Lokesh Sharma | Editor
Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.
केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर के तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के विजेता दिव्यागजनों को सम्मानित किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांग जनों को सशक्त करने विभिन्न सहायक उपकरण भी वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक धरम लाल कौशिक ने की।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने दिव्यांग बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कुल 62 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता 17 प्रतिभागियों और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट 17 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। रजत महोत्सव कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के लिए रंगोली, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। मुख्य अतिथि तोखन साहू द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं सम्मान प्रदान किये गये। इस दौरान 05 ब्रेल किट, 05 श्रवण यंत्र एवं 10 स्मार्ट केन वितरित किए गए। श्री तोखन साहू ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को दिए गए उपकरण उनकी शैक्षणिक प्रगति में सहायक होंगे तथा बिलासपुर जिले में किसी भी दिव्यांगजन को सहायक उपकरण की कमी नहीं होने दी जाएगी।
राजिम क्षेत्र के लोगों को मिली सस्ती और सुलभ रेल सेवा, यात्रियों को होगा लाभ : मुख्यमंत्री साय
छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से
रायपुर एवं राजिम के मध्य आने-जाने के लिए यात्री सुविधा में हुई बढ़ोतरी
रायपुर,
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजिम में नई रेल सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की आवागमन सुविधा में वृद्धि करते हुए राजिम से रायपुर के लिए नई मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने राजिम-रायपुर-राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा तथा रायपुर-अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार भी प्रारंभ किया। भारी संख्या में यात्री इस अवसर पर ट्रेन में सवार हुए और उत्साहपूर्वक रायपुर की ओर रवाना हुए। सस्ती एवं सुलभ नई रेल सुविधा मिलने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस नई रेल सेवा से राजिम सहित गरियाबंद एवं देवभोग क्षेत्र के लोगों को भी राजधानी रायपुर तक सस्ती और किफायती यात्रा का विकल्प प्राप्त होगा। विद्यार्थी, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारी वर्ग सहित सभी के लिए यह ट्रेन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयाग, राजिम अब रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। ग्रामीण अंचलों से राजधानी रायपुर का आवागमन अब और अधिक सुगम, सुविधाजनक और किफायती बन गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से लगातार 19 महीनों से विकास की गति निरंतर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से हो रहा निवेश आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य गढ़ेगा। उन्होंने बताया कि लगभग आठ वर्ष पूर्व धमतरी से रायपुर तक नैरोगेज ट्रेन चलती थी और अब आठ वर्षों के अंतराल के बाद यहां ब्रॉडगेज ट्रेन सुविधा उपलब्ध हुई है। इसके लिए उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में रेलवे की लगभग 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 7,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल सेवाओं का तीव्र विस्तार और विकास सुनिश्चित हो रहा है। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, लोकसभा सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, अभनपुर विधायक इन्द्रकुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, नगर पालिका गोबरा नवापारा अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू, नगर पंचायत राजिम अध्यक्ष महेश यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, रेलवे अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
वन मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस नई सेवा से छत्तीसगढ़ के प्रयाग राजिम तक सीधी रेल पहुँच सुनिश्चित हो गई है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 22 मई को ‘निर्मल भारत रेलवे स्टेशन’ के नाम से देश के 103 रेलवे स्टेशनों को मॉडिफाई करने के लिए चयनित किया गया, जिनमें से छत्तीसगढ़ के पाँच रेलवे स्टेशन शामिल हैं और 32 स्टेशन भी इस योजना में जोड़े गए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री साय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 45,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएँ चालू हैं, जिनसे रेल कनेक्टिविटी में तेजी आएगी। बस्तर को भी इससे लाभ हो रहा है और रावघाट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 140 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का कार्य प्रगति पर है। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयागराज राजिम में बाहर से साधु-संत एवं पर्यटक भारी संख्या में आते हैं। अब उन्हें सीधे रायपुर से राजिम आने की सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और विश्व पटल पर राजिम का नाम और अधिक रोशन होगा।
महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने नई रेल सेवा के लिए लोगों को बधाई देते हुए कहा कि अब राजिम से रायपुर आना बहुत आसान हो गया है। श्रद्धालु एवं पर्यटक यात्री अब राजिम से सीधे डोंगरगढ़ तक भी यात्रा कर सकेंगे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक किया जाएगा। 19 सितम्बर 2025 से नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन दोनों छोरों—राजिम और रायपुर—से संचालित होगी। इस ट्रेन में 06 सामान्य श्रेणी के डिब्बे तथा 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच होंगे।
दुर्ग, सोशल मीडिया के ज़रिए ठगी का एक बड़ा मामला छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सामने आया है। यहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर भिलाई निवासी युवती से दोस्ती कर उसे भरोसे में लिया और फिर करीब 40 लाख रुपए का गबन कर लिया। आरोपी ने न केवल युवती के जेवर हड़प लिए बल्कि उसकी फिक्स्ड डिपॉजिट की रकम भी निकाल ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम तुषार गोयल (21), निवासी शिक्षक नगर, दुर्ग है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है कि वह ऐशो-आराम की जिंदगी जीना चाहता था। अमीरों की तरह रहना, महंगे सामान खरीदना और घूमना-फिरना उसकी चाह थी। इसी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए उसने युवती को अपने जाल में फंसाकर बड़ी ठगी की।
तुषार गोयल ने इंस्टाग्राम पर भिलाई की रहने वाली एक युवती से दोस्ती की। बातचीत के दौरान उसने युवती और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया। कुछ दिनों बाद उसने खुद को कपड़े का व्यापारी बताया और कहा कि वह कारोबार को आगे बढ़ाना चाहता है, लेकिन उसे पैसों की जरूरत है। विश्वास में आकर युवती ने आरोपी को अपने घर के गहने दे दिए। युवती ने आरोपी को करीब 165 ग्राम सोने के गहने सौंपे। इनमें 2 हार, 2 चेन, 3 जेंट्स रिंग, 4 चूड़ियां, 3 लेडीज रिंग, मंगलसूत्र, झुमके, टॉप्स, हीरे का पेंडेंट और नाक की नथ शामिल थी। इनकी कुल कीमत लगभग 18 लाख रुपए बताई गई। आरोपी ने ये गहने गिरवी रखकर रकम हड़प ली।
ठगी यहीं खत्म नहीं हुई। युवती के पिता राजकुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उनकी बेटी को झांसा देकर उसकी फिक्स्ड डिपॉजिट से करीब 26 लाख रुपए निकलवा लिए। इतना ही नहीं, उसने लड़की और उसके पिता के नाम पर फाइनेंसिंग करवाकर चार दोपहिया वाहन खरीद लिए, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपए थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने दूसरों से भी कार दिलाने के नाम पर करीब 6.60 लाख रुपए ठग लिए। इस तरह कुल मिलाकर ठगी की रकम लगभग 40 लाख रुपए तक पहुंच गई।
लगातार मकान बदलता रहा आरोपी परिवार द्वारा जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी ने बार-बार टालमटोल की और पैसे लौटाने से बचता रहा। परेशान होकर युवती के पिता ने कैंट थाना और बाद में छावनी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 420 और 318 (4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज किया। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार किराए के मकान बदल रहा था। हालांकि, पुलिस की विशेष टीम ने लगातार पतासाजी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 165 ग्राम सोने-चांदी के जेवर, चार दोपहिया वाहन और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने कहीं और भी इसी तरह की ठगी तो नहीं की। इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अनजाने लोगों से दोस्ती करना कितना खतरनाक हो सकता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और अपने कीमती गहने, दस्तावेज़ या पैसे बिना पूरी जांच-परख के किसी को न सौंपें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम महादेव घाट, रायपुर में आयोजित खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में शामिल हुए। इस भव्य आयोजन का संयुक्त रूप से आयोजन सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर खारुन नदी तट पर 21 सौ दीपों का दीपदान भी किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है। वे आज आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसका लाभ देश की 140 करोड़ जनता को मिल रहा है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उसके अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य का दर्जा दिलाने के लिए हमारी डबल इंजन की सरकार दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ हर मोर्चे पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि साध्वी प्रज्ञा भारती के नेतृत्व में चंद्रपुर स्थित महानदी तट पर गंगा आरती की शुरुआत हुई थी, जो आज भी निरंतर जारी है। उस आरती में वे स्वयं उपस्थित रहे। इसके बाद रायगढ़ की केलो नदी में भी गंगा आरती प्रारंभ हुई, जो नदी संरक्षण की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल है। उन्होंने खारुन नदी में भी समय-समय पर गंगा आरती आयोजित करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएँ दी तथा इस भव्य आयोजन के लिए सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा के सदस्यों की सराहना की।
रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नदियों की आरती हमारी आस्था का प्रतीक है। इसके माध्यम से हम नदियों से जुड़ते हैं और उनके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हैं। यह परंपरा नई नहीं, बल्कि सदियों से हमारे सनातन धर्म का अभिन्न हिस्सा रही है। नदियाँ आदि काल से ही हमारी आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र रही हैं। सांसद श्री अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर पूज्य साध्वी प्रज्ञा भारती, रायपुर ग्रामीण विधायक मोती लाल साहू, महापौर मीनल चौबे, अपेक्स अध्यक्ष केदार गुप्ता, नॉन अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित थे।
जांजगीर: घर में घुसकर नाबालिग छात्रा से छेडछाड़ करने के मामले में गिरफ्तार शिक्षक राजेश्वर प्रसाद को जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है. पुलिस गिरफ्तारी के बाद बीईओ से मिली रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है.
बता दें कि शिक्षक राजेश्वर प्रसाद जायसवाल 9 सितंबर को छात्रा के घर में घुसकर उससे छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने लगा था. छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी शिक्षक फरार हो गया था, जिसके बाद छात्रा ने परिजन के साथ मिलकर सारागांव थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था.
एमसीबी, कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने निर्देश दिए हैं कि जिले के समस्त शासकीय सेवकों का e-KYC कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। कोषालय शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्त विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश के तहत सभी शासकीय सेवकों को Employee Corner App अथवा Employee Corner Portal के माध्यम से अपने व्यक्तिगत विवरण दर्ज कर e-KYC की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए विभाग द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी जारी की गई है।
निर्देश में कहा गया है कि जिन शासकीय सेवकों का e-KYC पहले से किया जा चुका है, उनका विवरण आधार एवं समग्र पोर्टल से Checker Login द्वारा सत्यापित किया जाएगा, वहीं जिनका e-KYC लंबित है, उन्हें तत्काल यह प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि 30 सितम्बर 2025 तक हर हाल में यह कार्य अनिवार्य रूप से किया जाए, अन्यथा भविष्य में वेतन भुगतान सहित अन्य प्रशासनिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस संबंध में जिला कोषालय अधिकारी मनबोध राम यादव को भी निर्देशित किया गया है कि e-KYC की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए और सुनिश्चित किया जाए कि सभी शासकीय सेवकों का कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण हो।
रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा मुंगेली जिले की तीन सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 11 करोड़ 80 लाख 9 हजार रूपए स्वीकृत किए हैं। स्वीकृत योजना में विकासखण्ड लोरमी के अंतर्गत मनियारी जलाशय के डी-1 मुख्य नहर की मसना माईनर के लाईनिंग कार्य हेतु तीन करोड़ 32 लाख 74 हजार रूपए स्वीकृत किए है। योजना के कार्य पूर्ण होने पर योजना का रूपांकित सिंचाई क्षेत्र 502 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति सहित पूर्ण रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई सुविधा हो जाएगी।
इसी प्रकार से भरतसागर जलाशय की मुख्य नहर तथा माईनर नहर में सीसी लाईनिंग और पक्के कार्यों की मरम्मत के लिए 4 करोड़ 19 लाख 93 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। इस योजना के कार्य पूर्ण होने पर रूपांकित सिंचाई क्षेत्र 713 हेक्टेयर में 180 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति सहित रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई सुविधा होने लगेगी।
विकासखण्ड तखतपुर के अंतर्गत मनियारी नदी पर अमलीकांपा एनीकट से सिंचाई करने हेतु ऊर्जा संचालित उद्वहन सिंचाई योजना के निर्माण कार्य हेतु 4 करोड़ 28 लाख 32 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के निर्माण होने पर सोलर पंप प्रणाली के माध्यम से 160 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से सिंचाई योजनाओं के कार्यों को कराने के लिए मुख्य अभियंता हसदेव कछार, जल संसाधन विभाग बिलासपुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
बलौदाबाजार: वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार बुधवार को अमगांव सर्किल अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल ढेबीखार से रवान तक जल-जंगल यात्रा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जल-जंगल की रक्षा करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण को बनाए रखने का संकल्प लिया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न एसएमसी संरचनाओं की जानकारी दी गई तथा जल एवं जंगल संरक्षण से जुड़े विषयों पर उपयोगी ज्ञान साझा किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदाय, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों में पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गायत्री बरिहा, ग्राम पंचायत ढेबीखार के सरपंच, परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल प्रसाद वर्मा, प्रशिक्षु वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल उपाध्याय, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, शाला प्राचार्य,शिक्षकगण, विद्यार्थी ग्रामवासी ग्रामवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बस्तर। जगदलपुर-बस्तर में मनाए जाने वाले बस्तर दशहरा पर्व की परंपरागत तैयारी जोर शोर से चल रही है,पिछले दिन नारफोड़नी की रस्म पूजा विधान से विधिपूर्वक संपन्न हुई। इस पूजा विधान में फूल रथ के लिए साल के पेड़ की लकड़ी से बने पहिए का पहले चक्के के बीच में छेद करने की प्रक्रिया होती है। जिसमें लोहार समुदाय द्वारा बनाया गया लोहे का रिंग जिसे (गुड़दा) कहा जाता है, इसे लगाया जाता है जिससे पहिया मजबूत हो और रथ खींचने में आसानी हो।
आज इसी कड़ी में जगदलपुर के पास के गांव टेकामेटा से बस्तर दशहरा समिति के निमंत्रण पर आए लोहार समुदाय ने लोहरालाडी (एक निश्चित स्थान जहां लोहे को आग में पिघला कर उसे अनेकों आकार दिया जाता है) इनके द्वारा रथ के चक्के में लगने वाले रिंग(गुड़दा) तैयार किया जा रहा है। इसके बाद इसमें रथ के लिए बने एक्सल को डाला जाता है, जिससे रथ आसानी से चल सके, बस्तर दशहरा के भव्य त्यौहार में अलग-अलग जाति एवं समुदाय के लोग किस प्रकार जुड़े हैं इसका एक उदाहरण है।
बालोद। दुर्गा पंडाल के निर्माण में जुटे युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना रात करीबन 3 बजे दल्लीराजहरा के गुप्ता चौक की है. दल्लीराजहरा पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, दिनभर लोगों की आवाजाही को देखते हुए दल्लीराजहरा के गुप्ता चौक पर रात के समय 8 से 9 युवक दुर्गा पंडाल के निर्माण में जुटे थे. इस दौरान ग्राम घोठिया निवासी 19 वर्षीय डेमन उर्फ डेविड रावटे पिता अजित रावटे एलटी लाइन के तार से सम्पर्क में आने के बाद नीचे गिर गया. युवक को तत्काल शहीद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित किया. सूचना पर पहुंची दल्लीराजहरा पुलिस पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को रवाना किया. सुबह परिजनों को शव सौंपने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.
जशपुर। जशपुर में आज सुबह सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के बरजोर में तेज रफ्तार से जा रही एक बस अनियंत्रित होकर अचानक सड़क पर पलट गई. इस हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई.
साथ ही 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनके अलावा अन्य कई यात्रियों को भाी मामूली चोंटें आई हैं. सभी घायलों को सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिये भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक बस फरसाबहार से अंबिकापुर जा रही थी. लेकिन तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जबकि घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 19 सितंबर को दुर्ग में आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।
यह बैठक सुबह 11 बजे पी.डब्ल्यू.डी., मीटिंग हॉल, जी. ई. रोड, दुर्ग में आयोजित की जानी थी। प्राधिकरण की अगली बैठक की सूचना पृथक से दी जाएगी।
अब तक 58,500 आवेदन, 6,500 स्थापना व 17,000 स्थापना प्रक्रियाधीन
हॉफ बिजली बिल से मुफ्त बिजली की ओर तेजी से बढ़ रहा आकर्षण
सस्ती बिजली हेतु सरकारी योजना के बदले लोग चाहने लगे आत्मनिर्भरता
रायपुर, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत केन्द्र की तर्ज पर राज्य सरकार द्वारा भी सब्सिडी देने से आवेदनों तथा रूफटॉप सोलर पॉवर प्लांट की औसत मासिक संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है। प्रदेश के बिजली उपभोक्ता हॉफ बिजली बिल से शून्य बिजली बिल की ओर कदम बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयार हो रहे हैं, जिसका असर आने वाले महीनों में बड़ी उपलब्धि के रूप में दिखाई पड़ेगा। शासन की मंशानुसार उपभोक्ताओं का रुझान अब सस्ती बिजली हेतु सरकारी योजना के बदले आत्मनिर्भरता की तरफ बढने लगा है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत केन्द्र सरकार द्वारा एक किलोवाट के लिए 30,000 रूपये, दो किलोवाट के लिए 60,000 रूपये तथा तीन किलोवाट के लिए 78,000 रूपये सब्सिडी प्रदान की जा रही थी। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 18 जून, 2025 को आयोजित राज्य मंत्री परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से भी सब्सिडी देने का निर्णय लिया गया। जिसके तहत एक किलोवाट के लिए 15,000 रूपये, दो किलोवाट के लिए 30,000 रूपये तथा तीन किलोवाट के लिए भी 30,000 रूपये सब्सिडी देने की घोषणा की गई। जिससे एक से लेकर तीन किलोवाट तक कुल सब्सिडी क्रमशः 45,000 रूपये, 90,000 रूपये तथा 1,08,000 रूपये हो गई है। मार्जिन मनी के लिए बैंकों से 10 वर्षों के लिए 6 प्रतिशत की ब्याज दर पर आसान ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री साय की विशेष पहल पर राज्य सब्सिडी का प्रदाय जल्दी से जल्दी करने के निर्देश दिये गये। जिसके कारण 8 सितम्बर को आयोजित एक कार्यक्रम में 618 हितग्राहियों के बैंक खाते में 1.85 करोड़ रूपये की सब्सिडी उनके बैंक खातों में अंतरित कर दी गई। साथ ही यह व्यवस्था की गई है कि अब स्थापना के एक माह के भीतर स्टेट सब्सिडी दे दी जाएगी। इस तरह उपभोक्ताओं का विश्वास तथा उत्साह तेजी से बढ़ा है। राज्य सब्सिडी घोषित होने के पूर्व औसत मासिक आवेदनों की संख्या 1,607 थी तथा स्थापनाओं की सख्या 337 थी। वहीं 18 जून को स्टेट सब्सिडी घोषित होने के बाद आवेदनों की औसत मासिक सख्या 3,906 हो गई है तथा स्थापनाओ की औसत प्रतिमाह सख्या 744 हो गई है।
इस तरह अब प्रदेश में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए काफी उत्साह देखा जा रहा है। कुल आवेदनों की संख्या 58,500 हो गई है, जिनमें से 6,500 घरों में रूफटॉप सोलर पेनल लगाये जा चुके हैं तथा 17,000 का कार्य प्रगति पर है।
रायपुर, छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 1030.9 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1463.7 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 494.6 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।
रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 900.0 मि.मी., बलौदाबाजार में 751.9 मि.मी., गरियाबंद में 904.6 मि.मी., महासमुंद में 733.3 मि.मी. और धमतरी में 933.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 1083.6 मि.मी., मुंगेली में 1045.5 मि.मी., रायगढ़ में 1255.4 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 895.3 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 1233.1 मि.मी., सक्ती में 1125.5 मि.मी., कोरबा में 1051.3 मि.मी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 987.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 796.1 मि.मी., कबीरधाम में 751.4 मि.मी., राजनांदगांव में 870.7 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1242.8 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 753.1 मि.मी. और बालोद में 1080.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 733.0 मि.मी., सूरजपुर में 1096.6 मि.मी जशपुर में 1010.4 मि.मी., कोरिया में 1146.6 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1048.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1406.6 कोंडागांव जिले में 954.7 मि.मी., कांकेर में 1149.3 मि.मी., नारायणपुर में 1239.6 मि.मी., दंतेवाड़ा में 1379.3 मि.मी., सुकमा में 1088.2 मि.मी. और बीजापुर में 1415.7 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।
रायपुर, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना महिलाओं के लिए संबल बन रही है। बेमेतरा जिले के ग्राम बेरलाकला की टिकेश्वरी साहू ने योजना से मिले सहयोग को अपने जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इसने मातृत्व काल में उन्हें आर्थिक और मानसिक मजबूती दी।
कृषि पर आधारित परिवार से जुड़ी टिकेश्वरी साहू गृहिणी होने के कारण परिवार की आमदनी पर निर्भर थीं। आर्थिक तंगी के चलते अपनी सेहत और पोषण पर ध्यान देना मुश्किल था। मातृत्व काल में जब उनका पंजीयन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन बहनों की मदद से मातृत्व वंदना योजना में हुआ तो उन्हें बड़ी राहत मिली।
योजना अंतर्गत प्रथम संतान पर 5000 रुपये और द्वितीय बालिका पर 6000 रुपये की राशि दी जाती है। टिकेश्वरी ने बताया कि पहली किश्त का उपयोग उन्होंने संतुलित आहार व चिकित्सीय जांच में किया जबकि दूसरी किश्त से प्रसव पूर्व की जरूरतें पूरी कीं। योजना ने न केवल आर्थिक सहयोग दिया बल्कि उन्हें मानसिक सुकून भी प्रदान किया।
जिला कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बताया कि जिले में शासन की सभी जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता से लागू किया जा रहा है। मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना की सफलता में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों की सक्रिय भूमिका अहम है। कलेक्टर ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे इस योजना का लाभ अवश्य लें ताकि मातृत्व काल सुरक्षित और स्वस्थ हो सके।
दुर्ग. जिले में बीती रात एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार के चलते लड़की के भाई के दोस्त की हत्या कर दी. मामला खुर्शीपार थाना का है जहां एक सिरफिरा आशिक लड़की से मिलने दीवार कूदकर घर के अंदर घुस जाता है. मामले के बाद लड़की के भाई ने जब युवक के खिलाफ FIR दर्ज कराई, तो गुस्साए युवक ने देर रात पहुंचकर चाकू से हमला कर दिया. हमले में बीच-बचाव करने आया दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुरेंद्र महानंद, योगेंद्र की चचेरी बहन से एकतरफा प्रेम करता था. इसी कारण कुछ महीने पहले वह दीवार फांदकर योगेंद्र के घर में घुस गया था. इस पर योगेंद्र के परिजनों ने उसके खिलाफ खुर्शीपार थाने में अपराध दर्ज कराया था. तभी से सुरेंद्र और योगेंद्र के बीच रंजिश चल रही थी. बीती रात लगभग 11:30 बजे कामेश राव और योगेंद्र सिंह बस्ती में बैठे हुए थे. तभी अचानक वहां पहुंचे आरोपी ने योगेंद्र से बहस शुरू कर दी. बीच-बचाव करने आए कामेश को आरोपी ने चाकू से गोद डाला. इस दौरान योगेंद्र पर भी हमला किया. इस घटना में गंभीर रूप से घायल कामेश को स्थानीय लोगों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया.
धमतरी। जिले का मशहूर मगरलोड भर्ती घोटाला एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। साल 2007 की शिक्षाकर्मी भर्ती में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई थी। स्वीकृत 150 पदों के बजाय 172 नियुक्तियाँ की गईं और कई अपात्र उम्मीदवारों को फर्जी अंकतालिका, अनुभव पत्र और झूठे प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी दिलाई गई। मामला 2011 में उजागर हुआ था, जब आरटीआई कार्यकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस और सीआईडी ने जांच शुरू की लेकिन कार्रवाई की रफ्तार बेहद धीमी रही। अब पुलिस ने ताजा कदम उठाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सीताराम कुर्रे, इशू कुमार साहू और तत्कालीन जनपद उपाध्यक्ष कोमल यादव शामिल हैं जो चयन समिति के सदस्य थे। ये तीनों इस समय किसी पद पर नहीं हैं, लेकिन जांच में उनके खिलाफ पुख़्ता सबूत मिलने पर गिरफ्तारी की गई।
दालत पहले ही इस घोटाले के कई गुनाहगारों को सजा सुना चुकी है। सन 2020 में दस शिक्षाकर्मियों को फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी पाने का दोषी मानते हुए पांच साल की सश्रम कैद और जुर्माने की सजा दी गई थी। फिलहाल इस मामले में करीब 183 लोगों पर जांच चल रही है, जिनमें से कई अब भी सरकारी नौकरी कर रहे हैं और मोटी तनख्वाह ले रहे हैं जिससे पूरी शिक्षा प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोपी ईशु कुमार निवासी कमरौद,थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग.) सिता राम निवासी मेघा,थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग.) कोमल सिंह निवासी मोंहदी,थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग)
डोंगरगढ़, डोंगरगढ़ ब्लॉक की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोहनपुर की विज्ञान शिक्षिका अश्विनी पचबिए को कर्मवीर सम्मान से सम्मानित किया गया।
धमतरी जिले के कुरुद में प्रकृति शिक्षण विज्ञान छत्तीसगढ़ ने शिक्षिका पचबिए को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट किया। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, पुस्तकालय संरक्षण, विज्ञान प्रचार-प्रसार जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. हितनारायण टंडन थे। अध्यक्षता अभिषेक ध्रुव ने की।
राजनांदगांव, हड़ताली एनएचएम कर्मियों ने हड़ताल के 31वें दिन रक्तदान कर खून से लिख कर पीएम को बधाई संदेश दिया और फल वितरण किया। धरना स्थल पर ही पीएम का जन्म दिन मनाया।
बुधवार को धरना स्थल पर कोई नारे बाजी नहीं की और पीएम मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। आज की थीम सेवा समर्पण रही। इसके तहत रक्तदान कियाए फलए मिठाई का वितरण गरीबों को किया। अपने खून से मोदी के लिए बधाई संदेश लिखा और आग्रह किया कि मोदी की गारंटी को जल्दी पूरी की जाए। राष्ट्रीय शिक्षा मिशन के जैसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का स्वास्थ्य विभाग में संविलियनए ग्रेड पे निर्धारणए अनुकंपा नियुक्तिए पेंशन सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर श्रम विभाग द्वारा 18 सितम्बर को औद्योगिक क्षेत्र सिरगिट्टी में श्रमवीर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर औद्योगिक क्षेत्र के जय दुर्गा ऑयल प्राईवेट लिमिटेड से-बी इंडस्ट्रीयल एरिया में सवेरे 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक चलेगी।
शिविर में मुख्य रूप से औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न कारखानों में कार्यरत लगभग 500 श्रमिकों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अलावा कर्मचारी राज्य बीमा निगम एवं अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक शिविर में सेवाएं देंगे।