
CG : सट्टेबाज बाबू खेमानी गिरफ्तार, अब बाबू पठान की बारी …
रायपुर। विगत दिनों बाबू खेमानी और बाबू पठान के सट्टे कारोबार को लेकर खबर प्रकाशित किया था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और सटोरियों को दबोच लिया। गिरफ्तार सटोरियों ने बताया कि मुख्य सरगना बाबू खेमानी और बाबू पठान है, ये दोनों मुंबई और उड़ीसा में किराए के मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित करा रहे है, रायपुर क्राइम ब्रांच ने मुंबई और भुवनेश्वर में IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालन के खिलाफ तगड़ी कार्रवाई करते भंडाफोड़ किया। पुलिस जल्द पूरे मामले का खुलासा करेगी।
हालांकि गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी “3 STUMPS” नामक ऑनलाइन सट्टा बुक का संचालक है, जिसके जरिए देश के कई हिस्सों में सट्टा नेटवर्क फैलाया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि खेमानी मुंबई और उड़ीसा के भुवनेश्वर में किराए के मकानों से अपना अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।
इन ठिकानों से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा था, जिसमें बड़ी रकम का लेन-देन होता था। क्राइम ब्रांच ने कुछ दिन पहले रायपुर सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 20 सटोरियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने बाबू खेमानी का नाम उजागर किया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करते हुए मुंबई में दबिश दी गई।
सूत्रों के अनुसार, बाबू खेमानी लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा कारोबार का बड़ा खिलाड़ी माना जाता है। वह डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप के जरिए सट्टा संचालित करता था, जिससे पुलिस के लिए उसे पकड़ना चुनौतीपूर्ण बन गया था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहकर काम करते थे और पैसों का लेन-देन ऑनलाइन माध्यमों से किया जाता था।
क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आईपीएल जैसे बड़े क्रिकेट आयोजनों के दौरान इस गिरोह की गतिविधियां काफी बढ़ जाती थीं। मैचों के दौरान लाखों रुपये का सट्टा लगाया जाता था और नेटवर्क के जरिए देशभर से लोग इससे जुड़े हुए थे। फिलहाल पुलिस बाबू खेमानी को रायपुर लाने की तैयारी में है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद इस गिरोह से जुड़े और कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क के तार कहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक तो नहीं जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। वहीं इस कार्रवाई को रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट पहुंची है।
ऑनलाइन सट्टेबाजी खिलाने वाले 20 सटोरिये गिरफ्तार रायपुर में क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उड़ीसा और महाराष्ट्र में दबिश देकर कुल 20 सटोरियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सट्टेबाजी से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 82 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप सहित करीब 60 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह आईपीएल के सभी मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था और इसके लिए कई डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस को कई बैंक खातों में बड़ी मात्रा में ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
यह भी सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से अलग-अलग राज्यों में सक्रिय था। पुलिस ने बताया कि रायपुर निवासी बाबू खेमानी इस पूरे सट्टा नेटवर्क का मुख्य संचालक है। वह बाहर से इस अवैध कारोबार को नियंत्रित कर रहा था और विभिन्न राज्यों में अपने एजेंटों के माध्यम से सट्टेबाजी का संचालन करवा रहा था। हालांकि, पुलिस की छापेमारी के दौरान मास्टरमाइंड बाबू खेमानी फरार हो गया। उसका नाम एफआईआर में शामिल कर लिया गया है।
उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। गंज थाना में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। क्राइम ब्रांच ने संकेत दिए हैं कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।


