
Rajnandgaon: भावेश बैद के भजनों से गूंजा महालक्ष्मी मंदिर, भव्य भजन संध्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,
राजनांदगांव | हिंदू नववर्ष, चैत्र नवरात्रि एवं राम नवमी पर्व के अवसर पर महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में आयोजित भव्य भजन संध्या कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा।
25 मार्च की रात्रि आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक भावेश बैद एवं सजल बैद ने अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद भजनों की ऐसी श्रृंखला शुरू हुई कि पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
“जय माता दी” के जयकारों और भजनों की स्वर लहरियों के बीच उपस्थित श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे।मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी दिव्य प्रतीत हो रहा था। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और भजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री महालक्ष्मी उत्सव सेवा समिति, राजनांदगांव द्वारा किया गया, जिसमें सभी भक्तों के लिए प्रसादी की भी व्यवस्था की गई थी। इस भव्य आयोजन ने शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया तथा नववर्ष और नवरात्रि के पावन अवसर को और अधिक खास बना दिया।






