
राजनांदगांव : 3 माह की जांच के बाद पास्टर डेविड गिरफ्तार…
राजनांदगांव , राज्य में अवैध धर्मांतरण का नेटवर्क फैलाने के आरोप में पास्टर डेविड चाको को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुकुल दैहान पुलिस की टीम ने शनिवार को पास्टर चाको को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। करीब तीन महीने तक मामले की जांच जारी रही।
पास्टर डेविड चाको धर्मापुर में मिशनरी आश्रम का संचालन कर रहा था। जिसमें कुछ नाबालिग बालिकाओं को भी रखा गया था। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने 8 जनवरी को आश्रम में छापेमारी की। जहां से बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, गैजेट और बैंक खाते जब्त हुए थे। पास्टर चाको के लैपटॉप में कई ऐसे कंटेंट मिले, जिससे साफ हुआ कि वह छग के कई जिलों में अवैध धर्मांतरण के लिए नेटवर्क स्थापित कर रहा था। इसके लिए बाकायदा ट्रेनिंग प्रोग्राम भी आयोजित की। ग्रामीण और पिछड़े हिस्से डेविड के फोकस पाइंट थे। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने छग धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं BNS की धारा 299 के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
पास्टर डेविड चाको अमेरिका में रहा है। वहां से लौटने के बाद ही पूरे घटनाक्रम को अंजाम दे रहा था। जब्त दस्तावेज में सामने आया है कि डेविड को धर्मांतरण का नेटवर्क संचालित करने विदेशों से भी फंडिंग हो रही थी। जिसकी जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक डेविड के बैंक खातों से हुए ट्रांजक्शन की पूरी डिटेल खंगाली जा रही है।






