• Rajnandgaon: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का 18 दिसंबर को राजनांदगांव प्रवास

    राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का 18 दिसंबर 2025 (गुरुवार) को राजनांदगांव जिले का दौरा प्रस्तावित है। जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार वे रायपुर से प्रस्थान कर राजनांदगांव, नंदई और सोमनी क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

    गुरु घासीदास बाबा जयंती व सामाजिक आयोजनों में लेंगे भाग

    कार्यक्रम अनुसार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह दोपहर 2:30 बजे राजनांदगांव पहुंचेंगे, इसके बाद नंदई में परमपूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम को वे पाटीदार भवन, राजनांदगांव में जनजाति सुरक्षा मंच की अखिल भारतीय कार्यशाला तथा ग्राम सोमनी में आयोजित जयंती कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम उपरांत वे शाम को रायपुर लौटेंगे।

    यह भी पढे़ : राजनांदगांव के यशवंत की फिल्म ‘सरकारी दमाद’ का सॉन्ग रिलीज, दर्शकों में जबरदस्त उत्साह

    यह भी पढे़ : Rajnandgaon: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजनांदगांव प्रवास पर, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

  • राजनांदगांव के यशवंत की फिल्म ‘सरकारी दमाद’ का सॉन्ग रिलीज, दर्शकों में जबरदस्त उत्साह

    राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ी सिनेमा से एक और अच्छी खबर सामने आई है। राजनांदगांव के युवा कलाकार यशवंत आनंद की आने वाली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘सरकारी दमाद’ जो 16 जनवरी 2026 को रिलीस होगी का नया सॉन्ग ‘शेर दिल’ आज रिलीज कर दिया गया है। सॉन्ग के रिलीज होते ही दर्शकों और सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

    यह भी पढे़ : Rajnandgaon: सुंदरा चौक के पास सड़क हादसा, कार की टक्कर से महिला घायल

    फिल्म का यह गीत पूरी तरह मनोरंजन से भरपूर है, जो अपनी धुन और प्रस्तुति के कारण लोगों को खूब पसंद आ रहा है और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर रहा है।

    ‘सरकारी दमाद’ में समाज की सोच पर चोट, यशवंत का सशक्त किरदार

    फिल्म ‘सरकारी दमाद’ आज के समय में समाज में चल रही उस मानसिकता को उजागर करती है, जिसमें सरकारी नौकरी वाले दामाद को विशेष नजर से देखा जाता है। फिल्म में यह दिखाया गया है कि कैसे “सरकारी दमाद” की पहचान रिश्तों, शादी और सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़ दी जाती है, और इसके चलते आम व्यक्ति की सोच किस तरह प्रभावित होती है।

    यह भी पढे़ : Rajnandgaon: बीयर पिलाने के बहाने बुलाकर की पिटाई, 7 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और एक्टिवा जब्त

    यशवंत आनंद गुप्ता ने फिल्म में प्रभावशाली भूमिका निभाई है। वहीं फिल्म की लीड एक्ट्रेस राजनांदगांव की बेटी सुरभि श्रीवास्तव हैं, जो फिल्म में अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी।

    गौरतलब है कि यशवंत इससे पहले फिल्म ‘चमन बाहर’ में भी अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींच चुके हैं। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ी आयोजनों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भूमिका निभाते रहे हैं।

    यह भी पढे़ : Rajnandgaon : स्टेट हाईवे बोरी पर देर रात हादसा, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

    फिल्म और इसके गीत को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और उम्मीद की जा रही है कि ‘सरकारी दमाद’ छत्तीसगढ़ी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाएगी।

    यह भी पढे़ : Rajnandgaon: अवैध गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई -NDPS प्रकरण में जप्त बोलेरो पिकअप 4.92 लाख रुपये में नीलाम

  • Rajnandgaon: अवैध गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई -NDPS प्रकरण में जप्त बोलेरो पिकअप 4.92 लाख रुपये में नीलाम

    राजनांदगांव। जिले में अवैध गांजा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव पुलिस ने थाना बोरतलाव के एनडीपीएस प्रकरण में जप्त एक बोलेरो पिकअप वाहन की नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न कराई है। अपराध क्रमांक 11/25 धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-10-BQ-0634 को राजसात उपरांत 4,92,911 रुपये में नीलाम किया गया। नीलामी से प्राप्त संपूर्ण राशि शासन के कोषालय में जमा करा दी गई है।

    जिला दण्डाधिकारी, राजनांदगांव के आदेशानुसार जप्त वाहनों की नीलामी हेतु गठित समिति द्वारा वाहन का विधिवत निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। समिति में लोक निर्माण विभाग (ई/एम.), क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे। राज्य शासन के निर्देशानुसार केंद्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रम एमएसटीसी (MSTC Ltd.) के माध्यम से ऑनलाइन नीलामी कराई गई, जिससे अधिक से अधिक बोलीदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित हो सकी।

    उल्लेखनीय है कि दिनांक 30 मार्च 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ओडिशा से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के सागर ले जाया जा रहे 243.54 किलोग्राम गांजा को जब्त किया था, जिसकी अनुमानित कीमत 36,53,100 रुपये थी। गांजा बोलेरो पिकअप के ट्राली में सब्जी की टोकरी में छिपाकर ले जाया जा रहा था। मौके से संतोष पाल एवं दिलावर अली को गिरफ्तार किया गया था, जबकि विवेचना के दौरान फरार आरोपी आमीर एवं गांजा खरीददार काले बहादूर को सागर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। विवेचना पूर्ण कर आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है।

    पुलिस की इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

    यह भी पढे़ : Rajnandgaon: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजनांदगांव प्रवास पर, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

  • Rajnandgaon: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजनांदगांव प्रवास पर, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

    राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज 17 दिसंबर 2025 (बुधवार) को राजनांदगांव जिले के प्रवास पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार वे शाम को ​भिलाई स्थित निवास से प्रस्थान कर राजनांदगांव पहुंचेंगे, जहां वे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

    सतनाम भवन व गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे पूर्व मुख्यमंत्री

    कार्यक्रम के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम 7:30 बजे सतनाम भवन, जी.ई. रोड, राजनांदगांव पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे, कार्यक्रम उपरांत वे रात्रि में पुनः भिलाई के लिए प्रस्थान करेंगे।

    यह भी पढे़ : Rajnandgaon: सुंदरा चौक के पास सड़क हादसा, कार की टक्कर से महिला घायल

  • CG : बस्तर में पल्स पोलियो अभियान : 21 दिसंबर को करीब सवा लाख बच्चों को मिलेगी जीवन रक्षक खुराक

    जगदलपुर, बस्तर जिले में पोलियो के खिलाफ जंग को और मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार 21 दिसंबर को होने वाले इस मेगा अभियान में 0 से 5 वर्ष के एक लाख 24 हजार 377 बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि कोई भी बच्चा वंचित न रहे, और शत-प्रतिशत कवरेज हासिल हो।
         कलेक्टर हरिस एस की अध्यक्षता में आयोजित डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठक में जिला स्तर के सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा विभिन्न विभागों के मैदानी अमले के साथ समन्वय स्थापित कर प्रचार-प्रसार किया जाए। हर गांव, हर पारे-टोले तक संदेश पहुंचे, ताकि उपलब्धि 100 प्रतिशत हो। बैठक में अंतरविभागीय समन्वय पर जोर दिया गया, जिसमें स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा और स्थानीय प्रशासन की भूमिका अहम बताई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कार्यशाला और प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान टीकाकरण कर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। जिले में कुल 498 बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिनमें जगदलपुर शहरी क्षेत्र में 72 बूथ शामिल हैं। इसके अलावा, 100 सुपरवाइजर, 1992 टीकाकरण कार्यकर्ताओं, 20 मोबाइल टीम और 24 ट्रांजिट टीम तैनात रहेंगी। विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। मोबाइल टीमें बाजारों, मेला-मड़ई, ईंट भट्टों, भवन निर्माण स्थलों, घुमंतु बसाहटों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर आने-जाने वाले बच्चों को दवा पिलाएंगी। सीएमएचओ डॉ. बसाक ने बताया  कि यह अभियान न केवल पोलियो को जड़ से समाप्त करेगा, बल्कि हर्ड इम्युनिटी को मजबूत बनाकर वातावरण में मौजूद वाइल्ड पोलियो वायरस को निष्क्रिय कर देगा।
         भारत को पोलियो मुक्त बनाने की यह मुहिम देशव्यापी है, लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं, जो हमारे लिए खतरे की घंटी है। अच्छी खबर यह है कि सन 2011 से पूरे भारत में एक भी पोलियो का केस दर्ज नहीं हुआ। छत्तीसगढ़ में तो 2002 से और बस्तर जिले में 1996 से कोई प्रकरण रिपोर्ट नहीं हुआ। यही कारण है कि यह अभियान हर साल और सशक्त होता जा रहा है।
    कलेक्टर हरिस ने जिले की जनता से अपील की है कि अपने 0 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को 21 दिसंबर को ही नजदीकी बूथ पर ले आएं। बूथ पर दवा पिलाना सबसे प्रभावी तरीका है। आपके एक कदम से बस्तर और छत्तीसगढ़ पूरी तरह पोलियो मुक्त बनेगा। अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रेडियो, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। पल्स पोलियो अभियान न केवल स्वास्थ्य की रक्षा करता है, बल्कि समुदाय की एकजुटता का प्रतीक भी है। जिले के सभी निवासियों से उम्मीद है कि वे इस नेक मुहिम में पूर्ण सहयोग करेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ और सुरक्षित रहें।

  • Rajnandgaon: सुंदरा चौक के पास सड़क हादसा, कार की टक्कर से महिला घायल

    राजनांदगांव। राजनांदगांव–दुर्ग मुख्य मार्ग पर सुंदरा चौक के पहले बुधवार को एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार की टक्कर से सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक्टिवा से जा रही एक महिला घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

    टक्कर के बाद चालक मौके से फरार

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजनांदगांव से दुर्ग की ओर जा रही अर्टिगा कार क्रमांक CG 08 AM 5334 अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई, इसके बाद विपरीत दिशा में जाकर महिला की एक्टिवा को जोरदार ठोकर मार दी।
    हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर खेत की ओर भाग गया। मौके पर शराब की बोतल मिलने से चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
    सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    यह भी पढे : Rajnandgaon : स्टेट हाईवे बोरी पर देर रात हादसा, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

  • CG : कलेक्टर ने लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल के कलाकारों का किया सम्मान

    शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में हासिल किया था प्रथम स्थान  

    कोंडागांव, जनजातीय गौरव दिवस 2025 पर सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में प्रथम स्थान हासिल करने वाले कोंडागांव जिले की लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल के दल कलाकारों ने मंगलवार को जिला कार्यालय में कलेक्टर 16 दिसंबर 2025 नूपुर राशि पन्ना से भेंट की। इस दौरान कलेक्टर पन्ना ने दल के कलाकारों का सम्मान किया और  सभी कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “आप सभी ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन से जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है।
    गौरतलब है की आदिम जाति विकास विभाग द्वारा अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में नृत्य दल ने शानदार प्रदर्शन किया था और समारोह की मुख्य अतिथि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उन्हें प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मान मिला था। सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी ने भी सभी कलाकारों को जिले का गौरव और सम्मान बढ़ाने के लिए बधाई दिए।

  • CG : समर्थन मूल्य से किसान परिवार को मिला आर्थिक संबल

    समय पर भुगतान और बोनस से किसान जीवन में खुशहाली

    धमतरी, धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद के मेहनती किसान रामकुमार सिन्हा आज शासन की कृषि हितैषी नीतियों से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। वे लगभग 15 एकड़ भूमि में परंपरागत तरीके से धान की खेती करते हैं। खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। वर्षों की मेहनत और अनुभव के साथ उन्होंने खेती को व्यवस्थित रूप से अपनाया है।

     वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष में सिन्हा ने अब तक 22 क्विंटल धान की बिक्री समर्थन मूल्य पर की है। शेष धान के लिए उन्होंने समय पर टोकन भी कटवा लिया है। उन्होंने बताया कि “टोकन तुंहर” एप के माध्यम से टोकन कटवाने की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समय की बचत करने वाली है। पहले जहां समितियों के चक्कर लगाने पड़ते थे, अब मोबाइल से ही काम हो जाता है।

     किसान सिन्हा ने बताया कि शासन द्वारा धान खरीदी की सीमा (लिमिट) बढ़ाए जाने से छोटे और मध्यम किसानों को विशेष राहत मिली है। इससे किसानों को अपनी पूरी उपज बेचने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य शासन का आभार जताया।
      समर्थन मूल्य के साथ मिलने वाले लाभांश और बोनस से किसान परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। खेती से प्राप्त आय से घर का खर्च सुचारू रूप से चल रहा है। बच्चों की अच्छी शिक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। परिवार के स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को भी समय पर पूरा किया जा रहा है। खेती अब केवल गुजारे का साधन नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन का आधार बन गई है।

     कृषक सिन्हा का कहना है कि शासन की योजनाओं ने किसानों का भरोसा बढ़ाया है। समय पर भुगतान, डिजिटल व्यवस्था और पारदर्शिता से किसानों में उत्साह है। वे अन्य किसानों को भी शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हैं।

      किसान रामकुमार सिन्हा बताते है कि सही नीतियां, तकनीक और समर्थन मिलने पर किसान सशक्त बनता है। यह शासकीय योजनाओं की सफलता और किसान समृद्धि की एक प्रेरक मिसाल है।

  • CG : पीएम जनमन योजना से जिले के वनांचल को मिलेगी नई सड़कें

    कमार जनजाति के विकास के लिए करोड़ों की स्वीकृति, कार्य गति

    आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा सशक्त आधार

    गरियाबंद, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री पीवीटीजी विकास मिशन के अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण के साथ-साथ सड़क एवं दूरसंचार संपर्क तथा स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में निवासरत अति विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पीएम जनमन योजना भाग-1 के अंतर्गत कुल 35 सड़कों जिनकी लंबाई 65.30 किमी है। छ.ग. ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि इन निर्माण कार्याें के लिए 3909.34 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें से 19 सड़कों का डामरीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 16 सड़कों का कार्य प्रगतिरत है। सड़कों के पूर्ण होने पर वनग्रामों को जिला एवं ब्लॉक मुख्यालय से बारहमासी पक्की सड़क सुविधा मिलेगी। जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक आसानी से पहुंच सकेगा।


    इसी प्रकार पीएम जनमन योजना भाग-2 के अंतर्गत जिले में 14 सड़कें जिनकी कुल लंबाई 32.35 किमी के निर्माण के लिए 1930.96 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य प्रगतिरत है। योजना के तहत बनने वाली सड़कों से वनांचल क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और अति पिछड़ी जनजाति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

  • CG : संत बाबा गुरू घासीदास जयंती पर राज्यपाल डेका ने दी शुभकामनाएं

    रायपुर, राज्यपाल रमेन डेका ने संत गुरू घासीदास जी की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। राज्यपाल ने कहा है कि गुरू घासीदास जी ने मानव समाज को प्रेम और सद्भावना का संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव एवं असमानता को दूर कर समतामूलक समाज स्थापित करने पर बल दिया। उनके विचार सभी के लिए मार्गदर्शक हैं और हमें उनके बताए हुए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

  • Rajnandgaon : स्टेट हाईवे बोरी पर देर रात हादसा, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

    राजनांदगांव। स्टेट हाईवे बोरी क्षेत्र में बीती रात एक सड़क दुर्घटना हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पोल भी टूटकर वाहन पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर CG08 R 5951 बताया जा रहा है।

    यह भी पढें : राजनांदगांव : सब्जियां बिगाड़ रही बजट, ठंड में भी दाम कम नहीं

    टक्कर जरूर हुई, लेकिन किसी को कोई नुकसान नहीं – टीआई कैलाशचंद मरई

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस संबंध में टीआई कैलाशचंद मरई ने बताया कि यह केवल टक्कर की घटना है और किसी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है। सभी लोग सुरक्षित हैं।

    यह भी पढे : राजनांदगांव : सब्जियां बिगाड़ रही बजट, ठंड में भी दाम कम नहीं

  • CG : परंपरागत खेती छोड़कर ड्रेगन फ्रूट की राह किसान

    कम पानी, अधिक संभावनाएँ: ड्रेगन फ्रूट की ओर बढ़ते कदम
        
    रायपुर,

    कम पानी, अधिक संभावनाएँ: ड्रेगन फ्रूट की ओर बढ़ते कदम

    परंपरागत खेती और फसलों से आगे बढ़ते हुए अपने खेत में ड्रेगन फ्रूट (Dragon Fruit) की खेती अपनाई है। वर्तमान प्रगतिशील किसान साहिल बैस ने लगभग दो एकड़ क्षेत्र में ड्रेगन फ्रूट का रोपण किया है, जो जिले में नवाचारी बागवानी का सशक्त उदाहरण है। धमतरी जिले के ग्राम बगिया के प्रगतिशील किसान साहिल बैस आधुनिक और लाभकारी खेती की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

    कम पानी में उगने वाली फसल ड्रेगन फ्रूट

       साहिल बैस बताते हैं कि ड्रेगन फ्रूट की खेती उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से शुरू की। प्रारंभिक वर्ष में संरचना निर्माण, पौध क्रय एवं देखरेख पर निवेश अधिक होने के कारण पिछले वर्ष “नो प्रॉफिट-नो लॉस” की स्थिति रही, किंतु पौधों के परिपक्व होने के साथ ही आने वाले वर्षों में अच्छा मुनाफा मिलने की पूरी संभावना है।
    ड्रेगन फ्रूट एक कम पानी में उगने वाली फसल है। बैस ने खेत में ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाई है, जिससे पानी की बचत के साथ-साथ पौधों को आवश्यकतानुसार नमी मिलती है। यह फसल जल संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी है। सामान्यतः 7–10 दिन में हल्की सिंचाई पर्याप्त रहती है, जिससे सिंचाई लागत कम होती है। यह कैक्टस परिवार का पौधा है l

    ड्रेगन फ्रूट 3 से 4 वर्षों में पूर्ण उत्पादन देता है

              ड्रेगन फ्रूट की खेती में अच्छी जल निकास वाली रेतीली-दोमट मिट्टी उपयुक्त मानी जाती है। यह फसल उष्ण एवं अर्ध-शुष्क जलवायु में अच्छी तरह पनपती है। रोपण के लगभग 12 से 18 माह बाद पौधों में फल आना शुरू हो जाता है, जबकि 3–4 वर्षों में पूर्ण उत्पादन क्षमता प्राप्त हो जाती है। एक पौधे से औसतन 3 से 5 किलोग्राम फल प्राप्त किया जा सकता है।

    पोषक तत्वों, फाइबर एवं एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर ड्रेगन फ्रूट

        बाजार की बात करें तो ड्रेगन फ्रूट की शहरी एवं स्वास्थ्य-सचेत उपभोक्ताओं में तेजी से मांग बढ़ रही है। यह फल पोषक तत्वों, फाइबर एवं एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होने के कारण उच्च मूल्य पर बिकता है। वर्तमान में स्थानीय बाजारों के साथ-साथ थोक व्यापारियों से भी अच्छे दाम मिलने की संभावना रहती है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
    रख-रखाव की दृष्टि से यह फसल अपेक्षाकृत कम रोग-कीट प्रभावित होती है। समय-समय पर छंटाई, सहारा व्यवस्था (पिलर सिस्टम) एवं जैविक खाद का उपयोग कर उत्पादन को और बेहतर बनाया जा सकता है।

    किसानों की आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार

                साहिल बैस की यह पहल जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सिद्ध करता है कि यदि किसान आधुनिक तकनीक, कम पानी वाली फसलें एवं बाजार मांग को ध्यान में रखकर खेती करें, तो कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है। ड्रेगन फ्रूट जैसी उन्नत बागवानी फसलें भविष्य में किसानों की आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार बन सकती हैं।

  • CG : कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मिला सहाकारिता का ज्ञान

    कृषि विश्वविद्यालय में सहकारिता पर प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित

    रायपुर,

     कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मिला सहाकारिता का ज्ञान

    इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नैफेड) द्वारा कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सेमिनार हॉल में प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सहकारिता व कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर अपने ज्ञान एवं कौशल का प्रदर्शन किया।  कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं के पश्चात विजेताओं को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मोनिका नायक ने प्रथम, अनुष्का चौरसिया ने द्वितीय तथा किशन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में गरिमा झा प्रथम, रूपाली साहू द्वितीय एवं अनुष्का चौरसिया तृतीय रहीं। निबंध प्रतियोगिता में तेजश्री ने प्रथम, ऋचा विशाल शर्मा ने द्वितीय तथा कुसुम सरकार ने तृतीय स्थान हासिल किया।

    समारोह में राज्य मुख्य अधिकारी, नैफेड संजय कुमार सिंहने अपने संबोधन में कहा कि नैफेड किसानों के हित में देशभर में अनेक योजनाओं का संचालन कर रहा है। उन्होंने बताया कि नैफेड के माध्यम से किसानों द्वारा निर्मित स्टोरेज हाउस को किराए पर देकर उनकी आय बढ़ाई जा सकती है, जिससे किसान आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्य अतिथि डॉ. गिरीश चंदेल ने नैफेड की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्था अब केवल अनाज एवं दलहन की खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि आयात-निर्यात के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) कृषि क्षेत्र संयुक्त रूप से कार्य करेंगे, जिससे पोषण सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और मानव रोगों में कमी आएगी।  विशिष्ट अतिथि रघुवीर सिंह रघुवंशी, निदेशक, नैफेड ने सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम का आयोजन   कृषि महाविद्यालय रायपुर की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे के समन्वय से किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. रामा मोहन सावु, डॉ. अन्नू वर्मा, डॉ. ऐश्वर्या टंडन, डॉ. पायल जायसवाल सहित अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

  • CG : शराब घोटाला : हर महीने दो करोड़ कमीशन लेने का आरोप, पूर्व आबकारी मंत्री लखमा को स्पेशल कोर्ट में किया पेश…

    रायपुर। शराब घोटाले मामले में जेल में कैद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को आज ईडी के स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान लखमा ने मीडिया से चर्चा में जेल में ठीक नहीं लगने के साथ तबीयत खराब होने का भी हवाला दिया.

    बता दें कि इस साल के शुरुआत में शराब घोटाला मामले में ईडी ने पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को 15 जनवरी को गिरफ्तार किया था. तब से वे जेल में हैं. हाल ही में ईडी ने कवासी लखमा के खिलाफ चार्जशीट भी पेश किया था. इसी कड़ी में आज कवासी लखमा को ईडी के स्पेशल कोर्ट में सुनवाई के लिए पेश किया गया.

    मीडिया से चर्चा में कवासी लखमा ने कहा कि जनवरी में जेल जाने के बाद पहली बार आज बाहर आया हूं. कितने बार बोलने के बाद आज बाहर आया हूं. मुझे हार्ट के साथ-साथ शुगर और आंख की बीमारी है. वहीं विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के सवाल पर लखमा ने कहा – क्या करें?


    हर महीने दो करोड़ कमीशन लेने का आरोप

    शराब घोटाला की जांच न केवल ईडी बल्कि ईओडब्ल्यू भी कर रही है. आरोप है कि भूपेश बघेल की सरकार के दौरान आबकारी मंत्री रहे कवासी लखमा ने शराब माफियाओं को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों को शिथिल किया. इसके साथ ही उन्हें इस सिंडिकेट से हर महीने 2 करोड़ रुपए का कमीशन मिलता था.

  • CG : नवीन छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को जारी किया गया पत्र

    अम्बिकापुर, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने शासकीय, अशासकीय एवं विभिन्न संस्थानों के प्राचार्यों को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार  महाविद्यालय में नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं एवं ऐसे छात्र-छात्रा जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, किन्तु उनका नाम मतदाता सूची में अभी तक नहीं जुड़ पाया है। उन सभी छात्र-छात्राओं को चिन्हांकित करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अवधि तक ऑफलाईन फार्म (06) एवं  Voters.eci.gov.in  के माध्यम से ऑनलाइन फार्म भरवाया जाए। उन्होंने इस हेतु कार्यक्रम आयोजित कर  एक दिवस पूर्व उक्त कार्यक्रम की सूचना स्वीप शाखा में प्रेषित करने तथा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार महाविद्यालयीन स्तर पर करने निर्देशित किया है।

  • CG : स्वच्छता दीदी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है डोर टू डोर कचरा संग्रहण

    रायपुर,

     स्वच्छता दीदी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है डोर टू डोर कचरा संग्रहण

    ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वच्छता दीदी के द्वारा डोर टू डोर कचरा संग्रहण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। कचरा का उचित जगह निष्पादन भी किया जा रहा है l          
                कलेक्टर सूरजपुर के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में जिले के जनपद सूरजपुर की ग्राम पंचायत तिलसीवा, जनपद प्रतापपुर की ग्राम पंचायत मरहट्टा एवं चंदौरा, तथा जनपद रामानुजनगर की ग्राम पंचायत पोंडी और उमेशपुर में स्वच्छता दीदियों द्वारा घर-घर जाकर कचरा संग्रहण किया जा रहा है।
            इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। डोर टू डोर कचरा संग्रहण से गांवों में साफ-सफाई की स्थिति में सुधार हो रहा है, वहीं ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
            उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

  • CG : उद्योग मंत्री ने दी बाबा गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं

    रायपुर, वाणिज्य उद्योग और श्रममंत्री लखन लाल देवांगन ने सतनाम पंथ के प्रवर्तक बाबा गुरू घासीदास जी की 18 दिसम्बर को जयंती के अवसर पर जिले समेत प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। मंत्री देवांगन ने कहा कि महान संत बाबा गुरू घासीदास ने सामाजिक, आर्थिक, शोषण तथा जातिवाद,  अन्याय और अत्याचार के विरूद्ध आवाज उठाकर मनखे-मनखे एक समान है का संदेश दिया। देवांगन ने कहा कि समाज को एकता के सूत्र में पिरोने वाले बाबा गुरू घासीदास शांति, सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। समाज को नई दिशा प्रदान करने में उनका अतुलनीय योगदान है। उनके उपदेश आज भी प्रासंगिक हैं। उनका जीवन दर्शन और विचार मूल्य पूरी मानव जाति के लिए कल्याणकारी है और अनुकरणीय है।

  • CG : सोसाइटी में सुगमता से धान विक्रय की सुगम सुविधाओं की किसान ने की सराहना

    रायपुर, समिति में मौजूद मजदूरों द्वारा ही धान की तौल, सिलाई एवं अन्य आवश्यक कार्य किए गए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सहयोगपूर्ण होने के कारण धान विक्रय में उन्हें काफी सुविधा मिली।

            सूरजपुर जिले के ग्राम खडगवाकला निवासी किसान सर्विस कुमार यादव द्वारा अपना धान सुंदरा सेवा सहकारी समिति में विक्रय किया गया। किसान सर्विस कुमार यादव ने बताया कि समिति में धान विक्रय की प्रक्रिया अत्यंत सुगम एवं व्यवस्थित रही।

             किसान सर्विस कुमार यादव ने धान खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए इसके लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जो व्यवस्थाएं की गई हैं, उससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है और धान विक्रय प्रक्रिया सरल व पारदर्शी बनी है।

           सरकार किसान हित में 21 क्विंटल प्रति एकड़ की 3100 रुपये की दर समिति के माध्यम से खरीद रहीं है l इसके अलावा टोकन मिलने और भुगतान प्राप्त करने में कोई समस्या नहीं हुई l

  • CG : गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 18 दिसंबर को शुष्क दिवस घोषित

    महासमुंद, राज्य शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए गुरुवार 18 दिसंबर को गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है। जिसके फलस्वरूप कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने उक्त शुष्क दिवस में जिले की समस्त देशी, विदेशी, कम्पोजिट, प्रीमियम मदिरा की फुटकर दुकानों, एफ.एल. 3 सपना बार एण्ड रेस्टोरेंट तथा मद्य भंडागार पूर्णतः बंद रखने आदेशित किया है। उक्त दिवस में मदिरा का संपूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा।

  • CG : घने कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन आयुक्त की एडवाइजरी, जिले में सतर्कता के निर्देश

    महासमुंद, उत्तर भारत में यमुना एक्सप्रेसवे, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे एवं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण हुए भीषण सड़क हादसों में कई लोगों की जान चली गई है। इन दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ द्वारा राज्यभर के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
    एडवाइजरी में प्रदेश सहित महासमुंद जिले के समस्त यात्री बस संचालकों एवं व्यावसायिक वाहन चालकों से अपील की गई है कि घने कोहरे में वाहन चलाना अत्यंत जोखिम भरा होता है। कोहरे में वाहन चलाना मानो आंखों पर पट्टी बांधकर गाड़ी चलाने जैसा है, इसलिए विशेष सावधानी बरतना अनिवार्य है। परिवहन आयुक्त द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कोहरे में वाहन चलाते समय गति कम रखें और हेडलाइट हमेशा चालू रखें। हेडलाइट को लो बीम मोड पर ही रखें, क्योंकि हाई बीम कोहरे में दृश्यता को और कम कर देती है। जिन वाहनों में फॉग लैंप उपलब्ध हैं, उन्हें अवश्य चालू करें। कोहरे में न केवल स्वयं को दिखाई देना जरूरी है, बल्कि दूसरों को दिखाई देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कोहरे के दौरान डिफॉस्टर एवं विंडस्क्रीन वाइपर का उपयोग करें, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा लेन अनुशासन का पालन करते हुए ओवरटेक करने से बचें। यदि परिस्थितियां अत्यधिक प्रतिकूल हों और वाहन चलाना संभव न हो, तो वाहन को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर इंडिकेटर लाइट चालू रखें।
    जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग महासमुंद ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जन-जीवन सुरक्षित रह सके।