देश

उत्तराखंड में आज चुनावी अभियान का आगाज करेंगे अमित शाह, एयरपोर्ट से रवाना हुए दून

केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड में पार्टी के चुनाव अभियान का आगाज करेंगे। अमित शाह सुबह 11:25 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से वह देहरादून के लिए रवाना हुए। शाह रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं शाह में कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही पांडाल में काफी संख्या में लोग पहुंच गए। 

सभी व्यवस्थाएं कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए
अमित शाह राज्य सरकार की घसियारी कल्याण योजना का भी शुभारंभ करेंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा स्थल का औचक निरीक्षण किया और जिलाधिकारी से व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए की जाएं।

गृह मंत्री के दौरे से पहले पुलिस ने खंगाले होटल, ढाबे और धर्मशालाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने रात में शहर के होटल, धर्मशालाओं, लॉज खंगाले। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। पुलिस ने सभी संचालकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। होटल धर्मशालाओं के साथ ही रेलवे, स्टेशन, आईएसबीटी और अन्य जगहों पर पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी को संदिग्ध दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण एसपी सिटी सरिता डोभाल के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सभी सीओ, थाना व चौकी प्रभारियों को संदिग्धों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए।
संगठन की लेंगे बैठक, चुनावी तैयारी की टटोलेंगे नब्ज
जनसभा संबोधित करने के बाद अमित शाह आईआरटीडी ऑडिटोरियम में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की एक बैठक लेंगे। बैठक में वह चुनावी तैयारी की नब्ज टटोलेंगे। साथ ही विधानसभा चुनाव में जुटने का आह्वान करेंगे। इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी देंगे। भाजपा के भीतर दलबदल की चर्चाओं के बीच शाह के इस दौरे के कई सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं।

कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे शाह
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक करने के बाद शाह प्रदेश पार्टी कार्यालय में पार्टी की कोर कमेटी से रूबरू होंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत पार्टी कोर कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में शाह पार्टी की चुनावी दिशा को स्पष्ट करेंगे। साथ ही चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए टिप्स भी देंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा भाजपा के चुनाव अभियान को मजबूती देगा। उनके मार्ग दर्शन से पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का संचार होगा। पार्टी ने उनके कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

advertisement
advertisement
advertisement
advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button