव बुरी तरह से जल चुका था। बताया जा रहा है कि गांव में रखे पराली के ढेर में आग लग गई थी।
आगजनी की जानकारी मिलते ही गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, इस दौरान पराली के ढेर में एक शव जल रहा था। लाश को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल घटना की जानकारी अर्जुंदा पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पराली के ढेर से निकाला गया। युवती का शव बुरी तरह से जल चुका था। पुलिस आशंका जता रही है कि पहले युवती की हत्या की गई, फिर सबूत मिटाने के उद्देश्य से लाश को रात में ही पराली के ढेर में लाकर जला दिया गया।






