अंतरराष्ट्रीय

कीव पर रूसी हमले के बीच रूसी पत्रकार ओक्साना बौलिना की मौत

रूस और यूक्रेन के बीच जंग को अब 28 दिन बीत चुके हैं। रूसी सेना लगातार कीव समेत कई शहरों पर हमले कर रही है। दोनों देशों में कोई भी झुकने के लिए तैयार नहीं है। वहीं इस्राइल ने रूस के डर से यूक्रेन को एनएसओ ग्रुप के पेगासस स्पाइवेयर खरीदने से रोक दिया है। इसी बीच बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस द्वारा लाया गया मानवीय मसौदा प्रस्ताव विफल रहा। इस प्रस्ताव पर मतदान से भारत समेत 13 देशों ने परहेज किया। सिर्फ रूस और चीन ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।

जेलेंस्की ने वैश्विक रैली का आह्वान किया

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन पर रूस के युद्ध का विरोध करने के लिए एक वैश्विक रैली का आह्वान किया है, जिसमें दुनिया के नागरिकों से सार्वजनिक रूप से युद्ध के खिलाफ खड़े होने का आग्रह किया गया है। जेलेंस्की ने कहा कि मैं आपसे युद्ध के खिलाफ खड़े होने की अपील करता हूं! यूक्रेन के प्रति अपने समर्थन को दिखाओ! अपने कार्यालयों, अपने घरों, अपने स्कूलों और विश्वविद्यालयों से लोग आगे आएं। शांति के नाम पर आएं। यूक्रेन का समर्थन करने के लिए, स्वतंत्रता का समर्थन करने के लिए, जीवन का समर्थन करने के लिए यूक्रेनी प्रतीकों के साथ इस रैली में शामिल हों।

जेलेंस्की बोले- दुनिया को युद्ध रोकना चाहिए

वोलोदिमिर जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए अपने ताजा संबोधन में कहा कि “हम सभी को रूस को रोकना चाहिए। दुनिया के सभी देशों को युद्ध रोकना चाहिए।” उन्होंने कहा, “शांतिपूर्ण लोगों के खिलाफ आतंक की हरकतें जारी हैं। एक महीना हो चुका है, इतनी देर। यह मेरे दिल, सभी यूक्रेनियन और पृथ्वी पर रहने वाले हर स्वतंत्र व्यक्ति के दिल को तोड़ देता है। इसलिए मैं आपसे युद्ध के खिलाफ खड़े होने की अपील करता हूं।”

कीव पर रूसी हमले के बीच रूसी पत्रकार ओक्साना बौलिना की मौत

एएफपी समाचार एजेंसी के मुताबिक, रूसी पत्रकार ओक्साना बौलिना की रूसी सैनिकों द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव में एक आवासीय इलाके के पड़ोस में की गई गोलाबारी की में मौत हो गई। बौलिना खोजी समाचार आउटलेट द इनसाइडर के लिए काम करती थीं। आउटलेट ने बुधवार को उनके युद्ध में मरने की खबर की पुष्टि की है।03:14 AM, 24-MAR-2022

यूएनएससी में गिरा रूस का प्रस्ताव, भारत समेत 13 देशों ने बनाई दूरी

यूक्रेन में रूस के हमले के बाद पैदा हुए मानवीय संकट को लेकर मसौदा प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में बुधवार को हुए मतदान में भारत समेत 13 सदस्य देशों ने हिस्सा नहीं लिया। जिसके बाद यह प्रस्ताव यूएनएससी में विफल रहा। प्रस्ताव में रूस और यूक्रेन के बीच राजनीतिक वार्ता, बातचीत, मध्यस्थता और अन्य शांतिपूर्ण तरीकों से तत्काल शांतिपूर्ण समाधान का आग्रह किया गया था।03:00 AM, 24-MAR-2022

रूस के गुस्से के डर से इस्राइल ने यूक्रेन को पेगासस स्पाइवेयर खरीदने से रोका 

इस्राइल ने यूक्रेन को एनएसओ ग्रुप के पेगासस स्पाइवेयर खरीदने से रोक दिया है। इस मामले से परिचित लोगों के अनुसार, इस्राइल को इस बात का डह है कि रूसी अधिकारी क्षेत्रीय दुश्मन को जटिल हैकिंग टूल की बिक्री से नाराज हो जाएंगे। इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति, वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस्राइल के रुख की आलोचना की है। 02:54 AM, 24-MAR-2022

आईएईए ने यूक्रेन की स्थिति को लेकर जताई चिंता

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक ने कहा कि यूक्रेन के परमाणु सुविधाओं का बचाव और सुरक्षा” के बारे में हम “गंभीर रूप से चिंतित” है।

 रूस ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं: अमेरिका

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने बुधवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों को अंजाम दिया है और बाइडन प्रशासन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए काम करेगा। ब्लिंकेन ने एक बयान में कहा, “ आज मैं फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह घोषणा कर सकता हूं कि अमेरिका सरकार ने मूल्यांकन किया है कि रूसी बल के सदस्यों ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं।”01:08 AM, 24-MAR-2022

संयुक्त राष्ट्र से रूसी कर्मचारियों को निकालने के अमेरिकी कदम का करारा जवाब देगा: रूस

रूस ने कहा है कि वह स्थायी संयुक्त राष्ट्र मिशन से रूसी कर्मचारियों को निकालने के अमेरिकी कदम के जवाब में कई अमेरिकी राजनयिकों को निकाल देगा। इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने कहा कि रूसी विदेश मंत्रालय ने पहले ही अमेरिका से कहा था कि रूस के खिलाफ कोई भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई निर्णायक प्रतिक्रिया को और भड़काएगी।11:05 PM, 23-MAR-2022

जर्मनी से जल्द यूक्रेन पहुंचेगीं स्ट्रेला मिसाइल

जर्मनी की विदेश मंत्री अन्नालेना बेयरबॉक ने कहा है कि हम यूक्रेन को जल्द ही जमीन से हवा में मार करने वावी स्ट्रेला मिसाइल उपलब्ध कराएगा। इस मिसाइल की आपूर्ति में कई सप्ताह की देरी हो चुकी है। 10:54 PM, 23-MAR-2022

युद्ध के बाद यूक्रेन में मारे गए रूस के 7-15 हजार सैनिक: नाटो

नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) ने अनुमान व्यक्त किया है कि 24 फरवरी को रूस के हमले के बाद से यूक्रेन में 7000 से 15,000 रूसी सैनिक मारे गए हैं। वहीं, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि जान गंवाने वाले रूसी सैनिकों की संख्या 15 हजार से अधिक है।

ईयू ने यूक्रेन को दिए एक अरब यूरो के हथियार

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष ने कहा है कि यूरोपीय संघ (ईयू) ने यूक्रेन को एक अरब यूरो कीमत के अस्त्र-शस्त्र उपलब्ध करवाए हैं।

कीव में आज एक की मौत, दो घायल हुए

यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी बलों की ओर से की गई गोलाबारी में बुधवार को एक व्यक्ति की मौत होने की और दो के घायल होने की खबर सामने आई है। कीव के मेयर विटाली क्लित्श्को ने कहा है कि रूसी सेना की राजधानी पर गोलीबारी जारी है।

यूक्रेन संघर्ष को लेकर पुुतिन ने की बेनेट से बात

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में संघर्ष को लेकर इस्राइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट के साथ फोन पर बात की। यूक्रेन को और एंटी टैंक हथियार उपलब्ध कराएगा स्वीडन

स्वीडन ने यूक्रेन को 5000 अतिरिक्त एंटी टैंक हथियार उपलब्ध कराने के लिए कहा है। स्वीडर पहले ही यूक्रेन अन्य सैन्य उपकरणों व सामग्रियों के साथ 5000 एंटी टैंक हथियार पहुंचा चुका है।

यूक्रेनियों के पुनर्वास की योजना सरल बना रहा अमेरिका

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का प्रशासन यूक्रेनी शरणार्थियों के पुनर्वास के लिए प्रक्रिया को आसान करने की योजना बना रहा है।

यूक्रेन को परमाणु और केमिकल सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराएगा नाटो

नाटो (उत्तर अटलांटिक शांति संगठन) के महासचिव जोसेप स्टोल्टेनबर्ग ने कहा है कि हम यूक्रेन को परमाणु और केमिकल सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि हम यूक्रेन को साइबर सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराएंगे।

रूस ने मारियुपोल में राहतकर्मियों को बंधक बनाया

यूक्रेन के नेताओं आरोप लगाया है कि रूसी बलों ने एक मानवीय सहायता लेकर जा रहे काफिले को रोककर 15 बचावकर्मियों और चालकों को बंदी बनाया है। ये लोग मारियुपोल में भोजन और अन्य वस्तुएं पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अनुसार शहर में लगभग एक लाख लोग अब भी भीषण संकट के बीच रह रहे हैं।

बेलारूस ने यूक्रेन से राजनयिक मौजूदगी खत्म करने को कहा

रूस के करीबी सहयोगी बेलारूस ने यूक्रेन से कहा है कि वह देश में अपनी राजनयिक मौजूदगी को खत्म करे। बेलारूस के विदेश मंत्रालय ने इसके पीछे यूक्रेन की ओर से शत्रुतापूर्ण कार्रवाई और अपने आंतरिक मामलों में दखल देने का हवाला दिया है। बेलारूस ने यूक्रेन के एक राजदूत और चार कर्मचारियों को देश में रुकने की अनुमति दी है।

दावा: रूस ने इरपिन और होस्टोमेल में बरसाए फॉस्फोरस बम

इरपिन के मेयर ओलेक्जैंडर मार्कुशिन के अनुसार रूसी सैनिकों ने कीव के बाहरी इलाकों (इरपिव व होस्टोमेल) में 22 मार्च की रात फॉस्फोरस बम से हमला किया था। नागरिकों के खिलाफ इस तरह के हथियारों का इस्तेमाल जिनेवा कन्वेंशन के अनुसार प्रतिबंधित है।

रूस के जलवायु दूत ने छोड़ा पद और देश

रूस के जलवायु दूत एनाटोली कुबाइस यूक्रेन पर हमले की वजह से अपने पद से हट गए हैं और उन्होंने देश छोड़ दिया है। वह इस हमले के विरोध में क्रेमलिन के साथ संबंध तोड़ने वाले रूस के अभी तक के सर्वोच्च स्तर के अधिकारी बन गए हैं।

शत्रु देशों के साथ अनुबंधों को रूबल में बदलेगा रूस

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश की सरकारी ऊर्जा कंपनी गैजप्रोम को आदेश दिया है कि वह शत्रु दशों के साथ तेल और गैस के अनुबंधों को रूबल में बदले, ताकि देश की मुद्रा मजबूत हो सके। पुतिन ने कहा है कि यूरोपीय संघ को गैल आपूर्ति के लिए रूस केवल रूबल स्वीकार करेगा। 
अप्रैल तक समाप्त हो सकता है रूसी हमले का सक्रिय चरण

यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी अरेस्टोविच ने कहा है कि हमें रूसी हमले के सक्रिय चरण के अप्रैल अंत तक समाप्त होने की उम्मीद है क्योंकि कई इलाकों में रूस की बढ़त को रोका जा चुका है। अरेस्टोविच ने कहा कि रूस अपने आक्रमण बलों का 40 फीसदी हिस्सा खो चुका है और रूस की ओर से परमाणु युद्ध छेड़ने की आशंका भी कम हुई है।

कीव के पास यूक्रनी सेना के घेरे में रूसी सैनिक

यूक्रेन के बुका शहर की काउंसिल ने बताया है कि यूक्रेनी सेना ने कीव के पास स्थित बुका, इरपिन औप होल्टोमेल को घेर लिया है। इसका मतबल है कि कीव के उत्तर-पश्चिम में मौजूद रूसी सैनिक यूक्रेनी सेना के घेरे में आ गए हैं।

युद्ध में अब तक 121 यूक्रेनी बच्चों की मौत

यूक्रेन के महाभियोजक कार्यालय ने बताया है कि रूस की ओर से शुरू किए गए इस युद्ध में अब तक 121 यूक्रेनी बच्चों की जान जा चुकी है। इसके अलावा 167 बच्चे घायल हुए हैं।

यूक्रेन का दावा, रूस के 15600 सैनिक मारे गए

यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के अनुसार 24 फरवरी को युद्ध की शुरुआत के बाद से रूस के अब तक लगभग 15,600 सैनिक मारे जा चुके हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के अब तक 101 विमानों, 124 हेलिकॉप्टरों और 517 टैंकों का भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा उसके विभिन्न प्रकार के 1578 बख्तरबंद वाहन भी नष्ट किए जा चुके हैं।

पोल: फ्रांस, जर्मनी, स्वीडन और इटली के नागरिक चाहते हैं और प्रतिबंध

कीव स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स की ओर से मार्च मध्य में कराए गए एक पोल में सामने आया है कि फ्रांस, जर्मनी, इटली और स्वीडन के 47 फीसदी लोगों का मानना है कि रूस के खिलाफ लगाए गए वर्तमान प्रतिबंध काफी नहीं हैं। 76 फीसदी ने कहा कि युद्ध रोकने के लिए जब तक जरूरी है प्रतिबंध जारी रहने चाहिए। वहीं, 24 फीसदी ने कहा कि लोगों के जीवन पर पड़ रहे असर की वजह से प्रतिबंध हटाए जाने चाहिए और सामान्य कारोबार होना चाहिए।

खरसन में एयरड्रोम पर यूक्रेन का नौवां हमला

यूक्रेन के राष्ट्रपति सलाहकार ओलेक्सी अरेस्टोविच ने कहा है कि यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने खरसन में स्थित एक एयरड्रोम चोर्नोबाइवका पर नौवीं बार हमला किया है। इसका इस्तेमाल रूसी सैनिक कमांड पोस्ट के रूप में कर रहे हैं।

पोलैंड से निकाले गए 45 संदिग्ध रूसी राजनयिक

पोलैंड के आंतरिक मंत्री मारियुस्ज कमिंस्की ने बुधवार को कहा कि यूरोपीय संघ के सदस्यों ने 45 रूसी जासूसों को निकाल दिया है जो राजनयिक बन कर यहां रह रहे थे।

एस्टोनिया के पूर्व राष्ट्रपति ने दी दो यूक्रेनियों को अपने घर में शरण

एस्टोनिया के पूर्व राष्ट्रपति टूमस हेंड्रिक इल्वेस ने दो यूक्रेनी शर्णार्थियों को अपने निजी घर में जगह दी है। दोनों यूक्रेनी नागरिक कीव के रहने वाले हैं। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी। 

पूर्वी यूक्रेन में घेराबंदी की कोशिश में रूसी बल

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार रूसी सैनिक यूक्रेनी बलों को पूर्वी यूक्रेन में घेरने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार इसके लिए रूसी सैनिक खारकीव में उत्तर और मारियुपोल में दक्षिण की ओर बढ़ रहे हैं

रूसी सेना ने नष्ट किया चेर्नीहीव पुल

रूसी बलों ने कीव के लिए चेर्नीहिव पुल को नष्ट कर दिया है। इस पुल का उपयोग चेर्नीहीव में फंसे नागरिकों को वहां से निकालने के लिए और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए किया जा रहा था। यह कीव से लगभग 130 किमी उत्तरपूर्व की ओर स्थित था। चेर्निहीव में बिजली आपूर्ति भी बाधित है।

45 रूसी राजनयिकों को निकालने की तैयारी में पोलैंड

पोलैंड की इंटर्नल सिक्योरिटी एंड काउंटर एस्पियोनेज सर्विस एबीडब्ल्यू ने 45 संदिग्ध रूसी राजनयिकों की पहचान की है जो जासूस हो सकते हैं। इसने विदेश मंत्रालय से इन राजनयिकों को निकालने के लिए कहा है। 

यूके में यूक्रेन के राजदूत ने कहा- हमें हथियारों की जरूरत

यूनाइटेड किंगडम (यूके) में यूक्रेन के राजदूत वेदिम प्रिस्ताइको ने कहा है कि रूस के हमले से निपटने के लिए यूक्रेन को लंबी रेंज के एंटी टैंक हथियारों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में हथियार नहीं हैं। हमें अपना हथियारों का स्टॉक बढ़ाने के लिए मदद की जरूरत है।

जेलेंस्की बोले- पुतिन मारियुपोल में करना चाहते हैं नरसंहार

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भावुक होते हुए कहा कि रूस की मारियुपोल की घेराबंदी  नरसंहार के बराबर है, जिसमें कम से कम एक लाख नागरिक बिना भोजन और पानी के बंदरगाह शहर में फंस गए हैं।

पुतिन के खिलाफ हो रही थी साजिश

एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को डर था कि उन्हें जहर दिया जा सकता था। इसलिए उन्होंने फरवरी में अपने सभी निजी कर्मचारियों को बदल दिया था। खबरों के मुताबिक जिन लोगों को बर्खास्त किया गया उनमें रसोइया, धोबी, अंगरक्षक आदि शामिल थे।

रूस ने चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र की एक नयी प्रयोगशाला को किया नष्ट

रूसी सैन्य बलों ने चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र की एक नयी प्रयोगशाला को नष्ट कर दिया है, जो कि रेडियोधर्मी कचरे के प्रबंधन में सुधार करने के लिए काम करती थी। चेर्नोबिल अपवर्जन क्षेत्र के लिए जिम्मेदार यूक्रेन की सरकारी एजेंसी ने यह जानकारी दी।

आज नाटो में अपना पक्ष रख सकते हैं जेलेंस्की

नाटो ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को गुरुवार को वीडियो लिंक के जरिए शिखर सम्मेलन को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया।

जी-20 समूह में रूस के साथ पहले की तरह व्यापार मुश्किल: अमेरिका

अमेरिका ने कहा कि जी-20 जैसे समूह में रूस के साथ पहले की तरह व्यापार नहीं हो सकता।

Ukraine Russia War Live: जेलेंस्की ने वैश्विक रैली का आह्वान किया, कीव पर रूसी हमले के बीच रूसी पत्रकार ओक्साना बौलिना की मौत

रूस और यूक्रेन के बीच लगातार 28वें दिन भी जंग जारी है। रूसी सेना लगातार कीव समेत कई शहरों पर हमले कर रही है। दोनों देशों में कोई भी देश झुकने के लिए तैयार नहीं है। कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष द्वारा समझाने के बावजूद पुतिन मानने को तैयार नहीं है। वहीं जेलेंस्की ने पुतिन के सख्त रवैये पर कहा कि इस माहौल में रूस के साथ बातचीत बेहद मुश्किल है। इधर रूस ने भी कड़े तेवर दिखाते हुए कहा है कि यदि हमारे अस्तित्व पर खतरा मंडराया तो हम परमाणु हथियार का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

advertisement
advertisement
advertisement
advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button