lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.
  • CG : वन पट्टे की जमीन का भी हो सकेगा नामातंरण बटवारा…

    कलेक्टर ने की टीएल बैठक में शासकीय योजनाओं की समीक्षा

    बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक टीएल बैठक में आज राज्य सरकार की फ्लैगशीप योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वन अधिकार पट्टे के तहत प्राप्त भूमि का नामांतरण एवं बटवारा भी राजस्व भूमि की तरह हो सकेगा। राज्य शासन से इस संबंध में मिले दिशा-निर्देशों के अनुरूप अधिकारी इस तरह के लंबित सभी प्रकरणों का तेजी से निराकरण करें। उन्होंने छापेमारी मंे निजी दुकानदारों से जब्त किये गये यूरिया एवं अन्य खाद का किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने साफ कहा कि निर्धारित मूल्य से ज्यादा किसी भी खाद का बाजार में विक्रय नहीं होने चाहिए। कृषि विभाग के अधिकारी इस पर सतत् निगरानी कर छापामार शैली मंे कार्रवाई जारी रखें। दोषी लोगों के विरूद्ध पुलिस थाने में एफआई आर भी दर्ज किया जाये। बैठक में निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

      कलेक्टर ने बैठक में बंद हो चुकी योजनाओं के बचे रकम को संचित निधि में जमा करने के निर्देश दिए। इसे सर्वोच्च प्राथमिकता से करके तीन दिवस में जिला कार्यालय को सूचित किया जाये। राज्य निर्माण की रजत जयंती पर हो रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि 25 साल में राज्य में हुए बदलाव एवं उपलब्धियों को बेहतर तरीके से प्रदर्शित किया जाये। लोगों को बताएं कि तब और अब में क्या प्रगति हुई है और भविष्य की क्या योजना है। उन्होंने युक्तियुक्तकरण के बाद भी नये स्कूल में ज्वाइनिंग नहीं देने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। बच्चों की पढ़ाई हमारे लिए सर्वोपरि है।
    इसे प्रभावित होने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने आंगनबाड़ी एवं स्कूलों का नियमित रूप से निरीक्षण एवं गुणवत्ता बढ़ाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अज्ञात वाहनों की दुर्घटना से किसी व्यक्ति की मौत हो जाने पर पीड़ित परिवार को 2 लाख रूप की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस तरह के प्रकरणों की जानकारी देने पुलिस एवं एसडीएम को दिए ताकि योजना का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने रतनपुर और लुतराशरीफ में आगामी दिनों में होने वाले उत्सव एवं समारोह की तैयारियां शुरू करने के निर्देश भी दिए। सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों की भौतिक सत्यापन कार्य की भी समीक्षा कर इसे जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन, हाई कोर्ट में विभागीय लंबित मामले का जवाब दावा एवं पालन प्रतिवेदन सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों की समीक्षा की गई।
  • CG : कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं…

    बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में आज दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों की फरियादें सुनी। उन्होंने एक-एक कर प्रत्येक व्यक्ति से मुलाकात कर उनका आवेदन लिया और आवश्यक कार्रवाई के लिए मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए।

    जनदर्शन में तखतपुर तहसील के ग्राम हरदी निवासी सीमा केंवट ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि वे जय बूढ़ादेव मछुआ सहकारी समिति मर्यादित हरदी की अध्यक्ष है तथा उक्त समिति एक शासन के द्वारा पंजीकृत समिति है। लिम्हाई तालाब को पिछले कई वर्षाें से मछली पालन के लिए दिया जाता रहा है, किंतु वर्तमान में सरपंच के द्वारा अवैध रूप से तालाब लीज में देने के लिए रकम की मांग की जा रही है।

    कलेक्टर ने संयुक्त संचालक मछली पालन विभाग को उनका आवेदन सौंपते हुए इसका समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कोटा विकासखण्ड की छात्रा सुनीता पैकरा ने छात्रावास में प्रवेश दिलाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने आदिमजाति कल्याण विकास विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डगनिया खैरा निवासी रोशन ने विकलांग प्रमाण पत्र नहीं बनाने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर ने सीएमएचओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम सिंघरी निवासी अमित कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त की राशि जारी कराये जाने आवेदन दिया।

    उन्होंने ज्ञापन में कहा कि योजना के तहत उनके नाम पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है लेकिन अभी तक प्रथम किस्त की राशि उनके खाते में नहीं आई है। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को उनका ज्ञापन सौंपते हुए हर संभव कार्रवाई के निर्देश दिए। बिलासपुर निवासी मधु टंडन ने अपने पति की मृत्यु होने के लगभग दो माह बाद भी अनुदान राशि नहीं मिलने की जानकारी देते हुए सहायता की मांग की। कलेक्टर ने उनका आवेदन आयुक्त नगर निगम बिलासपुर को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल एवं निगम आयुक्त अमित कुमार ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।

  • Rajnandgaon : अन्वती विद्या मंदिर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन

    बाजार अतरिया अवंती ग्रामोदय समिति के द्वारा अवंती विद्या मंदिर बाजार अतरिया में सोमवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

    कार्यक्रम में शिक्षकों के छात्रों के व्यक्तित्व विकास में योगदान व सामाजिक भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने मां भारतीए मां सरस्वती की छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित तथा माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में शिक्षकों को प्रशस्ति पत्रए स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक वर्माए अध्यक्ष अवंती ग्रामोदय समिति भुखन जंघेलए सरपंच बाजार अतरिया बिमला हरप्रसाद वर्माए जप सदस्य दीक्षा पूर्णचन्द गुप्ताए लक्ष्मी देवकुमार वर्माए पीलाबाई ज्ञानेंद्र वर्माए सचिव अशोक वर्माए प्रकाश वर्माए विजय वर्माए संतोष वर्मा सहित अतिथिए अभिवावकए शिक्षक तथा छात्र.छात्राएं उपस्थित थीं।

  • CG : अल्पसंख्यक वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा…

    बिलासपुर । राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, सलाहकार बोर्ड के सदस्य प्रकाश मोदी ने जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में अल्पसंख्यक वर्ग के जिला स्तरीय समिति की बैठक ली। मोदी ने अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की।

    उन्होंने सदस्यों को योजनाओं और उनके लाभ लेने के तौर तरीकों से अवगत कराया। अल्पसंख्यक समुदाय की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निराकरण के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक समुदाय तथा प्रधानमंत्री के नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम के जिला स्तरीय सदस्य बैठक में उपस्थित थे।

  • CG : पीएम आवास योजना की सौगात से कोमल को मिली नई पहचान, मुस्कान और सम्मान…

    कच्चे घर से पक्के आशियाने तक – गरीब परिवार को मिला सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन

    जांजगीर-चांपा । जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम पंचायत पहरिया निवासी कोमल प्रसाद तिवारी का वर्षों पुराना सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से आखिरकार पूरा हो गया। पुजारी के रूप में आजीविका चलाने वाले तिवारी पहले मिट्टी के कच्चे घर में अपने परिवार सहित रहते थे। आर्थिक तंगी के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उनके जीवन को नई दिशा दी।

    वर्ष 2024-25 में इस योजना के अंतर्गत 1 लाख 20 हजार रुपए की स्वीकृत राशि मिलने से तिवारी ने अपने सपनों का पक्का घर बनाया और महात्मा गांधी नरेगा से मजदूरी मिली। आज उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। तिवारी भावुक होकर बताते हैं प्रधानमंत्री आवास योजना मेरे जीवन का सबसे बड़ा वरदान है। अब हमें न बारिश की चिंता है, न ही किसी असुरक्षा का डर। हमें एक ऐसा घर मिला है, जो हमारी खुशियों का आधार बन गया है। इसके लिए मैं शासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने न केवल कोमल प्रसाद तिवारी का जीवन बदला है, बल्कि जिले के हजारों जरूरतमंद परिवारों के सपनों को भी पंख दिए हैं। जहां कभी ग्रामीण कच्चे मकानों में कठिन परिस्थितियों का सामना करते थे, वहीं अब पक्के घर मिलने से उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और गरिमामय जीवन का अवसर मिल रहा है। यह योजना ग्रामीण विकास और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।

  • CG : पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से उपभोक्ताओं को मिल रही राहत और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा…

    जांजगीर-चांपा । हसदेव विहार की गलियों से जब कोई गुजरता है, तो उसे यह एहसास होता है कि बदलाव सचमुच संभव है। कुछ ही समय पहले तक पूर्णिमा साहू का घर भी हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल की समस्या से परेशान रहता था। महीने का हिसाब-किताब करते समय बिजली का खर्च हमेशा चिंता का कारण बना रहता था। लेकिन आज तस्वीर बदल चुकी है। अब उनका घर न सिर्फ मुफ्त में रोशन हो रहा है, बल्कि यह रोशनी उनके चेहरे पर भी साफ झलकती है। यह बदलाव आया है प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के कारण।

    पूर्णिमा साहू याद करती हैं की पहले हर महीने बिल कह चिंता रहती थी। लेकिन जब हमें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली तो हमने इसे अपनाने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने घर की छत पर सौर पैनल लगवाया और फिर धीरे-धीरे जीवन की दिशा बदलने लगी। सूरज की किरणें अब उनके घर को न सिर्फ रोशन करती हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रही हैं। उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो चुका है। पूर्णिमा साहू मुस्कुराते हुए कहती हैं कि अब हमें बिल चुकाने की चिंता नहीं होती। वे इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करती हैं। आज साहू पड़ोसी और सबको सलाह देती हैं कि सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जुड़ें और बिजली के लिए आत्मनिर्भर बनें।

  • Rajnandgaon : कॉलेज के विद्यार्थियों ने गेट के सामने किया प्रदर्शन

    राजनांदगांव, दिग्विजय कॉलेज में ताला जड़ने पहुंचे विद्यार्थियों ने मेन गेट के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। सेमेस्टर परीक्षा में फेल होने वाले विद्यार्थियों ने नई शिक्षा नीति पर दोष मढ़ा और इसमें कुछ संशोधन करने की मांग पर प्रदर्शन किया। इसका एनएसयूआई ने भी समर्थन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थीए छात्र संगठन एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनकी पुलिस के साथ धक्का.मुक्की हुई। अंत में उन्होंने कॉलेज की प्राचार्य डॉण् सुचित्रा गुप्ता के सामने अपनी बात रखी।

    दिग्विजय कॉलेज में एनएसयूआई ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अमर झा ने बताया कि बीकॉम सेकेंड सेमेस्टर के बिजनेस मैथेमेटिक्स विषय में बहुत से विद्यार्थी फेल हुए थे जबकि छात्रों का कहना है कि एक ही विषय में सभी छात्र कैसे फेल हो सकते है जबकि उनका पेपर अच्छा बना था। कॉलेज प्रबंधन नए नियमों का हवाला देकर दायित्वों से पीछे नहीं हट सकता। छात्रों को उनके पेपर की हार्ड कॉपी प्रदान की जाए।

    विद्यार्थियों के हित में बड़ा आंदोलन करने की चेतावनीरू एनएसयूआई प्रदेश सचिव शुभम प्रजापति एवं विधानसभा अध्यक्ष उज्ज्वल निर्मलकर ने कहा विद्यार्थियों के साथ गलत होगा तो बड़ा आंदोलन करेंगे। छात्र नेता राहुल साहू ने कहा कॉलेज ने नया नियम बनाया है। आरटीआई के तहत छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका नहीं ले सकतेए इसका हम विरोध करते है। प्रदर्शन में मोहित कोचरेए वासुदेव साहूए जिला महासचिव जयंत पटेलए जिला उपाध्यक्ष हर्ष साहूए राहुल साहूए मीनाक्षी साहूए झरना देवांगनए उषा यादवए मोनिका निषादए उमेश्वरी साहूए गोविंद साहूए खुशबू सिन्हा आदि शामिल हुए।

    विद्यार्थियों को शिक्षा से दूर करने की रची बड़ी साजिश एनएसयूआई प्रदेश महासचिव राजा यादव ने बताया पेपर री.चेक नहीं होता है और वे छात्र उत्तीर्ण नहीं होते है तो उनका पांचवे सेमेस्टर में एडमिशन नहीं हो पाएगा और बर्बाद होगा। ऋषि शास्त्री ने कहा कि गलती विद्यार्थियों कीए कॉलेज और प्राध्यापक की नहीं है। यह शिक्षा की नीतियों की लड़ाई है। इस नीति से छात्र.छात्राओं को शिक्षा से दूर करने की बहुत बड़ी साजिश हो रही है। यह स्थिति पूरे प्रदेश भर के कॉलेजों की है। इसमें संशोधन हो।

  • CG : अग्निवीर में लिखित परीक्षा में चयनित युवाओं की शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्रारंभ…

    जांजगीर-चांपा । अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में जिले के 866 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा युवाओं को निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आगामी भर्ती रैली की तैयारी के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

    मंगलवार को खोखरा पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने अग्निवीर परीक्षा में सफल हुए परीक्षार्थियों से मुलाकात की। युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह अवसर केवल रोजगार का नहीं, बल्कि देश सेवा का मार्ग है। उन्होंने अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी।

    कलेक्टर महोबे ने कहा कि यह शुरुआत है, अंतिम पड़ाव तक पहुंचने के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी होगी। जिले का नाम रोशन करने के साथ-साथ देश की सेवा करने का यह सुनहरा अवसर है। अग्निवीर भर्ती केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना को जीवित रखने का मार्ग भी है। लिखित परीक्षा में सफलता के बाद अब आपको शारीरिक दक्षता परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होगा। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं व प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक पांडेय ने कहा कि अग्निवीर भर्ती न केवल युवाओं को राष्ट्र सेवा का अवसर देती है। आज का युवा नशे जैसी प्रवृत्तियों की ओर बढ़ रहा है, किंतु आपने जो राह चुनी है, वह देश सेवा और आत्मसम्मान की राह है।

    आप सभी को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मिलकर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देगा। टीमवर्क के साथ आप फिजिकल परीक्षा में भी सफलता प्राप्त करेंगे और जिले का मान बढ़ाएंगे। इस अवसर पर एडिशनल एसपी उमेश कश्यप, एसडीएम सुब्रत प्रधान, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी एवं मास्टर ट्रेनर भी मौजूद रहे।

  • Rajnandgaon : जिला शिक्षा विभाग द्वारा 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा स्पर्धा कराई…

    राजनांदगांव : स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित एवं जिला शिक्षा विभाग द्वारा 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा स्पर्धा कराई जा रही है। इसका शुभारंभ अंतर राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में महापौर मधुसूदन यादव ने किया। उन्होंने कहा स्पर्धा में 5 संभाग से पहुंचे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चार दिनों की खेल स्पर्धा में सभी खिलाड़ी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा स्पर्धा में हॉकी, योगा, गतका खेल का प्रदर्शन होगा। गतका खेल राजनांदगांव जिले के लिए नया है।

    गतका पंजाब का एक पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट लाठी और ढाल से आत्मरक्षा की कला है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 में गतका को राष्ट्रीय खेल के रूप में मान्यता मिली और इसकी लोकप्रियता बढ़ी है। गतका खेल का प्रदर्शन ओलंपिक जैसे अंतर राष्ट्रीय खेल मंचों पर आयोजित होने की आशा व्यक्त की। हॉकी एवं योगा के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। अंतर राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का स्वरूप और बदलेगा। यह पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की देन है। सीएम विष्णु देव साय हर संभव प्रयास में जुटे हैं।

    पांच संभागों से यहां पहुंचे विभिन्न खेलों के खिलाड़ी स्पर्धा 9 से 12 सितंबर तक खेली जाएगी। इसमें हॉकी (बालक व बालिका 19 वर्ष), योगा (बालक व बालिका 14,17,19 वर्ष) एवं गतका (बालक व बालिका 17,19 वर्ष) हिस्सा लेंगे। सरगुजा संभाग से 104, बिलासपुर संभाग से 110, रायपुर संभाग से 103, दुर्ग संभाग से 110, बस्तर संभाग से 101 खिलाड़ी एवं अधिकारी, कोच, मैनेजर शामिल है। हॉकी अंतर राष्ट्रीय स्टेडियम में होंगे। गतका दिग्विजय स्टेडियम के बास्केटबाल इंडोर हॉल, योगा कमला कॉलेज के इंडोर हॉल में होगा। इसकी तैयारियां की जा चुकी है।

    हॉकी बालक-बालिका में दुर्ग की एकतरफा जीत स्पर्धा में हॉकी बालक, बालिका में दुर्ग की एक तरफा जीत हुई। बिलासपुर व सरगुजा ने भी अपने मैच जीते। पहले दिन हॉकी 19 वर्ष बालक-बालिका में मेजबान दुर्ग संभाग का दबदबा रहा। बालिका वर्ग में बिलासपुर ने रायपुर को 4-1 गोल से, सरगुजा ने बस्तर को 6-2 गोल से, मेजबान दुर्ग ने रायपुर को 13-0 गोल से हराया। बालक वर्ग में बिलासपुर ने रायपुर को 2-1 गोल से, सरगुजा ने बस्तर को 3-0 गोल से, दुर्ग ने रायपुर को 14-0 गोल से हराकर अंक बटोरे और अगले दौर में प्रवेश किया।

  • CG : आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित…

    बिलासपुर । भारतीय रेडक्रास सोसायटी की शाखा बिलासपुर द्वारा 10 से 13 सितम्बर तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है।

    सोसायटी द्वारा इस अवधि में प्राथमिक चिकित्सा सहायता एवं आपदा प्रबंधन विषय पर पीजीबीटी कॉलेज में चार दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। सोसायटी के जिला समन्वयक सौरभ सक्सेना ने इस आशय की जानकारी दी है।

  • CG : महिला आयोग की 11 सितम्बर को सुनवाई…

    बिलासपुर । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा 11 सितम्बर को प्रार्थना भवन में प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं सदस्य पीड़ित महिलाओं के प्रकरणों की सुनवाई करेंगे।

    सुनवाई सवेरे 11 बजे से शुरू होगी। इसमें बिलासपुर एवं मुंगेली जिले से प्राप्त पीड़ित महिलाओं के आवेदनों एवं शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।

  • CG : खनिजों का अवैध परिवहन करते 5 वाहन जब्त…

    बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार एवं उप संचालक खनिज विभाग के मार्गदर्शन मे जिले में खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अमला द्वारा सीपत, पंधी, देवरी, कौड़िया, सेंदरी, लोफन्दी एंव कछार क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।

    जहाँ कौड़िया क्षेत्र अंतर्गत बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन कर रहे खनिज साधारण पत्थर लोड 05 ट्रैक्टर ट्राली वाहन को जब्त किया गया। अवैध परिवहन करते पाये गए वाहनों को पुलिस थाना सीपत की अभिरक्षा मे रखा गया है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

  • CG : नवीन शासकीय राशन दुकान खोलने 19 तक आवेदन…

    बिलासपुर । बिलासपुर के वार्ड नंबर 54 भक्त माता कर्मा नगर में नवीन शासकीय राशन दुकान खोलने के लिए 19 सितंबर तक आवेदन मंगाए गए हैं। खाद्य नियंत्रक ने बताया कि संबंधित वार्ड में नवीन शासकीय राशन दुकान खोले जाने हेतु सहकारी समितियां अथवा महिला स्व सहायता समूह आवेदन करने की पात्रता रखते हैं। निजी व्यक्तियों को दुकान नहीं दिया जाएगा। निर्धारित प्रारूप में और सीलबंद लिफाफा में इच्छुक समूह जिला कार्यालय के खाद्य शाखा में उक्त तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।

    उचित मूल्य दुकान का संचालन ऐसे सहकारी समितियों एवं महिला स्व सहायता समूह को दिया जाएगा, जो आवेदन पत्र प्राप्त होने की तारीख से कम से कम तीन माह पूर्व पंजीकृत हो। पंजीयन प्रमाण पत्र में उल्लेखित कार्यक्षेत्रानुसार ही संबंधित वार्ड हेतु आवेदन स्वीकार किया जाएगा। अन्य वार्ड के लिए आवेदन स्वीकार योग्य नहीं होगा। पूर्ण दस्तावेजों के अभाव में आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी बिलासपुर में सीलबंद बॉक्स में जमा करेंगे। बंद लिफाफे के ऊपर शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन हेतु आवेदन अनिवार्य रूप से लिखा होना है।

    आवेदन करने हेतु महिला स्व. सहायता समूह एवं प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भण्डार का जीवित पंजीयन प्रमाण की छायाप्रति। बैंक खाता संचालन एवं तीन माह का बैंक स्टेटमेंट एवं कार्य अनुभव। शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु समूह, समिति का सहमति सहित प्रस्ताव जिसमें समिति का कार्यक्षेत्र का भी उल्लेख। महिला स्व. सहायता समूह एवं प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भण्डार का कार्यक्षेत्र संबंधी प्रमाणित प्रति जिसका उल्लेख पंजीयन प्रमाण-पत्र में पंजीयन प्रमाण-पत्र जारीकर्ता प्राधिकारी के प्रमाण-पत्र के साथ संलग्न, जिसमें पंचायत हेतु पंजीयन है। कार्यक्षेत्र का उल्लेख अनिवार्य रूप से हो। आवेदन पत्र एवं लिफाफे के ऊपरी भाग में जिस वार्ड के लिए आवेदन किया गया है, उस वार्ड का नाम का स्पष्ट उल्लेख किया जावें।
  • CG : प्रयास आवासीय विद्यालयों की प्रतीक्षा सूची जारी…

    रायपुर में काउंसलिंग 12 एवं 13 सितम्बर को

    बिलासपुर । नवीन प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव, बलरामपुर एवं बिलासपुर में सत्र 2025-26 अंतर्गत कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों का वर्गवार चतुर्थ प्रतीक्षा सूची विभाग की वेबसाईट https://eklavya.cg.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह (पीव्हीटीजी) बालक एवं बालिका और अनुसूचित जाति के बालक एवं बालिकाओं का काउंसलिंग 12 सितम्बर को सवेरे 10 बजे से शाम 5 बजे एवं अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के बालक बालिकाओं का काउंसलिंग 13 सितम्बर को सवेरे 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। यह काउंसलिंग प्रयास बालक आवासीय विद्यालय सड्डू, उरकुरा मार्ग, व्हीआईपी सीटी कालोनी के सामने रायपुर में होगा। बलरामपुर के रिक्त सीट की पूर्ति के पश्चात ही राजनांदगांव एवं बिलासपुर के रिक्त सीट भरे जायेंगे।

    काउंसलिंग के लिए विद्यार्थियों को अपना प्रवेश पत्र, निवास एवं जाति, कक्षा 8वीं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र, मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सा जांच प्रमाण पत्र, सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साईज 2 रंगीन फोटो एवं यदि परिवार नक्सल हिंसा से सीधे प्रभावित है तो इस आशय का संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा।

  • CG : युक्तियुक्तकरण से शिवतराई स्कूल को मिली नए शिक्षक की सौगात…

    शिक्षक के आने से बच्चों में जागा आत्मविश्वास, बढ़ी पढ़ाई की रफ्तार

    बिलासपुर । पिछले कई वर्षाें से शिक्षक की कमी से जूझ रहे कोटा ब्लाक के शिवतराई के शासकीय प्राथमिक शाला में नए शिक्षक की पदस्थापना से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है। अब बच्चे स्कूल नियमित रूप से आने लगे हैं और पढ़ाई के प्रति उनकी रूचि भी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर शिक्षा विभाग द्वारा किये गये युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से यहां एक नए शिक्षक की पदस्थापना की गई है। इससे स्कूल का वातावरण बदल गया है और अब अभिभावक भी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए पहले से ज्यादा निश्चिंत नजर आ रहे हैं।

    शिवतराई का यह प्राथमिक स्कूल वर्ष 2014 से एकल शिक्षकीय था। प्रधान पाठक होरीलाल गंधर्व ने बताया कि बीच में कुछ शिक्षक की पदस्थापना हुई लेकिन नियमित रूप से कोई भी शिक्षक स्कूल में नहीं रहे। गंधर्व के उपर ही कक्षा पहलीं से पांचवी तक के बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी थी। जिससे कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा था और बच्चों के सीखने की प्रक्रिया में भी बाधा आ रही थी लेकिन अब स्कूल में नए शिक्षक मनहर लाल धुर्वे की पदस्थापना हुई है। जिससे अब बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से हो पा रही है। अब दोनों शिक्षक मिलकर प्रत्येक कक्षा को उचित समय दे पा रहे हैं। जिससे पढ़ाई में सकरात्मक परिवर्तन देखा जा रहा है। बच्चों की रूचि भी पढ़ाई में बढ़ रही है।

    बच्चों के अभिभावक भी युक्तियुक्तकरण को सरकार द्वारा लिया गया सराहनीय कदम बता रहे है। प्रमिला धुर्वे ने बताया कि उनकी बच्ची एकता धु्रवे कक्षा पांचवी में पढ़ती है। अब वह पहले से ज्यादा विषयों को समझ पाती है। पहले जहां स्कूल जाने में आना-कानी करती थीं अब हमेशा स्कूल जाने के लिए तैयार रहती है। घर में जाने के बाद भी अपने सारे विषयों को रूचि पूर्वक दोहराती है। इसी प्रकार मनीषा मरावी ने बताया कि स्कूल में बच्चों को पढ़ाई को लेकर हम संतुष्ट है। उन्होंने बताया कि सरकार के इस फैसले से अब उनके बच्चों का भविष्य बेहतर होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। अनीता वैष्णव, मीनाक्षी, अदिति सहित अन्य बच्चों ने भी शिक्षक की पदस्थापना पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब पढ़ाई के प्रति हमारी रूचि बढ़ गई है। विषय पहले से ज्यादा समझ आने लगे है।

  • CG : जिले में 15 सितम्बर तक मनाया जा रहा बालिका सुरक्षा माह…

    जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में 14 अगस्त से 15 सितम्बर 2025 तक बालिका सुरक्षा माह के तहत भारत में बालिकाओं के लिए सुरक्षित और सक्षम वातावरण की दिशा में उनकी सुरक्षा के विषय पर बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु जिले में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

    जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने बताया कि इसका उद्देश्य बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा एवं उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, ग्राम सभाओं, प्रशिक्षण स्थलों एवं संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें नाटक, मेहंदी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ बालिकाओं की सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम, लिंग भेदभाव, साइबर सेफ्टी, चाइल्ड लाइन 1098, आपातकालीन नंबर 112 व 181 जैसी जानकारियां दी जा रही हैं।

  • CG : भाजयुमो नेता ने तलवार से काटा केक, पुलिस ने दर्ज किया मामला…

    कोरबा । कोरबा में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बद्री अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अग्रवाल अपने जन्मदिन के मौके पर कार के बोनट पर रखे केक को तलवार से काटते नजर आ रहे हैं। उनके साथ मौजूद समर्थक तालियां बजाते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं।

    वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा एक ओर अनुशासन और कानून व्यवस्था की दुहाई देती है, जबकि दूसरी ओर उसके नेता खुलेआम गैर-जिम्मेदाराना हरकतें कर रहे हैं।

    मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बद्री अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का ने इसकी पुष्टि की है। घटना के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस जहां सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

  • CG : ट्रेलर व हाईवा में भिड़ंत, ट्रेलर चालक की मौत…

    कोण्डागांव । दहीकोंगा नेशनल हाईवे 30 पर सोमवार की सुबह करीब 7 बजे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सामने से आ रही हाईवा को टक्कर मार दी, जिससे हाईवा मौके पर ही पलट गई।

    हादसे के बाद पीछे चल रही 108 एंबुलेंस भी ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसे में एंबुलेंस का स्टाफ सुरक्षित रहा, उन्हें किसी भी तरह से कोई चोट नहीं आई।

    वहीं ट्रेलर चालक गाड़ी में बुरी तरह फँस गया, उसे लोगों और पुलिस की मदद से घंटों की मशक्कत से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल कोण्डागांव में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान ट्रेलर चालक अनिल जायसवाल निवासी मध्यप्रदेश ने दम तोड़ दिया है।

    ज्ञात हो कि नेशनल हाइवे 30 पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को अपने चपेट में ले लिया था, जिसमें 2 युवकों की मौत हो गई थी, वहीं 12 घण्टे के भीतर ही दूसरी बड़ी घटना दहिकोंगा के पास हुई।

  • CG : ट्रैक्टर से गिरने से किशोर की मौत…

    रायगढ़ । जिले में सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। गणेश विसर्जन कर ट्रैक्टर ट्राली के पीछे बैठकर घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर से वह गिर गया। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।

    मृतक की पहचान महाराजगंज निवासी विशु कुमार प्रजापति (14) के रूप में हुई है। वह अपने पिता जयसिंह प्रजापति (42) के साथ नानी के घर कोदवारी पारा आया था।

    रविवार दोपहर वह गणेश विसर्जन में शामिल हुआ और पंकज राठिया के ट्रैक्टर-ट्रॉली में गांव के अन्य बच्चों व बुजुर्गों के साथ सवार हो गया। गणेश विसर्जन के बाद सभी लोग ट्रॉली में बैठकर लौट रहे थे।

    देर शाम जब ट्रॉली कोदवारी पारा हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी चालक पंकज राठिया ने ट्रैक्टर को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाना शुरू कर दिया। इसी दौरान विशु कुमार संतुलन खो बैठा और ट्रॉली से नीचे गिर गया।

    गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक इलाज के बाद मृत घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी चालक पंकज राठिया के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • CG : तीसरी बार हैक हुई हेमचंद यादव विवि की वेबसाइट…

    पाकिस्तानी हैकर्स ने ली जिम्मेदारी

    दुर्ग । दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की वेबसाइट एक बार फिर साइबर हमले का शिकार हो गई। यह तीन महीने में तीसरी बार है जब विश्वविद्यालय की साइट हैक हुई है। 8 सितंबर को छात्रों ने जब वेबसाइट खोली तो वहां “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक संदेशों वाले पोस्टर दिखाई दिए।

    हैकिंग की जिम्मेदारी पाकिस्तानी हैकर्स ने ली है। वेबसाइट पर भारत का मजाक उड़ाने वाले पोस्ट भी डाले गए। जानकारी तब सामने आई जब छात्रों ने स्क्रीनशॉट लेकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। हैरानी की बात यह रही कि न तो विश्वविद्यालय प्रशासन और न ही वेबसाइट की जिम्मेदारी संभालने वाली निजी एजेंसी को इस घटना की भनक लगी।

    छात्रों में आक्रोश
    लगातार हो रही हैकिंग से परीक्षा परिणाम और प्रवेश से जुड़े काम ठप हो रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ शैक्षणिक नहीं बल्कि देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। उनका आरोप है कि पिछली घटना (7 सितंबर) के बाद प्रशासन ने वेबसाइट का ऑडिट कराने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

    विशेषज्ञों की राय
    साइबर विशेषज्ञों का मानना है कि बार-बार हो रही घटनाओं से बचने के लिए सर्वर सिक्योरिटी और बैकअप सिस्टम को तुरंत अपग्रेड करने की जरूरत है। वहीं, छात्रों का कहना है कि जब तक वेबसाइट की जिम्मेदारी किसी सक्षम सरकारी एजेंसी को नहीं दी जाएगी, तब तक ऐसे हमले रुकने वाले नहीं हैं।

    इस घटना ने एक बार फिर विश्वविद्यालय की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था और निजी एजेंसी की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।