राजनांदगांव : सर्वर डाउन होने के कारण पीडीएस का राशन लेने परेशान रहे हितग्राही…

राजनांदगांव , सर्वर डाउन होने के कारण रविवार को पीडीएस का राशन लेने के लिए जिलेभर हितग्राहियों को परेशान होना पड़ा। शहरी इलाकों में सर्वर डाउन होने की समस्या के साथ अंचल इलाकों में ज्यादा समस्या रही। महीने के अंतिम होने की वजह से बड़ी संख्या में हितग्राही राशन लेने पहुंचे। लेकिन सुबह 10 से 12 बजे के बीच ई-पॉश मशीन और सर्वर ने लोगों को परेशान किया। सोमवार को पीडीएस की दुकानें बंद रहती है। वहीं माह की आखरी तारीख तक राशन नहीं लेने पर लैप्स हो जाता है।
मार्च महीने की शुरूआत में होली पर्व के चलते अधिकांश दुकानें बंद रही। जिससे राशन वितरण प्रभावित हुआ। इसी महीने खाद्य विभाग के मेन सर्वर में मेंटेनेंस कार्य के चलते 21 से 25 मार्च के बीच दुकानें बंद रही। हितग्राहियों को पांच दिन राशन वितरण नहीं हो सका। वहीं 26 मार्च से दुकानों में राशन लेने हितग्राहियों की भीड़ उमड़ने लगी। खाद्य विभाग ने 80 फीसदी वितरण का दावा किया। इधर 1 हजार कार्ड वाली दुकानों में अब भी 100 से 200 हितग्राहियों को राशन वितरण करना शेष बताया गया।
एक साथ तीन माह के राशन देने पर संशय की स्थिति खाद्य विभाग के अफसरों का कहना है प्रदेशभर में सर्वर डाउन की समस्या के चलते 31 मार्च तक राशन का वितरण नहीं हुआ तो अप्रैल में मार्च का राशन दिया जाएगा। लेकिन इसका निर्णय राज्य सरकार करेगी। अप्रैल में अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित, नि:शक्तजनों को तीन माह का राशन एक साथ 30 अप्रैल तक वितरण करने आदेश जारी किया गया है। लेकिन स्टॉक कमी और पर्याप्त भंडारण नहीं होने पर वितरण प्रभावित होगा इस पर संशय बना हुआ है। फरवरी में भी फरवरी-मार्च का राशन एक साथ देना था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अप्रैल माह में एपीएल कार्डधारियों को केवल एक माह अप्रैल का राशन मिलेगा।



