छत्तीसगढ़दुर्ग जिला

CG : सब्जी मंडी में पुलिस की रेड, नशीली कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार …

दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना पुलिस ने धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी में घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 72 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।

यह पूरी कार्रवाई 29 मार्च को की गई। पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि धमधा रोड सब्जी मंडी के पास एक शख्स संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसके पास नशीली दवाएं हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस की टीम ने युवक की तलाशी ली तो उसके पहने हुए लोवर की जेब से प्रतिबंधित नशीली दवाओं के 72 कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी की पहचान दीपक ठाकुर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 28 साल है और वह दुर्ग के सिकोला भाठा इलाके का रहने वाला है।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने माना कि वह ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में इन दवाओं को अवैध तरीके से बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से नशीली दवाओं के अलावा नकद पैसे भी बरामद किए हैं। जप्त किए गए 72 कैप्सूल की कीमत लगभग 28,800 रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा आरोपी के पास से 960 रुपये नकद भी मिले हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 29,760 रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ मोहन नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button