7 साल कोमा में रहने के बाद दुनिया को अलविदा: पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर अक्षु फर्नांडो का 34 की उम्र में निधन
Akshu Fernando Dies: श्रीलंका क्रिकेट से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पूर्व श्रीलंकाई अंडर-19 क्रिकेटर अक्षु फर्नांडो (Akshu Fernando) का 34 साल की उम्र में निधन हो गया है। करीब 7 साल तक कोमा में रहने के बाद उन्होंने 30 दिसंबर (मंगलवार) को दुनिया को अलविदा कह दिया। इस खबर के आते ही क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
7 साल चली जिंदगी की सबसे कठिन जंग
Akshu Fernando Dies: अक्षु फर्नांडो साल 2018 में एक दर्दनाक रेल हादसे का शिकार हो गए थे। वह श्रीलंका के माउंट लाविनिया बीच के पास एक असुरक्षित रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के वक्त उनकी उम्र करीब 27 साल थी और वह ट्रेनिंग से लौट रहे थे। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हुए और हालत बेहद नाजुक हो गई। इसके बाद डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद वह कोमा में चले गए, जहां से वह कभी पूरी तरह उबर नहीं सके।
हादसे से कुछ दिन पहले खेला था मैच
इस दुखद घटना की सबसे भावुक बात यह रही कि हादसे से कुछ ही दिन पहले अक्षु फर्नांडो ने एक प्रतिस्पर्धी मैच खेला था। यानी उनका क्रिकेट करियर अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि जिंदगी ने उनसे सबसे बड़ा इम्तिहान ले लिया।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में दिखाया था दम
Akshu Fernando जनवरी 2010 में न्यूजीलैंड में खेले गए आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में श्रीलंका अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे थे। इस टूर्नामेंट में उन्होंने कनाडा और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम पारियां खेलीं और अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। उस समय उन्हें श्रीलंका क्रिकेट का उभरता हुआ ऑलराउंडर माना जा रहा था।
अक्षु फर्नांडो का घरेलू क्रिकेट करियर
अगर उनके क्रिकेट करियर पर नजर डालें, तो अक्षु फर्नांडो ने श्रीलंका के घरेलू क्रिकेट में अच्छी पहचान बनाई थी।
- फर्स्ट क्लास क्रिकेट:
- 39 मैच
- 58 पारियों में 1067 रन
- औसत 23.19
- 1 शतक और 5 अर्धशतक
- गेंदबाजी में 23 पारियों में 11 विकेट
- लिस्ट-ए क्रिकेट:
- 25 मैच
- 20 पारियों में 298 रन
- औसत 19.86
- 1 अर्धशतक
- गेंदबाजी में 17 पारियों में 7 विकेट
- टी20 क्रिकेट:
- 19 मैच
- 18 पारियों में 200 रन
- गेंदबाजी में 10 पारियों में 7 विकेट
क्रिकेट जगत में शोक
अक्षु फर्नांडो का जाना सिर्फ श्रीलंका ही नहीं, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। एक होनहार खिलाड़ी, जिसकी जिंदगी और करियर दोनों ही समय से पहले थम गए। क्रिकेट फैंस और पूर्व खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।






