
राजनांदगांव : तुमड़ीबोड़ में 29 से 31 मार्च तक होगी लोक मंडई, नामी कलाकार देंगे प्रस्तुति…
राजनांदगांव , डोंगरगांव ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम तुमड़ीबोड़ में 29 से 31 मार्च तक लोक मंडई का आयोजन होगा। त्रिदिवसीय इस लोक मंडई के आयोजन में छत्तीसगढ़ के ख्याति प्राप्त लोक कलाकारों के साथ ही उभरते हुए नवोदित कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। लोक मंडई कार्यक्रम की तैयारी जोरशोर से की जा रही है।
दिन रात दर्जनों कामगार मंच और पंडाल बनाने में लगे हुए हैं। लोक मंडई संस्था के अध्यक्ष विधायक दलेश्वर साहू के मार्गदर्शन में व गुलाब वर्मा के संयोजन में लोक मंडई आयोजन समिति का गठन किया गया है। जिसके अध्यक्ष ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़ की सरपंच भुनेश्वरी रोहित साहू के अलावा सुरेश जैन, राजेंद्र जैन, अजय जैन, धरम जैन, उपसरपंच भूपेन्द्र सोनवानी, सुनील जैन, अमरोतन साहू, टीकम पटेल, लीलाधर साहू, भेखदास साहू, पीतांबर साहू, राजेश साहू, जयराम साहू, राकेश शर्मा, सुदर्शन साहू, खेलूराम साहू और संतोष साहू को समिति में शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग व कृषि विभाग के सहयोग से आयोजित लोक मंडई का कार्यक्रम पहली बार ग्राम तुमड़ीबोड़ में होने जा रहा है, जिसमें लोक संस्कृति व लोक परम्परा के साथ ही लोक संगीत, लोक गायन, व नृत्य, हास्य एवं प्रहसन की रात्रिकालीन प्रस्तुति होगी, साथ ही दिन में कृषकों को कृषि ज्ञान, विज्ञान से संबंधित स्टालों से जोड़ने के लिए प्रदर्शनी, कृषि मेला व लोक मंडई में आने वाले तमाम लोगों के मनोरंजन के लिए मीना बाजार लगाया जाएगा।
पूर्व में कई गांवों में कराया जा चुका है भव्य आयोजन लोक मंडई आयोजन समिति के सदस्य, टाइगर क्लब और व्यापारी संघ तुमड़ीबोड़ के अध्यक्ष अजय जैन ने बताया कि लोक मंडई का यह कार्यक्रम पूर्व के मध्यप्रदेश शासन में सन् 2000 से ग्राम आलीवारा से शुरुआत हुई थी जो आज तक प्रत्येक वर्ष लोक मंडई का कार्यक्रम आयोजित होते आ रहा है। जिले के विभिन्न स्थानों, आलीवारा, लालबहादुर नगर, डोंगरगांव, मुसरा, ठेलकाडीह, सुरगी आदि जगहों में लोक मंडई की बेहतर प्रस्तुति देकर लोगों का स्वस्थ मनोरंजन किया है।






