छत्तीसगढ़धमतरी जिला

CG : नशा कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, 35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज …

धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों की 35.85 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। यह जिले में पहली बार है जब SAFEMA के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर सीधा शिकंजा कसा गया है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक एवं कोतवाली पुलिस द्वारा

विस्तृत वित्तीय जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन को बैंक खातों, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में निवेश किया था। इसके बाद इन सभी संपत्तियों को चिन्हित कर विधिवत प्रक्रिया के तहत फ्रीज किया गया। पहले मामले में आरोपी आरती रजक की बैंक खातों और बीमा योजनाओं में निवेशित 12 लाख 93 हजार 636 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई। वहीं दूसरे मामले में आरोपी करण सिंह धुरी, उषा बाई धुरी और जाइका धुरी की बैंक खातों, वाहन और अचल संपत्तियों सहित 22 लाख 91 हजार 479 रुपये मूल्य की संपत्ति को फ्रीज किया गया है। इस तरह दोनों मामलों में कुल मिलाकर 35 लाख 85 हजार 116 रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और उनके विरुद्ध पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा चुकी है। अब इन मामलों में आर्थिक जांच को आगे बढ़ाते हुए अवैध संपत्तियों को चिन्हित किया गया है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति के नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से कमाई गई संपत्ति किसी भी स्थिति में सुरक्षित नहीं रहने दी जाएगी और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फ्रीज की गई संपत्तियों से संबंधित सभी प्रकरण आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी मुंबई को भेज दिए गए हैं। वहां से आगे की प्रक्रिया के तहत इन संपत्तियों के जब्तीकरण या अन्य कानूनी निर्णय पर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अब अपराध से अर्जित संपत्ति को भी निशाना बनाया जा रहा है, ताकि मादक पदार्थों के नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ को तोड़ा जा सके। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, भंडारण या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में और भी संपत्तियों की जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें भी फ्रीज किया जाएगा।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें