
राजनांदगांव : पाताल भैरवी, मां शीतला मंदिर में ज्योत जगमगाए…
राजनांदगांव , चैत्र नवरात्र पर्व के पहले दिन शहर और जिलेभर के देवी मंदिरों में भक्तों ने मातारानी की आराधना की। पहले दिन सुबह से मां पाताल भैरवी मंदिर में 1600 से ज्यादा और मां शीतला मंदिर में 1700 से ज्यादा और पुराना बस स्टैंड की मां काली मंदिर सहित अन्य मंदिरों को मिला कर लगभग 4 हजार से ज्यादा आस्था की ज्योति कलश प्रज्वलित की है। यहां सुबह से भक्तों की भीड़ रही। मातारानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख-शांति की मंगल कामना की। अन्य मंदिरों में भक्ति का माहौल दिखाई दिया।
बर्फानी सेवाश्रम समिति के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ने बताया रोज माता व अन्य देवी-देवताओं की विधि विधान से पूजा, आरती की जाएगी। एकम को अविभाज्य मुहूर्त दोपहर 11.36 से 12.24 के मध्य गौरी गणेश नवग्रह स्थापना, गुरु पूजन के बाद माई ज्योत व गुरु ज्योत प्रज्वलित कर माता व भोलेनाथ की आरती उतारी गई। 23 मार्च को पंचमी पर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। श्रीयंत्र पर आधारित यज्ञ शाला में महाअष्टमी हवन 26 मार्च को शाम 6 बजे होगा। 27 को रामनवमी पर माता की विशेष महाआरती, श्रीराम जन्मोत्सव के बाद जंवारा विसर्जन किया जाएगा।
गायत्री शक्तिपीठ में धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ गायत्री शक्तिपीठ में नवरात्र पूजन और धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। मुख्य ट्रस्टी सूर्यकांत चितलांग्या व बृजकिशोर सुरजन ने बताया गायत्री परिवार द्वारा मंदिर में सनातन नव वर्ष का स्वागत किया। व्यवस्थापक ओमप्रकाश ने बताया शक्तिपीठ में रोज सुबह 5:30 बजे कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। 6 बजे आरती, 7 बजे दैनिक यज्ञ संस्कारों का संपादन होगा। सुबह 7 से शाम 7 बजे तक सामूहिक अखंड जप एवं शाम 7 बजे आरती के बाद 7:30 से 7:45 तक नादयोग ध्यान कराया जाएगा जो मानसिक शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत है। रात 8 बजे शयन आरती कर पट बंद होंगे। श्रीराम नवमी पर 5 कुंडीय महायज्ञ 27 मार्च को सुबह 10 बजे होगा। बताया गया कि नवरात्र के दौरान प्रतिदिन विभिन्न संस्कार आयोजित होंगे।






