क्राइमछत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

मनगटा युवती प्रकरण: तीन आरोपी गिरफ्तार, व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट सील

मनगटा युवती प्रकरण: तीन आरोपी गिरफ्तार, व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट सील

राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र के मनगटा युवती प्रकरण में राजनांदगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना से जुड़े व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट को भी नियमानुसार सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री, राजनांदगांव से एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना थाना सोमनी को मिली थी। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल जानकारी दी गई और थाना सोमनी तथा साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, मृतिका के परिजनों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अवलोकन में पुलिस को अहम तथ्य मिले। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने युवती को बहला-फुसलाकर रायपुर ले जाने के दौरान रास्ते में जबरन शराब पिलाई।

इसके बाद रायपुर क्लब ले जाने और वापस मनगटा स्थित व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट आने की बात सामने आई।पुलिस का आरोप है कि युवती की मदहोशी की अवस्था का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे उसे चोटें भी आईं। इस आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु, उम्र 26 वर्ष, निवासी बुचीभरदा, पोस्ट सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव; छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम टेड़ेसरा गुड़ीपारा, वार्ड क्रमांक 16, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव; और घनश्याम बेलचंदन, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम निकुम बाजारपारा, थाना अण्डा, जिला दुर्ग शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है।

तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।घटना से जुड़े व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट को भी पुलिस ने नियमानुसार सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

साथ ही यह कार्रवाई अन्य रिसॉर्ट संचालकों के लिए भी सख्त संदेश है कि नियमों और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें