Lokesh Sharma | Editor
Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर राज्य में वन्य अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में मुंगेली कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के वन्य परिक्षेत्र में अवैध उत्खनन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही में वनमंडल मुंगेली अंतर्गत वन परिक्षेत्र खुड़िया में अवैध उत्खनन करते हुए एक डोजर (ट्रैक्टर) को जब्त किया गया है।
वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर चचेड़ी परिसर कक्ष क्रमांक 493 ग्राम झलरी मनियारी नदी में वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते हुए एक नग डोजर (ट्रैक्टर) पकड़ा गया। उक्त वाहन को मौके पर ही जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि वन भूमि पर बिना अनुमति रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जो वन संरक्षण अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।
वनमण्डलाधिकारी ने कहा कि वन संसाधनों की सुरक्षा वन विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वाहन को कब्जे में लेकर वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजनों से वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल निकटतम वन कार्यालय या अधिकारी को देने की अपील की है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
आधुनिक तकनीक से खेती को सरल, सुरक्षित और लाभकारी बनाने की दिशा में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केन्द्र महासमुंद द्वारा ग्राम धनसुली में निकरा परियोजना अंतर्गत धान की फसल में कृषि ड्रोन तकनीक का सफल प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को ड्रोन द्वारा कीटनाशक छिड़काव की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया तथा इसके संचालन से संबंधित तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि ड्रोन तकनीक से कम समय, कम लागत और कम श्रम में अधिक क्षेत्र में छिड़काव संभव है। इससे किसानों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख तथा निकरा परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. आर.एल. शर्मा ने कृषि में ड्रोन तकनीक के उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. रवीश केशरी ने तकनीकी दृष्टि से ड्रोन के उपयोग के लाभ गिनाए। वहीं कृषि विभाग की ग्रामीण कृषि विकास विस्तार अधिकारी कल्पना साहू तथा निकरा परियोजना के वरिष्ठ अनुसंधान अध्येता तरुण प्रधान ने किसानों को प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
ग्राम धनसुली के किसानों ने इस नवाचारपूर्ण तकनीक में विशेष रुचि दिखाई और सक्रिय रूप से प्रशिक्षण में भाग लिया। किसानों ने कहा कि ड्रोन तकनीक से खेती के कार्य अधिक आसान और समयबद्ध होंगे। ड्रोन तकनीक के इस सफल प्रदर्शन ने साबित किया है कि कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक नवाचारों का समावेश किसानों की आय वृद्धि और कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सतनामी आश्रम कल्याण समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सतनामी आश्रम, कसारीडीह (सिविल लाइन, दुर्ग) स्थित नवीन कम्यूनिटी हॉल (अतिरिक्त कक्ष) का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर दुर्ग (ग्रामीण) विधायक ललित चंद्राकर एवं अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा उपस्थित थे। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपने उद्बोधन में समाज की एकता और शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, पूर्व न्यायाधीश ए.एल. जोशी, पार्षद सरिता चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
नर्मदा, रायपुर के सिविल लाइन में 28 सितंबर को आयोजित समारोह में अंचल के ग्राम भदेरा के साहित्यकार व शिक्षक राजकुमार मसखरे को हिंदी सेवा सम्मान मिला।
वक्ता मंच और एक संस्था के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंण् पीके तिवारी थे। डॉण् रूपेंद्र कविए वक्ता मंच अध्यक्ष राजेश परातेए संयोजक शुभम साहू उपस्थित थे। राजकुमार लंबे समय से हिंदी व छत्तीसगढ़ी भाषा में साहित्यिक सेवा कर रहे हैं। इसी साहित्यिक सक्रियता और जनजागरण के योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
राजनांदगांव : श्री शिवपार्वती सिद्ध शक्तिपीठ दरबार संबलपुर सिंघोला में क्वांर नवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंदिर में 215 मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना की है।
मंदिर समिति के चंद्रभूषण साहू ने बताया कि मंदिर परिसर में आज महाअष्टमी पर हवन पूजन किया जाएगा। मंदिर प्रतिदिन शेष नारायण साहू बनवाली राम यादव मूलचंद साहूए अमर सिंग साहू कुशाल दास बघेल भूषण दास साहू सेवा में जुटे हैं।
रायपुर । कांग्रेसी ने बीती रात कोतवाली थाने में ईडी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित हेमंत चंद्राकर ने अपनी लिखित शिकायत में पूछताछ के नाम पर ईडी अधिकारी पर मानसिक तौर पर प्रताड़ित और मारपीट का करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि ईडी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य लोगों के खिलाफ गवाही देने का दबाव बना रही है। राजधानी के रोहणीपुरम स्थित कंचनगंगा कॉलोनी के निवासी हेमंत चंद्राकर ने पुलिस को दिए अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वह 29 सितंबर को सुबह 10.30 बजे प्रवर्तन निदेशालय के रायपुर कार्यालय में पूछताछ के लिए गया था। पूछताछ रात 8.30 बजे तक चला, जिसके बाद मुझे अगले दिन फिर से आने को कहा ।
चंद्राकर ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करने के साथ मानसिक तौर पर दबाव डाला कि वह यह स्वीकार करे कि भूपेश बघेल के लोग विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला और उनके एजेंट आदित्य अग्रवाल, शाश्वत जैन, किशोर चंद्राकर, सतपाल सिंह छाबड़ा को कमीशन देकर कार्य किया गया है।
इसके साथ ईडी अधिकारी पर जानबूझकर खुद के साथ अपने परिवार को उत्पीड़ित करते हुए अवैधानिक तरीके से बयान लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए संबंधित अधिकारी के
खिलाफ विधिसम्मत उचित कार्रवाई की मांग की है। हेमंत चंद्राकर की शिकायत पर कोतवाली थाना प्रभारी एसएन सिंह ने कहा कि कल रात आवेदन प्राप्त हुआ है। इस मामले में जांच की जा रही है। जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वो की जाएगी।
राजनांदगांव : भरकापारा कमल टॉकीज चौक में मां सरस्वती का आकर्षक पंडाल बनाया गया है।
यहां मां लक्ष्मी और मां काली के साथ मां सरस्वती विराजमान है। साज.सज्जा में आकर्षक बात ये है कि पंडाल में सामने प्रेमानंद महाराज की झलक भी दिखाई दे रही है। इसे देखने भक्त पहुंच रहे हैं।
भिलाई । सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (भिलाई स्टील प्लांट) के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में 25 सितम्बर को विश्व फार्मेसी दिवस 2025 के अवसर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। फार्मेसी विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत विभाग प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। जन-जागरूकता पर केंद्रित लघु नाटिका ने लोगों को यह संदेश दिया कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक का प्रयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
नाटिका के माध्यम से जनता को केवल पंजीकृत डॉक्टरों से परामर्श लेने और पंजीकृत फार्मेसी से ही दवा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। इसी कड़ी में मरीजों के लिए एक जानकारीपूर्ण पेम्फलेट का विमोचन भी किया गया। चिकित्सालय सभागार में फार्मासिस्ट शुभांग और प्रदीप द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जबकि वरिष्ठ फार्मासिस्ट पुखराज ताम्रकार ने संगीतमय प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया। फार्मेसी विभाग के सदस्यों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
साथ ही एकल एवं समूह नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। यह आयोजन कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. एम. रविंद्रनाथ के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता द्विवेदी, डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, डॉ. सौरव मुखर्जी और डॉ. उदय कुमार ने विशेष सहयोग प्रदान किया। फार्मेसी विभाग प्रभारी बी.आर. ढोके, डॉ. रुचिर भटनागर, डॉ. मनीष देवांगन, डॉ. प्राची मेने, डॉ. मीता सचदेव, डॉ. रघुनंदन बिसोई, डॉ. पूजा सियाल सहित फार्मासिस्ट रचना आनंद, अर्चना मसीह, देवेश कुमार नायक एवं चिकित्सालय स्टाफ की सक्रिय मौजूदगी रही। कार्यक्रम का संचालन सतीश बंजारे ने किया।
बिलासपुर । राजकिशोर नगर शक्ति चौक के पास रहने वाले 21 वर्षीय संस्कार सिंह ने रविवार देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। संस्कार मेडिकल कॉलेज का छात्र था और लंबे समय से डिप्रेशन में बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना के वक्त वह कमरे में अकेला था। देर रात अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था।
किसी तरह दरवाजा तोड़ा गया तो संस्कार खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसे तुरंत सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता चित्रसेन सिंह बिल्डर्स का काम करते हैं। परिजनों का कहना है कि संस्कार पढ़ाई को लेकर तनावग्रस्त था। सोमवार को उसे भोपाल उच्च शिक्षा के लिए रवाना होना था। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई शुरू होने से उसका मनोबल बढ़ेगा, लेकिन इससे पहले ही उसने यह कदम उठा लिया।
राजनांदगांव। नवरात्र पर्व पर आराधना महिला मंडल ने 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तक कस्तूरबा भवन में 2 दिवसीय गरबा महोत्सव रखा है।
मुख्य अतिथि अनिता सहारे प्राचार्य शासकीय स्कूल बोरी होंगी। दूसरे दिन 1 अक्टूबर को सीएसपी वैशाली जैन होंगी। मंडल की संरक्षक शारदा तिवारी ने बताया कि मंडल की अध्यक्ष प्रभात बरडियाए सचिव पुष्पा अग्रवाल व कोषाध्यक्ष अलका जानी तैयारी में जुटी हैं। गरबा महोत्सव में आमंत्रित मुख्य अतिथि महिला शक्तियों द्वारा मां दुर्गा की आराधना की जाएगी।
नारायणपुर । जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र के अबूझमाड़ में जिला बल,आईटीबीपी 53वीं बटालियन और बीडीएस की संयुक्त टीम ने तलाशी भियान के दौरान आज सोमवार को कोड़लियर मिचिंगपारा के जंगल में आईईडी की आशंका होने पर बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) टीम ने तलाशी में नक्सलियों के विस्फोटक सामग्री, लिथियम बैटरी, बूबी ट्रैप स्विच, वॉकी-टॉकी चार्जर, बैटरी वायर, नक्सली वर्दी और नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई है।
नारायणपुर एसपी रोबिनसन गुडिय़ा ने बताया कि बरामदगी स्थल के आस-पास कुतुल एरिया कमेटी के सक्रिय नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका है। ये नक्सली सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से विस्फोटक लगाते हैं। पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां लगातार सघन सर्चिग और डी-माइनिंग ऑपरेशन चलाकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
राजनांदगांव : डीपीएस के प्रांगण में बचपन स्कूल द्वारा गरबा महोत्सव का रंगारंग आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में गरबा की आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुति दी। पूरे आयोजन स्थल पर उल्लास और उमंग का वातावरण छाया रहा। दर्शक बच्चों की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हो गए। गरबा किंग (श्रेष्ठ परिधान एवं अदाएं) सौरभ थावरें, गरबा क्वीन (श्रेष्ठ परिधान एवं अदाएं) डॉ. आयेशा ग़ाज़ी बनीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राकेश परख, सुनील जैन एवं टीकम सोनी रहे। उन्होंने सभी बच्चों, शिक्षकों एवं आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को हमारी परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गरबा महोत्सव का सफल संयोजन एचओडी ज्योति शर्मा एवं निधि दीक्षित के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों का हौसला बढ़ाया। रंग-बिरंगे परिधान, झिलमिलाती सजावट और गरबे की ताल पर थिरकते कदमों ने माहौल को और भी भव्य बना दिया।
इन्हें दिया गया पुरस्कार गरबा किंग (श्रेष्ठ परिधान एवं अदाएं) सौरभ थावरें, गरबा क्वीन (श्रेष्ठ परिधान एवं अदाएं) डॉ. आयेशा ग़ाज़ी, गरबा कपल ऑफ द नाइट सौम्या आनन्द राजपूत एवं किरण राजू सोनी, लिटिल गरबा स्टार (बालिका) हितनाशी चन्द्रा, प्राइमरी प्रिशा थावरे, लिटिल गरबा स्टार (बालक) व्यांश सिंह, प्राइमरी भाविक जैन, बेस्ट गरबा टीचर ऋषिका सोनी, आयुषी झा, डिम्पल गंगवानी को पुरस्कार दिया गया। इस गरबा महोत्सव ने जहां बच्चों को मंच प्रदान किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नवनिर्मित शासकीय शशिबाला अंग्रेजी-हिंदी उत्कृष्ट विद्यालय भवन का किया लोकार्पण
रायपुर,
उपमुख्यमंत्री एवं लोकनिर्माण मंत्री अरुण साव ने आज राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दानवीर भामाशाह वार्ड में 337.01 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय शशिबाला अंग्रेजी-हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। उपमुख्यमंत्री साव ने बताया कि छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। राज्य की विष्णु देव सरकार अब सरकारी स्कूलों से 10वीं-12वीं पास करने वाली छात्राओं को आगे महाविद्यालयीन पढ़ाई करने के लिए 30 हजार रूपए की सहायता देगी। उन्होंने बताया कि सरकार के इस फैसले से प्रदेश में छात्राओं को अब आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में नही छोड़नी पड़ेगी। छात्राएं अपनी पढ़ाई पूरी कर अपने सपने साकार कर सकेगीं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोकापर्ण समारोह को संबोधित करते हुए नवीन विद्यालय के लिए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद के दौरान छात्रा अनुष्का शर्मा ने उपमुख्यमंत्री से पूछा आप बचपन में कैसे स्कूल में पढ़े ? जिस पर साव ने बताया कि कक्षा तीसरी तक मैंने अपने गांव में पढ़ाई की। वह शासकीय भवन नहीं था, हमारे ही परिवार का एक कच्चा मकान था। हम अपने घर से चटाई ले जाते और बैठा करते। हर शनिवार को गोबर की पोताई भी हम करते थे। जबकि आज देखिए आपके लिए सरकार कितने भव्य और बड़े विद्यालय बना रही है। मेरा आप सभी से आग्रह है कि सरकार आपको आधुनिक सुविधायुक्त विद्यालय बनाकर दे रही है ताकि आप अपना पूरा ध्यान लगाकर खूब पढ़े और आगे बढ़े। इसलिए आपकी भी यह जिम्मेदारी है कि आप पूरा मन लगाकर अच्छी तरह पढ़ें और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा के बेहतरी के लिए लगातार कार्य कर रही है। अच्छे स्कूल बन रहे हैं, पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिल रहा है, छात्र-छात्राओं की जरूरतों का ध्यान रखकर विद्यालय का विकास किया जा रहा है। साव ने बताया कि रायपुर शहर राजधानी के अनुरूप अवरुद्ध विकास को हमने तेज गति से विकास की दिशा में आगे ले जा रहे हैं। रायपुर गारब्रेज फ्री सिटी में देश में चौथे नम्बर पर आया है, यह आप सभी के योगदान से सम्भव हुआ है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर हाइटेक शहर बन रहा है। यहां बाईपास, अच्छी और चौड़ी सड़कें हैं। उन्होंने आगे कहा कि नवनिर्मित यह स्कूल बड़ा ही भव्य और सुंदर बना है। सभी छात्र-छात्राओं के लिए हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब आप सभी छात्र-छात्राओं को अपना पूरा ध्यान पढ़ाई में लगाना है। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गरीब परिवारों की चिंता करने वाली सरकार है।
आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित विद्यालय
नवनिर्मित विद्यालय भवन में भूतल पर पाँच कक्षाओं के साथ दो स्टोर रूम, बालक एवं बालिका के लिए पृथक बाथरूम तथा पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रथम तल पर नौ कक्षाओं के साथ प्राचार्य कक्ष, स्टॉफ रूम, दो स्टोर रूम और पृथक बाथरूम का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार द्वितीय तल पर भी नौ कक्षाएँ, प्राचार्य कक्ष, स्टॉफ रूम, दो स्टोर रूम और पृथक बाथरूम बनाए गए हैं। साथ ही विद्यालय परिसर में 165 आर.एम.टी. शेड के साथ मुख्यद्वार, गार्डरूम, बाउंड्रीवाल, स्टेज, पेवर कार्य, पार्किंग टाइल्स, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, सम्पवेल निर्माण, सेप्टिक टैंक, ब्लैकबोर्ड, स्मार्ट क्लास तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।
इस मौके पर महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर वार्ड पार्षद रामहिन कुर्रे एवं रमेश सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।
जगदलपुर । बस्तर जिले के तोंगपाल के पास स्थित भीमसेन जलप्रपात में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब फोटो खींचते समय एक युवक पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान 18 वर्षीय विकास मरकाम के रूप में हुई है। विकास अपने दोस्तों के साथ भीमसेन जलप्रपात आया था और वहां फोटो खींच रहा था।
इसी दौरान अचानक वह पानी में गिर गया और बहाव के चलते डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची। जलप्रपात धुर नक्सल प्रभावित इलाके में स्थित होने के कारण जवानों को वहां पहुंचने के लिए विशेष रोड ओपनिंग पार्टी लगानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद SDRF के जवानों ने विकास का शव जलप्रपात से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उप मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 14 शहरों के बीच करार
स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत छत्तीसगढ़ के सभी सात शहर एक-एक और शहर की रैंकिंग सुधारने में करेंगे मदद
नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा स्वच्छ शहर जोड़ी संवाद का आयोजन
उप मुख्यमंत्री साव ने आरडीएफ ट्रैकिंग पोर्टल, व्हाट्स-अप चैटबॉट तथा स्वच्छता लीग टूलकिट का हिंदी संस्करण किया लॉन्च
रायपुर,
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने आज 14 नगरीय निकायों के बीच करार (MoU) हुआ। इन समझौतों में संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों, अध्यक्षों, आयुक्तों और सीएमओ ने हस्ताक्षर किए। केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की नई पहल ‘स्वच्छ जोड़ी शहर’ के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत छत्तीसगढ़ के सभी सात शहर एक-एक और शहर की रैंकिंग सुधारने में मदद करेंगे। इसके लिए आज समझौता ज्ञापन में हस्ताक्षर के साथ ही नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा ‘स्वच्छ शहर जोड़ी संवाद’ का आयोजन किया गया। प्रदेश के सभी 192 नगरीय निकाय इससे वर्चुअली जुड़े।
उप मुख्यमंत्री साव ने नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित कार्यक्रम में आरडीएफ ट्रैकिंग पोर्टल, व्हाट्स-अप चैटबॉट तथा स्वच्छता लीग के हिन्दी टूलकिट को भी लॉन्च किया। भारत सरकार के नवीन अभियान “स्वच्छ शहर जोड़ी” के तहत स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहर अपने राज्य के उन शहरों को जो स्वच्छ सर्वेक्षण में अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं, उन्हें अपने अनुभवों का लाभ प्रदान कर स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित और सहयोग करेंगे। इसके लिए आज मेन्टोर (Mentor) शहर एवं मेन्टी शहरों द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर करने के साथ ही आगे के रोडमैप पर विस्तृत चर्चा की गई।
नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आज लॉन्च किए गए डिजिटल नवाचार ‘आरडीएफ (Refused Derived Fuel) ट्रैकिंग पोर्टल’ के द्वारा निकाय स्तर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुदृढ़ की जाएगी। यह पोर्टल राज्य के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत संचालित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) केंद्रों से उत्पन्न होने वाले रिफ्युज्ड डिराइव्ड फ्युइल (Refused Derived Fuel) की आवाजाही के डिजिटल निरीक्षण, निगरानी और विश्लेषण के लिए तैयार किया गया है। आज लॉन्च किए गए व्हाट्स-अप चैटबॉट के माध्यम से नागरिक 851-900-9090 नम्बर पर अब सीधे स्वच्छता संबंधी शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। स्वच्छता में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने की दृष्टि से विभाग द्वारा यह चैटबॉट प्रारंभ किया गया है। स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने, लोगों को जागरूक करने तथा साफ-सफाई के महत्व के बारे में शिक्षित करने के लिए विभाग द्वारा स्वच्छता लीग टूलकिट का हिंदी संस्करण तैयार किया गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम में मौजूद महापौरों, अध्यक्षों, निगम आयुक्तों, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा ऑनलाइन जुड़े नगरीय निकायों के पदाधिकारियों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में अच्छा काम हो रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में 115 नगरीय निकायों ने अपनी रैंकिंग सुधारी है। 20 हजार से कम आबादी वाले देश के 100 सबसे साफ-सुथरे शहरों में अकेले छत्तीसगढ़ के 58 शहर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शहरों में केवल निर्माण ही नहीं करना है, बल्कि उन्हें स्वच्छ, सुंदर, सुनियोजित, सुव्यवस्थित, संस्कारित और सुविधापूर्ण भी बनाना है। इसके लिए जनसहभागिता जरूरी है।
साव ने नगरीय निकायों के पदाधिकारियों और अधिकारियों से कहा कि आप लोग शहर के नागरिकों, महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कार्य करें। शहरों से राज्य की प्रतिष्ठा बनती है। इसलिए आप लोग पुराने तौर-तरीके छोड़कर नई सोच, नए विजन और नवाचार के साथ अनुकरणीय व परिणाममूलक काम करें। उन्होंने कहा कि इस साल हम छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहे हैं। हमें नए संकल्प के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए अपने शहर को तैयार करना है। हमारा शहर देश और प्रदेश में अग्रणी बने, इसके लिए काम करना है। साव ने सभी नगरीय निकायों से कहा कि विभाग द्वारा आज जो सुविधाएं लॉन्च की गई हैं, उनका अपने शहर में सक्रियता से उपयोग करें। इनसे ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ें और सहभागिता बढ़ाएं।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने भी मेंटरशिप के जरिए क्रमशः बिरगांव, रतनपुर एवं बैकुंठपुर में बेहतर स्वच्छता के लिए हर तरीके के सहयोग के लिए आश्वस्त करने के साथ ही इसके लिए रोडमैप साझा किया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक आर. एक्का, संयुक्त सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के सीईओ शशांक पाण्डेय और अतिरिक्त सीईओ दुष्यंत कुमार रायस्त के साथ ही नगरीय प्रशासन विभाग तथा सुडा के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
सात नगरीय निकाय सात और निकायों को बनाएंगे स्वच्छ और सुंदर
मेंटर और मेंटी शहरों के बीच आज हुए एमओयू के अनुसार स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित रायपुर मेंटर के रूप में अपने मेंटी शहर बिरगांव नगर निगम को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इसी तरह से बिलासपुर नगर निगम रतनपुर को, अंबिकापुर नगर निगम बैकुंठपुर को, कुम्हारी नगर पालिका अहिवारा को, बिल्हा नगर पंचायत कोटा को, पाटन नगर पंचायत गुरुर को और विश्रामपुर नगर पंचायत जरही को स्वच्छता के कार्यों में सहयोग प्रदान करेगा।
नर्मदा, ग्राम साखा के बूथ क्रमांक 164 में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं ने सुनी। मन की बात की 126वीं कड़ी सुनने पूर्व विधायक व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कोमल जंघेल मंडल उपाध्यक्ष ठाकुर राम साहू परमेश्वर वर्मा सुकालू वर्मा बेदु यादव हरवंस साहू तिलक साहू राजेंद्र वर्मा आदि मौजूद थे।
राजनांदगांव : सिटी कोतवाली के पीछे स्थित स्वयंभू मां महामाई मंदिर में 30 सितंबर को महाअष्टमी हवन किया जाएगा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया शारदीय क्वांर नवरात्रि पर्व पर मां महामाई मंदिर में माई ज्योति सहित भक्तजनों के 180 मनोकामना ज्योति कलशों की स्थापना की गई है।
मंदिर में मंगलवार को संध्या 7 बजे से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन किया जाएगा। इसके बाद 1 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे कन्या पूजन व भोज होगा। इसी दिन शाम 6 बजे ज्योति कलश विसर्जन शोभायात्रा महामाई मंदिर परिसर से निकाली जाएगी। यह यात्रा रामधीन मार्ग से होते हुए इंदिरा सरोवर भरकापारा में संपन्न होगी। मंदिर समिति ने आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ी फिल्म देखने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
फिल्म ‘बलिदानी राजा गुरु बालकदास’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा
रायपुर,
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित अंबुजा मॉल के सिनेमाघर में छत्तीसगढ़ी फिल्म “बलिदानी राजा गुरु बालकदास” को देखने पहुँचे।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा, विधायक रोहित साहू, धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “बलिदानी राजा गुरु बालकदास” फिल्म साहस और शौर्य की अनुपम गाथा है। गुरु बालकदास ने अंग्रेजों एवं पिंडारियों द्वारा किसानों पर किए जा रहे अत्याचार और भुखमरी के विरुद्ध न केवल संघर्ष किया, बल्कि समाज को संगठित करने का भी प्रयास किया। उन्होंने शिक्षा का अलख जगाने, सामाजिक सद्भाव को बढ़ाने और अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों का विरोध करने के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री साय ने यह घोषणा की कि फिल्म “बलिदानी राजा गुरु बालकदास” को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक दर्शक इस प्रेरणादायी गाथा को देख सकें और अपने इतिहास तथा विरासत से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ राज्य प्रारंभ से ही वीर शहीदों और संत-महात्माओं की धरती रहा है। आवश्यकता है कि हम अपने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इतिहास को जानें और समझें। उन्होंने कहा कि यह फिल्म छत्तीसगढ़ की स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका, राज्य की समृद्ध संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष और जीवन की सहजता को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि हमारे कलाकार, निर्देशक और पूरी यूनिट मेहनत और लगन से कार्य कर रही है। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा आज दर्शकों के दिलों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित फिल्म सिटी का निर्माण छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बेहतर अधोसंरचना, अधिक अवसर और राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की सांस्कृतिक पहचान और भी सशक्त होगी।
बिलासपुर । रतनपुर में शारदीय नवरात्रि में उमड़ी भीड़ के बीच चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। यह घटना महामाया मंदिर परिसर में घटित हुआ जिससे वहां मौजूदा श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालांकि मंदिर की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाई और मामले की जाँच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ आपसी झगड़े में युवकों ने दो युवकों पर चाकू से हमला किया था।
फ़िलहाल दोनों युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। बता दें कि, नवरात्र के सप्तमी दिवस पर देवी मंदिरों में मां कालरात्रि की पूजा की जा रही है। बिलासपुर जिले के सबसे बड़े आस्था का केंद्र रतनपुर में मां महामाया मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से ही भक्तों की कतार दिखाई दे रही है। मां महामाया की महिमा सुन दूर-दूर से भक्त माता के दरबार में अर्जी लगाने पहुंच रहे हैं।
महाकाली, महालक्ष्मी के साथ ही महासरस्वती सहित तीन रूपों में यहां पर महामाया देवी अपने भक्तों को दर्शन देती है। वही शारदीय नवरात्र के मौके पर रतनपुर महामाया मंदिर को काफी सुंदर रूप में सजाया गया है। इस बार महामाया मंदिर में 31 हजार ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए हैं। महामाया देवी के दर्शन के लिए प्रदेश के अन्य जगहों से भी नौ दिनों में लाखों श्रद्धालु देवी के दर्शन को पहुंचते हैं। रतनपुर महामाया मंदिर समिति ने आने वाले भक्तों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए खास इंतजाम किए हैं।