• Rajnandgaon: दिग्विजय कॉलेज में ABVP का प्रदर्शन: प्राचार्य का पुतला दहन, छात्राओं की निजी जानकारी सार्वजनिक करने का लगाया गंभीर आरोप….

    राजनांदगांव। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में आज उस समय माहौल गर्म हो गया, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य सुचित्रा गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। संगठन ने कॉलेज प्रशासन पर छात्राओं की निजी जानकारी सार्वजनिक करने का गंभीर आरोप लगाया है।

    जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को कुछ विद्यार्थियों के मोबाइल फोन प्राचार्य द्वारा जब्त किए गए थे। इस कार्रवाई का छात्र संगठनों ने विरोध किया, जिसके बाद मोबाइल वापस कर दिए गए। आरोप है कि मोबाइल लौटाने के बाद संबंधित विद्यार्थियों के नाम, मोबाइल नंबर, पिता का नाम एवं अन्य निजी जानकारी कॉलेज की वेबसाइट और सूचना बोर्ड पर चस्पा कर दी गई, जिसे ABVP ने निजता का उल्लंघन बताया है।

    छात्राओं की गरिमा और सुरक्षा का मुद्दा

    प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांदना श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान द्वारा छात्राओं की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक करना अत्यंत गैरजिम्मेदाराना कृत्य है। उन्होंने इसे छात्राओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा।

    जिला संयोजक धनंजय पांडे ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्राओं की निजता से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर मंत्री अक्षत कुमार श्रीवास्तव ने भी कॉलेज प्रशासन को जिम्मेदारी समझने की नसीहत देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोहराई गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।

    कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति

    प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में माहौल सामान्य हो गया। इस पूरे घटनाक्रम ने शिक्षा संस्थानों में छात्राओं की निजता और डेटा सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से पारदर्शी और जिम्मेदार रवैया अपनाने की मांग की है।

    प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतीक गढ़वाल, जीत प्रजापति, नगर सह मंत्री भूपेंद्र पाल, नगर महाविद्यालय प्रमुख जीत शर्मा, सह प्रमुख वेणुका, नगर SFD प्रमुख कुलदीप पाल, नगर SFS प्रमुख चैतन्या द्विवेदी, राष्ट्रीय कला मंच प्रमुख युक्ता मांडवी, प्रिया, नगर सोशल मीडिया संयोजक यश श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    Read Also: CG : 4 लोगों को ट्रक ने लिया चपेट में, दो की मौत …

  • महिला सशक्तिकरण और कुपोषण मुक्ति के लिए 6 जिले के 42 स्व-सहायता समूह को रेडी-टू-ईट निर्माण एवं वितरण का कार्य

    रायपुर, 16 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में कुपोषण दूर करने और महिला सशक्तिकरण के लिए रेडी-टू-ईट फूड निर्माण का काम महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपते हुए 6 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस पहल के तहत रायगढ़, बस्तर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार, कोरबा, और सूरजपुर जिलों में आंगनबाड़ियों के लिए पौष्टिक आहार निर्माण का कार्य महिला समूहों को मिला है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पूरक पोषण आहार (रेडी टू ईट) के निर्माण और वितरण का कार्य महिला स्वसहायता समूहों को सौंपने का फैसला किया। राज्य के 6 जिले के 42 महिला स्व-सहायता समूहों को रेडी टू ईट के निर्माण और वितरण का कार्य सौंपा गया है।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण और कुपोषण मुक्ति के इस मिशन को प्रथम चरण में प्रदेश के 6 जिलों – बस्तर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़ एवं सूरजपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जा रहा है। वहीं रायगढ़ प्रदेश का पहला जिला बन गया है, जहां महिला समूहों ने ‘रेडी-टू-ईट’ उत्पादन प्रारंभ किया है। यह पहल महिलाओं की आर्थिक समृद्धि और बच्चों के स्वास्थ्यकृदोनों को नई दिशा प्रदान करेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा-10 स्व-सहायता समूह को रेडी-टू-ईट निमाण का कार्य सौंपा जा चुका है। इसी प्रकार रायगढ़-10 स्व-सहायता समूह, सूरजपुर और बलौदाबाजार-भाठापारा जिला में 7-7 स्व- सहायता समूह को, बस्तर जिले में 6 स्व-सहायता समूह और दंतेवाड़ा में 2 महिला स्व-सहायता समूह को रेडी-टू-ईट निमाण का कार्य सौंपा जा चुका है। इन स्व-सहायता समूहों के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पूरक पोषण आहार (रेडी टू ईट) का निर्माण और वितरण का कार्य किया जा रहा है।

    महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इन समूहों की बहनें अब आंगनबाड़ी के बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ इस कार्य से अपनी आमदनी भी बढ़ाएंगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी। यह योजना महिलाओं को स्व-रोजगार के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण और परिणामोन्मुखी पहल है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से बच्चों को पोषण युक्त आहार प्रदान कर राज्य के पोषण स्तर में सुधार लाने में भी यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी।

  • Rajnandgaon: दिग्विजय महाविद्यालय में हंगामा, छात्र संगठनों के हस्तक्षेप के बाद लौटाए गए फोन

    राजनांदगांव। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में सोमवार सुबह उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब प्राचार्य द्वारा कैंपस में मोबाइल उपयोग कर रहे छात्रों के फोन जप्त कर लिए गए। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

    जानकारी के अनुसार, कॉलेज परिसर में कुछ छात्र कैंपस के पास बैठे हुए अपने मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे थे। इसी दौरान प्राचार्य निरीक्षण के लिए परिसर में पहुंचीं। छात्रों के हाथ में मोबाइल देख उन्होंने बिना किसी पूर्व चेतावनी के करीब 15–20 छात्रों के मोबाइल फोन जप्त कर कार्यालय में जमा करवा दिए।

    छात्रों का आरोप — पढ़ाई के लिए कर रहे थे उपयोग

    छात्रों का कहना है कि वे मोबाइल का उपयोग संबंधित विषय और अध्ययन सामग्री देखने के लिए कर रहे थे। उनका आरोप है कि उन्होंने बार-बार अनुरोध किया कि मोबाइल वापस कर दिया जाए, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई और मोबाइल दो दिनों तक कार्यालय में जमा रखने की बात कही गई।

    छात्र संगठनों की एंट्री, बढ़ा विवाद

    घटना की जानकारी मिलते ही एनएसयूआई और एबीवीपी के पदाधिकारी महाविद्यालय पहुंचे और प्राचार्य से चर्चा की। छात्र संगठनों ने मोबाइल जप्त करने की कार्रवाई पर आपत्ति जताई और तत्काल मोबाइल लौटाने की मांग की।

    इस दौरान कॉलेज परिसर में नारेबाजी भी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ता देख महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक मौके पर पहुंचे और समझाइश दी।

    आधे घंटे बाद सुलझा मामला

    करीब आधे घंटे तक चले विवाद और चर्चा के बाद प्राचार्य ने छात्रों के मोबाइल लौटाने का निर्णय लिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

    छात्र संगठनों का कहना है कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई से पहले छात्रों को स्पष्ट निर्देश और नियमों की जानकारी दी जानी चाहिए। वहीं कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

    Read Also: CG : राजनांदगांव केमिकल फैक्ट्री में आगजनी की बड़ी घटना …

  • Rajnandgaon: वैष्णव समाज की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय, राजगामी संपदा अध्यक्ष पद पर जताया दावा

    राजनांदगांव। श्री वैष्णव महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई, जिसमें राजगामी संपदा के अध्यक्ष पद को लेकर अहम निर्णय लिया गया। बैठक में समाज के सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि राजगामी संपदा का अध्यक्ष वैष्णव समाज से ही होना चाहिए।

    बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजगामी संपदा का ऐतिहासिक संबंध वैष्णव समाज से रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि रियासत काल में राजा रणवीर वैष्णव थे, इसलिए अध्यक्ष पद पर वैष्णव समाज का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।

    समाज ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि राजगामी संपदा के अध्यक्ष पद पर वैष्णव समाज के व्यक्ति को मनोनीत किया जाए। इस प्रस्ताव को बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।

    बैठक के पश्चात वैष्णव समाज के प्रमुख पदाधिकारी रायपुर के लिए रवाना हुए। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निवास पहुंचकर अपनी मांग अभिषेक सिंह के समक्ष रखी। समाज प्रतिनिधियों को इस संबंध में आश्वासन मिला है।
    हालांकि समाज के सदस्यों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। फिलहाल सभी की निगाहें शासन के आगामी निर्णय पर टिकी हैं।

    डॉ. रमन सिंह के निवास पहुंचे वैष्णव समाज के प्रतिनिधि, अध्यक्ष पद पर जताया दावा

    रायपुर। श्री वैष्णव महासभा के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निवास पहुंचकर राजगामी संपदा के अध्यक्ष पद को लेकर अपनी मांग पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के समक्ष रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से राजगामी संपदा का संबंध वैष्णव समाज से रहा है, इसलिए अध्यक्ष पद पर वैष्णव समाज का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।
    समाज ने अपनी बात रखते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे। मुलाकात के दौरान श्री सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया गया है।

  • राजगामी संपदा के अध्यक्ष पद पर वैष्णव समाज का दावा, बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

    राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ – श्री वैष्णव महासभा ने आज एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न की है, जिसमें राजगामी संपदा के अध्यक्ष पद के लिए वैष्णव समाज के व्यक्ति को मनोनीत करने का निर्णय लिया गया है।

    बैठक में समाज के सदस्यों ने सर्वसम्मति से एकजुटता का परिचय देते हुए कहा कि राजगामी संपदा वैष्णव समाज की है और रणवीर राजा वैष्णव थे। राजनांदगांव का रियासत राजा का था, इसलिए राजगामी संपदा के अध्यक्ष पद के लिए वैष्णव समाज हकदार है।

    समाज ने शासन प्रशासन से मांग की है कि वैष्णव समाज को ही प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और राजगामी संपदा का अध्यक्ष वैष्णव होना चाहिए। इस बात को सर्वसम्मति से समाज ने पास किया है।

    समाज के सदस्यों ने कहा कि वे इस निर्णय के लिए एकजुट हैं और शासन प्रशासन से अपनी मांग को पूरा करने की अपील करते हैं।

  • CG: 18 फीट ऊंचे शिव प्रतिमा का उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने पूजन अर्चना कर किया अनावरण, विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में हुए सम्मिलित

    रायपुर, 15 फ़रवरी 2026

    18 फीट ऊंचे शिव प्रतिमा का उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने पूजन अर्चना कर किया अनावरण, विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में हुए सम्मिलित
    18 फीट ऊंचे शिव प्रतिमा का उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने पूजन अर्चना कर किया अनावरण, विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में हुए सम्मिलित

    कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन  रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर कोरबा शहर के विभिन्न शिवालयों में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित हुए।

    जेसीआई कोरबा द्वारा मोतीसागर बस्ती के समीप मुक्तिधाम में भगवान शंकर की 18 फीट ऊंची मूर्ति की कैबिनेट मंत्री सह कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने पूजा-अर्चना कर अनावरण किया। 

    इस अवसर पर मंत्री श्री लखन लाल लाल देवांगन ने जेसीआई कोरबा द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब वह कोरबा के महापौर थे तब इस मुक्तिधाम का कायाकल्प किया गया था।  जेसीआई ने इस मुक्तिधाम की व्यवस्था कब बेहतर तरीके से रखरखाव एवं संचालन किया जा रहा है।

    इस अवसर पर श्री टी एन बजाज, श्री अभिषेक अग्रवाल  श्री राम कुमार सोनी, श्री रोहित असरानी , श्री निश्छल टमकोरिया,श्री पी एस गांधी जी, सभापति श्री नूतन सिंह , भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद श्रीमती रूबी सागर जी, पार्षद श्रीमती राधा महंत , पार्षद श्री तामेश अग्रवाल,पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन , मंडल अध्यक्ष श्री योगेश मिश्रा , अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री राजेंद्र अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

    इसी तरह मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मानिकपुर में भगवान शंकर की प्राण प्रतिष्ठा में सम्मिलित होकर पूजा अर्चना की। समिति की मांग पर मंदिर  के पास सामुदायिक भवन हेतु 15 लाख की घोषणा की।  नेहरू नगर कुआं भट्ट में महिला समिति द्वारा आयोजित शिव मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक में सम्मिलित होकर पूजन अर्चना किया। मंदिर परिसर में किचन शेड हेतु 5 लाख की घोषणा की। 

    इसी तरह बालको नगर के परसा भाटा बिहीबड़ी में नवनिर्मित शंकर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा में सम्मिलित होकर पूजा अर्चना कर क्षेत्र वासियों के मंगल कामना की। समिति की मांग पर मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन हेतु 10 लाख की घोषणा की।

    बुधवारी बस्ती को सामुदायिक भवन की सौगात, किया लोकार्पण

    कोरबा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गौरी शंकर मंदिर के समीप बने 10 लाख की लागत के सामुदायिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र वासियों ने मंत्री श्री देवांगन का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह, पार्षद सुख सागर निर्मलकर, पार्षद पंकज देवांगन, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, पार्षद श्री अशोक चावलानी, पार्षद श्रीमती ममता यादव, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी के साथ-साथ क्षेत्रवासी अधिक संख्या में उपस्थित रहे।

  • CG: नगरीय निकायों में ऐतिहासिक जनादेश का एक वर्ष: सुशासन, पारदर्शिता और विकास पर जनता की मुहर — मुख्यमंत्री श्री साय

    रायगढ़ में महापौर श्री जीवर्धन चौहान से भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने किया जनादेश का स्मरण

    रायपुर, 15 फरवरी 2026

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले वर्ष आज ही के दिन राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में प्राप्त ऐतिहासिक जनादेश जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। यह परिणाम सुशासन, पारदर्शिता और विकास के प्रति जनता की स्पष्ट आस्था की अभिव्यक्ति है।

    मुख्यमंत्री श्री साय आज रायगढ़ प्रवास के दौरान महापौर श्री जीवर्धन चौहान से भेंट कर एक वर्ष पूर्व इसी तिथि को मिले जनादेश को स्मरण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक साधारण चाय विक्रेता से महापौर तक की श्री चौहान की यात्रा लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति और जनता के आशीर्वाद का जीवंत उदाहरण है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार नगरीय निकाय चुनावों में किए गए प्रत्येक वादे को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है। स्वच्छता, पेयजल, सड़कों, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में निरंतर और ठोस प्रगति हो रही है।उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में सुशासन की स्थापना, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार तथा आम नागरिकों को सरल, सुलभ और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार ने शहरी विकास को जन-विश्वास और जन-भागीदारी से जोड़ते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार में नगरीय विकास के क्षेत्र में आवास, स्वच्छता, जल आपूर्ति, सीवरेज, हरित सार्वजनिक परिवहन, डिजिटल सेवाओं तथा आधारभूत अधोसंरचना के विस्तार में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बड़ी संख्या में आवास पूर्ण किए गए हैं और नए लक्ष्यों पर तेजी से कार्य जारी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग तथा राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश के नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मिशन अमृत 2.0 के जरिए जल प्रदाय एवं सीवेज परियोजनाओं को नई गति मिली है। वहीं, पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से शहरों में आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया गया है। 15वें वित्त आयोग तथा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के माध्यम से नगरीय अधोसंरचना को सुदृढ़ किया गया है।

    उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए नालंदा परिसर जैसे आधुनिक अध्ययन केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही “मोर संगवारी सेवा” और विभिन्न ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन समन्वित प्रयासों से नगरीय क्षेत्रों में सुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधाओं का दायरा निरंतर सशक्त हो रहा है।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी महापौरों एवं नगरीय निकाय प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि विकास, विश्वास और जवाबदेही के इस संकल्प को हम और अधिक मजबूत करते हुए प्रदेश के शहरों को समृद्ध, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत कार्य करते रहेंगे।

  • CG: समाज के संगठित और जागरूक होने से विकास को मिलती है मजबूती : मुख्यमंत्री साय

    अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

    कोसमनारा में सामुदायिक भवन विस्तार हेतु 50 लाख रुपये की घोषणा

    रायपुर, 15 फरवरी 2026

    अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

    महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोसमनारा धाम में आयोजित स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि समाज जब संगठित और जागरूक होता है, तब विकास को वास्तविक मजबूती मिलती है। साहू समाज की एकजुटता, शिक्षा और समर्पण प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पूर्व एकमुश्त प्रदान की जाएगी। लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार किसानों के परिश्रम का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री साय ने कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 सत्यनारायण बाबा जी एवं भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। 

    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 16 फरवरी 1998 से पूज्य सत्यनारायण बाबा खुले आकाश के नीचे निरंतर तपस्या में लीन हैं। तीनों ऋतुओं में 28 वर्षों से अधिक समय तक साधना करना अत्यंत अद्वितीय और प्रेरणादायक है। यह धाम सामाजिक समरसता, आस्था और भाईचारे का सशक्त प्रतीक बन चुका है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा जी के आशीर्वाद से उन्हें चार बार सांसद रहने का अवसर मिला और आज मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ एवं बाबा सत्यनारायण से प्रदेशवासियों पर निरंतर कृपा बनाए रखने की कामना की।

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित कर्मा साहू सामुदायिक भवन के ऊपर अतिरिक्त निर्माण के लिए ₹50 लाख की घोषणा की। साथ ही उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को अयोध्या सहित देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।

    समारोह में समाज कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए त्रिभुवन साहू, भरत लाल साहू, कपिल नाथ, अरुणा साहू, मनोज साहू एवं वेदराम साहू को सम्मानित किया गया। कोरबा जिला साहू संघ की पत्रिका तथा बाबा सत्यनारायण चालीसा का विमोचन भी किया गया।

    उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज की एकजुटता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कोसमनारा धाम के विकास हेतु लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित जिला साहू संघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

    कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, कसडोल विधायक श्री संदीप साहू, जैजैपुर विधायक श्री बालेश्वर साहू, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, श्री डिग्रीलाल साहू सहित बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित पदाधिकारी, बाबा सत्यनारायण की माता हंसमती देवी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारीगण स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

  • CG : जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का भव्य समापन

    आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह खोलेगा एग्रीटेक कृषि मेला: श्री गुरु खुशवंत साहेब

    रायपुर, 15 फरवरी 2026

    आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह खोलेगा एग्रीटेक कृषि मेला: श्री गुरु खुशवंत साहेब

    जांजगीर-चांपा जिला में 11 से 13 फरवरी तक शासकीय हाईस्कूल मैदान, जांजगीर एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, जर्वे में आयोजित तीन दिवसीय जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का समापन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

    आत्मनिर्भरता और तकनीकी समृद्धि की नई राह खोलेगा एग्रीटेक कृषि मेला: श्री गुरु खुशवंत साहेब

    समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा जाज्वल्या 2026 स्मारिका का विमोचन किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पंथी नृत्य एवं मल्लखंभ की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

    कृषि एवं तकनीक के संगम से समृद्धि की ओर
    समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि एग्रीटेक कृषि मेला 2026 किसानों और युवाओं के लिए नवाचार का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा कृषि की समृद्ध धरती है, जहां परंपरा और आधुनिक तकनीक का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।
    उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक, आधुनिक कृषि उपकरणों एवं नवीन तकनीकों के उपयोग से किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा युवाओं को एग्री-उद्यमी बनने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के कृषक तकनीकी नवाचार अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर होंगे।

    सामाजिक न्याय और कौशल विकास पर जोर
    मंत्री श्री साहेब ने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग मुख्यधारा से पीछे न रहे, यह सरकार का संकल्प है। कौशल विकास एवं आर्थिक अवसरों के माध्यम से सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आधुनिक तकनीक, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से एआई एवं नई तकनीकों में दक्ष बनने का आह्वान किया।

    मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों के लिए निरंतर प्रयास
    मंत्री श्री साहेब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। धान के समर्थन मूल्य से लेकर नई कृषि नीतियों तक अनेक योजनाएं किसानों के हित में संचालित की जा रही हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

    जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
    समापन समारोह में जांजगीर-चांपा विधायक श्री ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, अध्यक्ष खनिज विकास निगम श्री सौरभ सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवागढ़वाल, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व सांसद श्री गुहाराम अजगल्ले सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    इसके अतिरिक्त कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, किसान एवं आमजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

    विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प
    कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया। यह आयोजन प्रदेश में कृषि, तकनीक और लोक संस्कृति के समन्वित विकास का प्रतीक बनकर उभरा है।

  • Rajnandgaon: महाशिवरात्रि पर मटन बिक्री करने वाले के खिलाफ कार्रवाई

    राजनांदगांव, 15 फरवरी 2026।
    महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर शासन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन करते हुए मटन विक्रय करने वाले एक युवक के विरुद्ध थाना बसंतपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन, पर्यावरण एवं नगरीय प्रशासन विभाग रायपुर द्वारा 15 फरवरी 2026 (रविवार) को महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में पशुगृह एवं समस्त मांस-मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए थे। आदेश में स्पष्ट किया गया था कि उल्लंघन पाए जाने पर मांस जप्त कर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    ठेला लगाकर कर रहा था मटन बिक्री, पुलिस को देखकर छिपाने लगा

    पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर क्षेत्र में निगरानी की जा रही थी।

    इसी दौरान सूचना मिली कि मुस्तकीन कुरैशी (20 वर्ष), निवासी कसाईपारा वार्ड क्रमांक 20, थाना कोतवाली, राजनांदगांव कमला कॉलेज रोड के पास ठेला लगाकर मटन विक्रय कर रहा है। पुलिस दल को देखकर वह मटन छिपाने का प्रयास करने लगा। पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा मना करने पर वह विवाद करने पर उतारू हो गया।

    पुलिस ने मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत किया।

    कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल एवं आरक्षक अतहर अली की सराहनीय भूमिका रही।

    Read also : Rajnandgaon : लूट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

  • Rajnandgaon : लूट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

    राजनांदगांव, 15 फरवरी 2026।
    थाना बसंतपुर पुलिस ने लूट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है और उसके विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

    पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने साथी के साथ स्कूटी एक्टिवा क्रमांक CG/24/J/1299 से मोहारा शराब भट्ठी गया था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों तथा गमछे में बंधे पत्थर से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने प्रार्थी के हाथ में रखे ₹200 तथा पर्स में रखे ₹3000 नगद सहित अन्य दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।

    मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 309(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

    आरोपी देव यदु को घेराबंदी कर पकड़ा, साथी पहले ही जा चुका है जेल

    पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

    तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोहारा भट्ठी के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी देव यदु (23 वर्ष), निवासी झुलेलाल वार्ड चौखडियापारा, थाना बसंतपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सौरभ मानिकपुरी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। सौरभ मानिकपुरी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

    आपराधिक रिकॉर्ड

    देव यदु के विरुद्ध थाना बसंतपुर में पहले से कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2023 और 2024 के मारपीट, गाली-गलौज एवं अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।

    गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती, सहायक उप निरीक्षक आर. राजू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

  • राजनांदगांव को SDMF अंतर्गत 5.77 करोड़ की बड़ी सौगात, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति : रवि सिन्हा

    राजनांदगांव। अध्यक्ष शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय एवं भाजपा पार्षद रवि सिन्हा ने बताया कि राजनांदगांव जिले को राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए 5 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसे जिलेवासियों के लिए अत्यंत हर्ष और राहत का विषय बताया गया है।

    उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि से जिले के विभिन्न ग्रामों में तटबंध निर्माण, पुल-पुलिया निर्माण एवं स्टॉपडैम जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे में कमी आएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

    रवि सिन्हा ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों और क्षेत्र के प्रति समर्पण के कारण ही यह स्वीकृति संभव हो सकी है।

    स्वीकृत राशि के अंतर्गत एनीकट तटबंध संरक्षण, पुलिया निर्माण तथा छुरिया विकासखंड के गौराघाट के पास स्टॉपडैम निर्माण प्रस्तावित है। इससे किसानों को सिंचाई सुविधा में राहत मिलेगी और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

    सिन्हा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा एवं छत्तीसगढ़ सरकार का भी आभार जताया।

    उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजनांदगांव जिले में विकास कार्यों की रफ्तार आगे भी तेज रहेगी और जिला प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।

  • राजनांदगांव नगर निगम में हड़ताल समाप्त: दो माह का वेतन देने पर बनी सहमति, महापौर की पहल से निकला समाधान….

    राजनांदगांव, 15 फरवरी। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा वेतन भुगतान की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से जारी हड़ताल आज सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाप्त हो गई। इस संबंध में महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम सभागृह में सफाई कर्मचारी संघ एवं कर्मचारियों की बैठक बुलाई।

    बैठक में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, पूर्व पार्षद शरद सिन्हा तथा सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

    वेतन भुगतान पर बनी सहमति

    बैठक में सफाई कर्मचारी संघ की ओर से दो माह का लंबित वेतन जारी करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। महापौर श्री यादव ने चर्चा के दौरान बताया कि निगम में फंड की कमी के कारण वेतन भुगतान में विलंब हुआ। उन्होंने बताया कि एसआईआर ड्यूटी में निगम अमले एवं राजस्व कर्मचारियों की तैनाती के चलते वसूली कार्य प्रभावित हुआ, वहीं शासन से मिलने वाली राशि के समायोजन के कारण आर्थिक कठिनाई उत्पन्न हुई।

    महापौर ने आश्वस्त किया कि:

    • दिसंबर एवं जनवरी माह का वेतन नियमित व मस्टररोल कर्मचारियों को दिया जाएगा।
    • फरवरी माह का वेतन मार्च 10 से 15 के बीच जारी किया जाएगा।
    • ठेका श्रमिकों को भी स्थिति के आधार पर भुगतान किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता हमेशा सफाई कर्मियों को समय पर वेतन देना है और भविष्य में किसी भी मांग को लेकर आंदोलन के बजाय चर्चा के माध्यम से समाधान निकाला जाए।

    बैठक के उपरांत दो माह के वेतन भुगतान पर सहमति बनने के साथ ही हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की गई। शहर में सफाई व्यवस्था पुनः सामान्य होने की उम्मीद है।

  • Chhattisgarh दर्दनाक सड़क हादसा: मेले में जा रहे पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल

    जांजगीर-चांपा, 15 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। नगर के गौरव पथ के सामने हुए भीषण दुर्घटना में 60 वर्षीय सरजू भैना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    मेले में शामिल होने जा रहे थे पिता-पुत्र

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सरजू भैना ग्राम पचोरी, थाना सारागांव के निवासी थे। वे अपने बेटे आशीष के साथ दोपहिया वाहन से महुदा से Shivrinarayan में आयोजित मेले में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में जब वे चांपा के महाराणा बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी हादसा हो गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक उछलकर सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

    अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए बीडीएम शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सरजू भैना को मृत घोषित कर दिया।

    आशीष का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    पिकअप चालक फरार, जांच जारी

    हादसे के बाद पिकअप वाहन के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

    क्षेत्र में शोक की लहर

    इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम पचोरी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि सरजू भैना शांत और मिलनसार व्यक्ति थे। मेले में जाने के लिए निकले पिता-पुत्र के साथ हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

    Read Also: CG: बाइक को टक्कर मार पोल से टकराई बस, चालक के खिलाफ केस दर्ज

  • CG: बाइक को टक्कर मार पोल से टकराई बस, चालक के खिलाफ केस दर्ज

    जगदलपुर। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार महिला को टक्कर मारी, फिर बिजली पोल से टकरा गई। युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में धुत था। हालांकि, हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भारत ट्रेवल्स की बस का चालक हरेंद्र निषाद नशे की हालत में बस चला रहा था। नशे के प्रभाव में वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पहले बाइक को चपेट में ले लिया। इसके बाद बस सीधे बिजली के खंभे से बस टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

    घायल युवती को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से बस चालक को हिरासत में ले लिया और बस को थाने ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। उसकी लापरवाही से न सिर्फ बाइक सवार युवती घायल हुई, बल्कि आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

    फिलहाल, चालक के खिलाफ नशे में वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे में ड्राइविंग के मामलों पर सख्ती जारी रहेगी, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

    Read Also: CG: नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान हंगामा: कांग्रेस जिलाध्यक्षों सहित 7 पर बलवा की एफआईआर, सड़क जाम कर किया था प्रदर्शन

  • CG: नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान हंगामा: कांग्रेस जिलाध्यक्षों सहित 7 पर बलवा की एफआईआर, सड़क जाम कर किया था प्रदर्शन

    बिलासपुर, 15 फरवरी। नगर निगम की सामान्य सभा में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने कांग्रेस के शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष समेत सात नेताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। बाकी लोगों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है।

    शुक्रवार को लखीराम ऑडिटोरियम में नगर निगम की तीसरी सामान्य सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने लिंगियाडीह में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और पेयजल संकट को लेकर विरोध शुरू कर दिया। नेताओं ने ऑडिटोरियम के बाहर धरना दिया। मिशन अस्पताल रोड पर प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

    पुलिस ने शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पार्षद दिलीप पाटिल, विक्की आहूजा, शहजादी खान, रणजीत सिंह और अर्पित केसरवानी सहित अन्य के खिलाफ बलवा और अवैध जमावड़े की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

    एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि बिना अनुमति प्रदर्शन किया गया, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। इस आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। प्रतिक्रिया देते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिश्रा ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी। एफआईआर से हमें डराया नहीं जा सकता।

    Read Also: छत्तीसगढ़ के युवक की इंदौर में हत्या, रेलवे ट्रैक के किनारे मिली लाश , पत्नी ने सुनी थी फोन पर झगड़े की आखिरी आवाज

  • छत्तीसगढ़ के युवक की इंदौर में हत्या, रेलवे ट्रैक के किनारे मिली लाश , पत्नी ने सुनी थी फोन पर झगड़े की आखिरी आवाज

    मुख्यमंत्री ने जताया दुख, सहायता का आश्वासन

    जांजगीर-चांपा, 15 फरवरी। सक्ती जिले के हसौद इलाके के देवरघटा गांव के रहने वाले 40 वर्षीय खोजराम नारंग की इंदौर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव 12 फरवरी की सुबह एमआर-4 रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला। वह बुधवार रात से लापता था। मरने से पहले उन्होंने पत्नी को फोन कर बताया था कि कुछ युवकों से उनका झगड़ा हो रहा है। उसी कॉल के दौरान मारपीट की आवाजें आईं और फिर मोबाइल बंद हो गया।

    खोजराम नारंग इंदौर के पोलोग्राउंड इलाके में स्थित युग कलर फोटो स्टूडियो लैब में फोटो एल्बम बनाने का काम करता था। करीब चार-पांच महीने पहले ही वहां नौकरी करने गया था। वहां वह अपने दो भाइयों, दो बहनों और एक चचेरे भाई सहित 10-12 लोगों के साथ लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के सामने किराए के मकान में रहता था।

    12 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे बांगंगा थाना पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। जांच में मृतक की पहचान खोजराम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उनके गले पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले हैं। शरीर पर अन्य चोटें भी पाई गईं। प्राथमिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है।

    पुलिस लूट और पुरानी रंजिश दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

    मृतक की पत्नी सती नारंग ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे उनके पति का फोन आया था। उन्होंने कहा कि वे शराब दुकान के पास हैं और कुछ लड़कों से कहासुनी हो रही है। फोन पर झगड़े और धक्का-मुक्की की आवाज सुनाई दी, फिर अचानक मोबाइल बंद हो गया।

    उसके बाद से खोजराम घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उनकी लाश मिलने की खबर मिली।

    घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने परिजनों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने मृतक की पत्नी से बात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सरकारी सहायता देने का भरोसा दिलाया।

    पोस्टमार्टम के बाद 14 फरवरी की शाम शव को देवरघटा लाया गया, जहां गांव में अंतिम संस्कार किया गया। गांव में इस घटना से शोक और आक्रोश का माहौल है।

    Read Also: CG: सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं और सीएम पर आपत्तिजनक टिप्पणी, युवक गिरफ्तार

  • CG: सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं और सीएम पर आपत्तिजनक टिप्पणी, युवक गिरफ्तार

    बिलासपुर, 15 फरवरी। तखतपुर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने एक दिव्यांग युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।

    तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पांडेय के मुताबिक, नगौई गांव निवासी सूरज भारती सोशल मीडिया पर अक्सर सरकार और हिंदू समाज के खिलाफ टिप्पणियां करता था। हाल ही में उसने देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों में पोस्ट साझा किया।

    पोस्ट सामने आते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नाराज हो गए और थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धार्मिक भावनाएं भड़काने की धाराओं में केस दर्ज किया।

    जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पोस्ट में सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की बात भी लिखी थी। इसी क्रम में उसने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जनजातीय समाज को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इस पर जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने भी अलग से शिकायत दर्ज कराई है।

    पुलिस ने आरोपी सूरज भारती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने का आदेश मिला।

    Read Also: CG: घर की दीवार तोड़कर अंदर घुसा ट्रेलर, गर्भवती महिला की मौके पर मौत

  • CG: घर की दीवार तोड़कर अंदर घुसा ट्रेलर, गर्भवती महिला की मौके पर मौत

    कोरबा। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बने एक मकान के बाउंड्री वाल को तोड़ते हुए आंगन में जा घुसा। उस समय घर की बड़ी बहू शशि बाई सूर्यवंशी 25 वर्ष खाना खाने के बाद आंगन में बर्तन धो रही थीं। ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती थी।

    Read Also : CG: श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है बाबा धाम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

    मृतका के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि वे शाम करीब चार बजे वे अपने कमरे में आराम कर रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज आई। जब तक कुछ समझ पाते, ट्रेलर घर की दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस चुका था। आंगन में खेल रहे बच्चे चीखने लगे। किसी तरह उन्हें हटाया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 बीपी 5301 बलौदा की ओर से आ रहा था और रांग साइड में तेज गति से चल रहा था। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

    Read Also: CG: 50 किलोग्राम गांजा व नगदी रकम के साथ कार में गांजा की तस्करी करते 02 तस्कर गिरफ्तार

  • CG: 50 किलोग्राम गांजा व नगदी रकम के साथ कार में गांजा की तस्करी करते 02 तस्कर गिरफ्तार

    पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

    वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा गांजा के कुल 12 प्रकरणों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 125.658 किलोग्राम गांजा, 2,04,700/- रूपये नगदी रकम, 02 नग चारपहिया वाहन एवं 05 नग मोबाईल फोन जुमला कीमती लगभग 75,09,700/- रूपये किया गया है जप्त

    आरोपियों के कब्जे से कुल 50.94 किलोग्राम गांजा किया गया है जप्त

    नगदी रकम 02 लाख रूपये, मोबाईल फोन एवं कार को भी किया गया है जप्त

    जप्त मशरूका की कुल कीमत है लगभग 32,67,000/- रूपये

    थाना सिविल लाईन क्षेत्र में दोनों आरोपियों को गांजा के साथ किया गया गिरफ्तार

    गिरफ्तार आरोपियों से प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में की जा रहीं है विस्तृत पूछताछ

    पूछताछ कर प्रकरण में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में की जायेगी End-to-End कार्यवाही

    आरोपियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 88/26 धारा 20(सी), 29 नारकोटिक एक्ट का अपराध किया गया है पंजीबद्ध

    रायपुर. दिनांक 14.02.2026 को एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना सिविल लाइन क्षेत्रांतर्गत केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक चारपहिया वाहन में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

    उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एण्ड साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

    वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर वाहन को चिन्हित किया गया। टीम द्वारा वाहन के पास जाकर जांच करने पर उसमें दो व्यक्ति सवार पाए गए। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज एवं हिमांशु दामले बताया। टीम के सदस्यों द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में अलग – अलग पैकेटों में गांजा रखा होना पाया गया।

    आरोपी हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज एवं हिमांशु को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 50 किलो 94 ग्राम गांजा, नगदी रकम 02 लाख रूपये, 02 नग मोबाईल फोन, टोयोटा कार क्रमांक एम एच 01 बी यू 9616 कुल कीमती लगभग 32,67,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 88/26 धारा 20(सी), 29 नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

    प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर कार्यवाही की जा रहीं है।

    गिरफ्तार आरोपी –

    1. हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज पिता रमाकांत सरोज उम्र 28 साल निवासी सुमित बाजार के पास धमतरी थाना सिटी कोतवाली जिला धमतरी।
    2. हिमांशु दामले पिता रमेश दामले उम्र 31 साल निवासी आतर गांव अम्बागढ़ चौकी थाना अम्बागढ़ चौकी जिला मोहला मानपुर।