lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.
  • CG : तेज रफ्तार थार गाड़ी का कहर, बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत…

    भिलाई । भिलाई में तेज रफ्तार थार गाड़ी का कहर देखने को मिला। भिलाई-3 क्षेत्र के पूर्व सीएम हाउस के पास नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग ईश्वर राव की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसा पदुम नगर स्थित ब्रदर्स ढाबा के सामने दुर्ग से रायपुर की सर्विस रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईश्वर राव घर से काम पर जाने के लिए निकले थे और रोड क्रॉस कर रहे थे तभी तेज रफ्तार थार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के समय थार गाड़ी गलत साइड से आ रही थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर लगते ही बुजुर्ग दूर जाकर गिर पड़े। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रैफिक पुलिस और भिलाई-3 थाना स्टाफ को सूचना दी।

    कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल ईश्वर राव को रायपुर एम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

    लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही और नियमों की अनदेखी पर सवाल उठाए। बताया गया कि थार गाड़ी नंबर CG 04 PX 6888 पहले भी ओवरस्पीडिंग के दो चालान कट चुकी है, फिर भी उस पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नियमों का पालन कराया जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था।

    पुलिस ने थार गाड़ी को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं था और गलत साइड से आने के कारण हादसा हुआ।

  • CG : 26 सितम्बर को वार्षिक साधारण सम्मेलन में शामिल होंगे समस्त अंशधारक

    कोण्डागांव, मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित, कोण्डागांव द्वारा ग्राम कोकोड़ी में 80 केएलपीडी क्षमता के मक्का आधारित इथेनॉल संयंत्र की स्थापना की गई है। संस्था का वार्षिक साधारण सम्मेलन 26 सितम्बर 2025, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से आडिटोरियम, बंधापारा बार्ड, कोण्डागांव में आयोजित किया जायेगा । इस सम्मेलन में समिति के समस्त अंशधारी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।

  • CG : स्मार्ट चैटबॉट से घर बैठे मिलेगी नागरिक सुविधाएं

    बिलासपुर नगर निगम प्रदेश का पहला नगरीय निकाय होगा

    वॉट्सएप्प आधारित चैटबॉट सुविधा होगी शुरू

    रायपुर, बिलासपुर प्रदेश का पहला ऐसा नगर निगम बनने जा रहा है, जहां नागरिक अब स्मार्ट चैटबॉट के जरिए अधिकांश सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकेंगे। बिलासपुर नगर निगम ने डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए वॉट्सऐप आधारित चैटबॉट सेवा शुरू कर रही है। इसके माध्यम से लोग प्रॉपर्टी टैक्स की जानकारी और भुगतान, बिल्डिंग परमिशन, शिकायत पंजीकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं चंद मिनटों में प्राप्त कर सकेंगे।

    ऐसे करेगा काम स्मार्ट चैटबॉट
    इस चैटबॉट का उपयोग करना बेहद आसान होगा। इसके लिए निगम एक विशेष वॉट्सऐप नंबर 91 88157 82574 जारी करेगा। उस नंबर को मोबाइल में सेव करने के बाद केवल हाथ या नमस्ते लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके जवाब में ऑटोमेटेड रिप्लाई आएगा, जिसमें विभिन्न सेवाओं की सूची होगी। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प चुनकर प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। यह चैटबॉट एआई और मेटा की तर्ज पर काम करेगा। इसकी जानकारी निगम अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचारित करेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

    बिलासपुर में स्वच्छ वार्ड चैलेंज : मिलेगा 10 लाख रूपये का इनाम
    नगर निगम बिलासपुर द्वारा शहर को स्वच्छ रखने और पूरे देश में पहले स्थान पर लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ वार्ड चैलेंज प्रतियोगिता शुरू की जा रही है। इस प्रतियोगिता को शुरू करने की घोषणा केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। इस चैलेंज के तहत हर माह सभी वार्डों का सर्वे किया जाएगा, जो वार्ड सबसे स्वच्छ होगा, स्वच्छता के पैमाने पर खरा उतरेगा, उसे विकास कार्यों के लिए पुरस्कार स्वरूप 10 लाख रूपये की अतिरिक्त स्वीकृति दी जाएगी। बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में इस बार स्वच्छ गणेश पंडाल की तर्ज पर स्वच्छ दुर्गाेत्सव पंडाल प्रतियोगिता भी शुरू की जाएगी, जिसमें सबसे स्वच्छ दुर्गा पंडाल को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर पुरस्कृत किया जाएगा।

  • CG : 24 घंटे में दो सड़क हादसों में 20 गोवंशों की मौत, गौरक्षकों में आक्रोश फैल गया…

    बिलासपुर । बिलासपुर जिले में तेज़ रफ्तार वाहनों ने पिछले 24 घंटे में दो अलग-अलग हादसों में 20 से ज्यादा गोवंशों को मौत के घाट उतार दिया, जबकि 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं के बाद गौरक्षकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है।

    पहली घटना: कोनी थाना क्षेत्र
    पहली दुर्घटना बिलासपुर-रतनपुर हाइवे पर गतौरी के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर बैठे करीब 10 गोवंशों को रौंद दिया। इस हादसे में 8 गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए। वाहन चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

    दूसरी घटना: मस्तूरी थाना क्षेत्र
    दूसरी घटना मस्तूरी-अकलतरा नेशनल हाइवे पर भदौरा गांव के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने 18 से ज्यादा गोवंशों को कुचल दिया। 12 की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई ट्रेलर के नीचे फंसकर घसीटे गए। स्थानीय ग्रामीणों ने मौके से चालक को पकड़ लिया। जांच में पाया गया कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

    स्थानीय आक्रोश
    दोनों घटनाओं ने गौरक्षकों और ग्रामीणों में गुस्सा भर दिया है। लोग मांग कर रहे हैं कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क पर भटक रहे मवेशियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

    फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

  • CG : स्वेच्छाचारिता एवं लापरवाही बरतने पर प्रभारी छात्रावास अधीक्षक निलंबित

    गौरेला पेंड्रा मरवाही, आकस्मिक निरीक्षण के दौरान छात्रावास में अव्यवस्था के साथ अनियमितता पाए जाने और अधीक्षक के द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता एवं लापरवाही बरतना पाए जाने पर प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास अंधियारखोह विकासखण्ड गौरेला के प्रभारी छात्रावास अधीक्षक नोहर सिंह ध्रुव (सहायक शिक्षक एल बी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


    कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया कि उनके द्वारा 13 सितम्बर 2025 को शाम 6 बजे उक्त छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण के दौरान छात्रावास में अव्यवस्था के साथ अनियमितता पाए जाने एवं दायित्वों का निर्वहन में स्वेच्छाचारिता तथा लापरवाही बरतने के कारण प्रभारी अधीक्षक नोहर सिंह ध्रुव को सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गौरेला नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

  • CG : राजमिस्त्री प्रशिक्षण से बढ़ेगा कौशल एवं रोजगार, प्रधानमंत्री आवास योजना को मिलेगा गति

    कोण्डागांव, जिला पंचायत कोंडागांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई के मार्गदर्शन में फरसगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत भानपुरी में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में कुल 35 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए जिन्हें एक माह तक राजमिस्त्री कार्य का व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।


    प्रशिक्षण को व्यवहारिक रूप से कार्यस्थल पर ही संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षणार्थियों को सीखने में अधिक सुगमता और सहजता प्राप्त हो। इस प्रशिक्षण के माध्यम से न केवल आसपास के क्षेत्रों में मिस्त्री की कमी दूर होगी, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की गति में भी बढ़ोतरी होगी। प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को दीर्घकालिक रूप से रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
    इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जिला कोंडागांव के आवास समन्वयक एवं सहायक अभियंता भी उपस्थित रहे।

  • CG : रोजगार पंजीयन को आधार से लिंक कराना अनिवार्य

    महासमुंद, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, महासमुंद में पंजीकृत आवेदकों के लिए रोजगार पंजीयन को आधार कार्ड से लिंक कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 के पूर्व पंजीयन करवाने वाले आवेदक अपने रोजगार पंजीयन को आधार से लिंक करा सकते हैं। इसके लिए आवेदक गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध CG Rojgar Portal App डाउनलोड कर सकते हैं अथवा वेबसाइट http://cgemployment.gov.in/ पर लिंकिंग की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त वे किसी भी ऑनलाइन सुविधा केन्द्र अथवा स्वयं भी इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि रोजगार पंजीयन कार्ड पर अधिकारी के हस्ताक्षर की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं जो आवेदक नया पंजीयन, अतिरिक्त योग्यता दर्ज कराना या नवीनीकरण करना चाहते हैं, वे भी इस ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, महासमुंद से सीधे संपर्क कर सकते हैं या दूरभाष क्रमांक 07723-299025 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

  • CG : वोट अधिकार यात्रा : अशोक चक्र विवाद के बाद सफाई में उतरी कांग्रेस…

    रायगढ़ । कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट और कांग्रेस विधायक उमेश पटेल के नेतृत्व में रायगढ़ से शुरू हुई कांग्रेस की “वोट अधिकार यात्रा – वोट चोर गद्दी छोड़” ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। हजारों की भीड़ के साथ निकली इस यात्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया और भाजपा के खिलाफ माहौल को सड़कों पर साफ़ तौर पर दिखा दिया।

    लेकिन कांग्रेस की इस सफलता ने राजनीतिक तकरार भी तेज कर दी है। यात्रा के दौरान उमेश पटेल के जीप पर बैठने की एक तस्वीर को लेकर भाजपा समर्थकों ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि वाहन पर लगे पोस्टर में अशोक चक्र का अपमान किया गया है।

    कांग्रेस की सफाई
    कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जीप पर लगे पोस्टर में किसी भी स्थिति में अशोक चक्र नहीं दर्शाया गया है। अशोक चक्र गहरे नीले रंग का होता है, जिसमें 24 तीलियाँ होती हैं और यह भारतीय ध्वज में मध्य पट्टी पर अंकित होता है। जबकि यात्रा के पोस्टर में स्याही लगी तर्जनी उंगली को आसमानी रंग के गोल घेरे में दिखाया गया है, जो सिर्फ मतदान अधिकार का प्रतीक है। कांग्रेस ने कहा कि इस चिन्ह का राष्ट्रीय प्रतीक से कोई संबंध नहीं है और इसे अशोक चक्र बताना पूरी तरह भ्रामक दावा है।

    राजनीतिक तकरार गहराई
    कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा, यात्रा की अभूतपूर्व सफलता और उमेश पटेल की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर झूठे विवाद खड़ा कर रही है। उनका कहना है कि यह विवाद कांग्रेस की सकारात्मक छवि को धूमिल करने की निराशाजनक कोशिश है।

    फिलहाल, यह मामला रायगढ़ से प्रदेश की राजनीति में गरमा गया है। एक ओर जहां कांग्रेस इसे जनता के अधिकारों के लिए जनसैलाब बता रही है, वहीं भाजपा सोशल मीडिया पर नए सवाल खड़े कर रही है।

  • CG : पक्का आशियाना मिलने से खिले चेहरे

    भवन अनुज्ञा और वय वंदन कार्ड सहित कई योजनाओं का लाभ

    रायपुर,

    पक्का आशियाना मिलने से खिले चेहरे
    पक्का आशियाना मिलने से खिले चेहरे

    छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़े में हितग्राहियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ मिल रहा है। अपनी जरूरते पूरी होने और परेशानियों से मुक्ति मिलने से हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बिलासपुर में हुए कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को पक्के आशियाने की चाबी, भवन अनुज्ञा, पहले किश्त की राशि और वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। इसके साथ ही लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। 

    प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी से लाभान्वित कुदुदन निवासी ममता दुबे को आवास स्वीकृत हुआ और भवन का नक्शा मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें किराए के घर से निजात मिल गई है। इसी तरह हेमूनगर की गोटीवाड़ा विजया और बिजौर निवासी ओम साहू को घर की चाबी मिलने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विजय ने बताया कि पति ड्राइविंग का काम करते हैं आमदनी इतनी नहीं कि खुद का घर बना सकें पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवास योजना से अब उनका पक्के घर का सपना साकार हो गया है और कच्चे घर से निजात मिल गई। इसी तरह अशोक नगर निवासी संतोषी श्रीवास व पूनम टंडन लिंगियाडीह निवासी को  खमतराई, और बहतराई में मकान आवंटित हुआ और उन्हें पहले किश्त का चेक प्राप्त हुआ। उन्होंने खुशी से बताया कि अब उनका अपने खुद के  घर में रहने का सपना साकार होने जा रहा है। वहीं रानी यादव सरकंडा थाना के सामने बेजा कब्जा कर परिवार के साथ रह रही थी जिसके कभी टूटने की आशंका है उन्होंने बताया कि घर तोड़े जाने का उन्हें नोटिस भी जारी किया गया है पर अब आवास स्वीकृत होने से उनकी एक बड़ी चिंता दूर हो गई है बहुत से हितग्राहियों को इस अवसर पर जहां गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी सौंपी गई वहीं लखपति दीदीयों का सम्मान भी किया गया। तालापारा, ख्वाजा नगर निवासी अब्दुल नईम को आवास स्वीकृत हुआ। मैकेनिक का कार्य करने वाले नईम ने बताया कि अब उनके परिवार को सुरक्षित छत मिल सकेगी।

       बिलासपुर के ही हरनारायण पटेल, शांति देवी और विद्या परिहार को वय वंदन कार्ड के अंतर्गत पाँच लाख रुपये की स्वास्थ्य सहायता का लाभ मिला। सभी हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उनके जीवन को एक नई उम्मीद और संबल मिला है।

  • CG : केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने तिफरा में किया सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ

    दिव्यांगजनों का किया सम्मान, बांटे सहायक उपकरण

    रायपुर,

     केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने तिफरा में किया सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ

    केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर के तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के विजेता दिव्यागजनों को सम्मानित किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांग जनों को सशक्त करने विभिन्न सहायक उपकरण भी वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक धरम लाल कौशिक ने की।

    कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने दिव्यांग बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कुल 62 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता 17 प्रतिभागियों और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट 17 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। रजत महोत्सव कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के लिए रंगोली, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। मुख्य अतिथि तोखन साहू द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं सम्मान प्रदान किये गये। इस दौरान 05 ब्रेल किट, 05 श्रवण यंत्र एवं 10 स्मार्ट केन वितरित किए गए। श्री तोखन साहू ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को दिए गए उपकरण उनकी शैक्षणिक प्रगति में सहायक होंगे तथा बिलासपुर जिले में किसी भी दिव्यांगजन को सहायक उपकरण की कमी नहीं होने दी जाएगी।

  • CG : रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से हो रहा निवेश आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य गढ़ेगा : मुख्यमंत्री साय

    राजिम क्षेत्र के लोगों को मिली सस्ती और सुलभ रेल सेवा, यात्रियों को होगा लाभ : मुख्यमंत्री साय

    छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से

    रायपुर एवं राजिम के मध्य आने-जाने के लिए यात्री सुविधा में हुई बढ़ोतरी

    रायपुर,

    छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से
    छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजिम में नई रेल सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की आवागमन सुविधा में वृद्धि करते हुए राजिम से रायपुर के लिए नई मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने राजिम-रायपुर-राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा तथा रायपुर-अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार भी प्रारंभ किया। भारी संख्या में यात्री इस अवसर पर ट्रेन में सवार हुए और उत्साहपूर्वक रायपुर की ओर रवाना हुए। सस्ती एवं सुलभ नई रेल सुविधा मिलने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस नई रेल सेवा से राजिम सहित गरियाबंद एवं देवभोग क्षेत्र के लोगों को भी राजधानी रायपुर तक सस्ती और किफायती यात्रा का विकल्प प्राप्त होगा। विद्यार्थी, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारी वर्ग सहित सभी के लिए यह ट्रेन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयाग, राजिम अब रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। ग्रामीण अंचलों से राजधानी रायपुर का आवागमन अब और अधिक सुगम, सुविधाजनक और किफायती बन गया है।

    छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से लगातार 19 महीनों से विकास की गति निरंतर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से हो रहा निवेश आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य गढ़ेगा। उन्होंने बताया कि लगभग आठ वर्ष पूर्व धमतरी से रायपुर तक नैरोगेज ट्रेन चलती थी और अब आठ वर्षों के अंतराल के बाद यहां ब्रॉडगेज ट्रेन सुविधा उपलब्ध हुई है। इसके लिए उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में रेलवे की लगभग 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 7,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल सेवाओं का तीव्र विस्तार और विकास सुनिश्चित हो रहा है।
    इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, लोकसभा सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, अभनपुर विधायक इन्द्रकुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, नगर पालिका गोबरा नवापारा अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू, नगर पंचायत राजिम अध्यक्ष महेश यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, रेलवे अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

    छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से

    वन मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस नई सेवा से छत्तीसगढ़ के प्रयाग राजिम तक सीधी रेल पहुँच सुनिश्चित हो गई है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 22 मई को ‘निर्मल भारत रेलवे स्टेशन’ के नाम से देश के 103 रेलवे स्टेशनों को मॉडिफाई करने के लिए चयनित किया गया, जिनमें से छत्तीसगढ़ के पाँच रेलवे स्टेशन शामिल हैं और 32 स्टेशन भी इस योजना में जोड़े गए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री साय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 45,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएँ चालू हैं, जिनसे रेल कनेक्टिविटी में तेजी आएगी। बस्तर को भी इससे लाभ हो रहा है और रावघाट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 140 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का कार्य प्रगति पर है।
    रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयागराज राजिम में बाहर से साधु-संत एवं पर्यटक भारी संख्या में आते हैं। अब उन्हें सीधे रायपुर से राजिम आने की सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और विश्व पटल पर राजिम का नाम और अधिक रोशन होगा।

    छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से

    महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने नई रेल सेवा के लिए लोगों को बधाई देते हुए कहा कि अब राजिम से रायपुर आना बहुत आसान हो गया है। श्रद्धालु एवं पर्यटक यात्री अब राजिम से सीधे डोंगरगढ़ तक भी यात्रा कर सकेंगे।
    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक किया जाएगा। 19 सितम्बर 2025 से नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन दोनों छोरों—राजिम और रायपुर—से संचालित होगी। इस ट्रेन में 06 सामान्य श्रेणी के डिब्बे तथा 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच होंगे।

  • CG : युवक ने इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती कर की बड़ी ठगी

    दुर्ग, सोशल मीडिया के ज़रिए ठगी का एक बड़ा मामला छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सामने आया है। यहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर भिलाई निवासी युवती से दोस्ती कर उसे भरोसे में लिया और फिर करीब 40 लाख रुपए का गबन कर लिया। आरोपी ने न केवल युवती के जेवर हड़प लिए बल्कि उसकी फिक्स्ड डिपॉजिट की रकम भी निकाल ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम तुषार गोयल (21), निवासी शिक्षक नगर, दुर्ग है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है कि वह ऐशो-आराम की जिंदगी जीना चाहता था। अमीरों की तरह रहना, महंगे सामान खरीदना और घूमना-फिरना उसकी चाह थी। इसी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए उसने युवती को अपने जाल में फंसाकर बड़ी ठगी की।

    तुषार गोयल ने इंस्टाग्राम पर भिलाई की रहने वाली एक युवती से दोस्ती की। बातचीत के दौरान उसने युवती और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया। कुछ दिनों बाद उसने खुद को कपड़े का व्यापारी बताया और कहा कि वह कारोबार को आगे बढ़ाना चाहता है, लेकिन उसे पैसों की जरूरत है। विश्वास में आकर युवती ने आरोपी को अपने घर के गहने दे दिए। युवती ने आरोपी को करीब 165 ग्राम सोने के गहने सौंपे। इनमें 2 हार, 2 चेन, 3 जेंट्स रिंग, 4 चूड़ियां, 3 लेडीज रिंग, मंगलसूत्र, झुमके, टॉप्स, हीरे का पेंडेंट और नाक की नथ शामिल थी। इनकी कुल कीमत लगभग 18 लाख रुपए बताई गई। आरोपी ने ये गहने गिरवी रखकर रकम हड़प ली।

    ठगी यहीं खत्म नहीं हुई। युवती के पिता राजकुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उनकी बेटी को झांसा देकर उसकी फिक्स्ड डिपॉजिट से करीब 26 लाख रुपए निकलवा लिए। इतना ही नहीं, उसने लड़की और उसके पिता के नाम पर फाइनेंसिंग करवाकर चार दोपहिया वाहन खरीद लिए, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपए थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने दूसरों से भी कार दिलाने के नाम पर करीब 6.60 लाख रुपए ठग लिए। इस तरह कुल मिलाकर ठगी की रकम लगभग 40 लाख रुपए तक पहुंच गई।

    लगातार मकान बदलता रहा आरोपी परिवार द्वारा जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपी ने बार-बार टालमटोल की और पैसे लौटाने से बचता रहा। परेशान होकर युवती के पिता ने कैंट थाना और बाद में छावनी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 420 और 318 (4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज किया। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार किराए के मकान बदल रहा था। हालांकि, पुलिस की विशेष टीम ने लगातार पतासाजी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 165 ग्राम सोने-चांदी के जेवर, चार दोपहिया वाहन और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने कहीं और भी इसी तरह की ठगी तो नहीं की। इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अनजाने लोगों से दोस्ती करना कितना खतरनाक हो सकता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और अपने कीमती गहने, दस्तावेज़ या पैसे बिना पूरी जांच-परख के किसी को न सौंपें।

  • CG : मुख्यमंत्री साय खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में हुए शामिल : महाआरती में मंत्रोच्चार से गूंजा खारुन नदी का महादेव घाट

    रायपुर,

    मुख्यमंत्री श्री साय खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में हुए शामिल : महाआरती में मंत्रोच्चार से गूंजा खारुन नदी का महादेव घाट
    मुख्यमंत्री श्री साय खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में हुए शामिल : महाआरती में मंत्रोच्चार से गूंजा खारुन नदी का महादेव घाट
    मुख्यमंत्री श्री साय खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में हुए शामिल : महाआरती में मंत्रोच्चार से गूंजा खारुन नदी का महादेव घाट
    मुख्यमंत्री श्री साय खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में हुए शामिल : महाआरती में मंत्रोच्चार से गूंजा खारुन नदी का महादेव घाट

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम महादेव घाट, रायपुर में आयोजित खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में शामिल हुए। इस भव्य आयोजन का संयुक्त रूप से आयोजन सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर खारुन नदी तट पर 21 सौ दीपों का दीपदान भी किया गया।

    मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है। वे आज आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसका लाभ देश की 140 करोड़ जनता को मिल रहा है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उसके अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य का दर्जा दिलाने के लिए हमारी डबल इंजन की सरकार दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ हर मोर्चे पर कार्य कर रही है।

    मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि साध्वी प्रज्ञा भारती के नेतृत्व में चंद्रपुर स्थित महानदी तट पर गंगा आरती की शुरुआत हुई थी, जो आज भी निरंतर जारी है। उस आरती में वे स्वयं उपस्थित रहे। इसके बाद रायगढ़ की केलो नदी में भी गंगा आरती प्रारंभ हुई, जो नदी संरक्षण की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल है। उन्होंने खारुन नदी में भी समय-समय पर गंगा आरती आयोजित करने की अपील की।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएँ दी तथा इस भव्य आयोजन के लिए सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा के सदस्यों की सराहना की।

    रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नदियों की आरती हमारी आस्था का प्रतीक है। इसके माध्यम से हम नदियों से जुड़ते हैं और उनके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हैं। यह परंपरा नई नहीं, बल्कि सदियों से हमारे सनातन धर्म का अभिन्न हिस्सा रही है। नदियाँ आदि काल से ही हमारी आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र रही हैं। सांसद श्री अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

    इस अवसर पर पूज्य साध्वी प्रज्ञा भारती, रायपुर ग्रामीण विधायक मोती लाल साहू, महापौर मीनल चौबे, अपेक्स अध्यक्ष केदार गुप्ता, नॉन अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित थे।

  • CG : शिक्षक नाबालिग छात्रा के घर में छेडछाड़ किया शिक्षक गिरफ्तार…

    जांजगीर: घर में घुसकर नाबालिग छात्रा से छेडछाड़ करने के मामले में गिरफ्तार शिक्षक राजेश्वर प्रसाद को जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है. पुलिस गिरफ्तारी के बाद बीईओ से मिली रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है.

    बता दें कि शिक्षक राजेश्वर प्रसाद जायसवाल 9 सितंबर को छात्रा के घर में घुसकर उससे छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने लगा था. छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी शिक्षक फरार हो गया था, जिसके बाद छात्रा ने परिजन के साथ मिलकर सारागांव थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था.

  • CG : शासकीय सेवक ई-केवाईसी कार्य 30 सितम्बर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें-कलेक्टर

    एमसीबी, कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने निर्देश दिए हैं कि जिले के समस्त शासकीय सेवकों का e-KYC कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। कोषालय शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्त विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश के तहत सभी शासकीय सेवकों को Employee Corner App अथवा Employee Corner Portal के माध्यम से अपने व्यक्तिगत विवरण दर्ज कर  e-KYC की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए विभाग द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी जारी की गई है।

    निर्देश में कहा गया है कि जिन शासकीय सेवकों का e-KYC पहले से किया जा चुका है, उनका विवरण आधार एवं समग्र पोर्टल से Checker Login द्वारा सत्यापित किया जाएगा, वहीं जिनका  e-KYC लंबित है, उन्हें तत्काल यह प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि 30 सितम्बर 2025 तक हर हाल में यह कार्य अनिवार्य रूप से किया जाए, अन्यथा भविष्य में वेतन भुगतान सहित अन्य प्रशासनिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस संबंध में जिला कोषालय अधिकारी मनबोध राम यादव को भी निर्देशित किया गया है कि  e-KYC की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए और सुनिश्चित किया जाए कि सभी शासकीय सेवकों का कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण हो।

  • CG : मुंगेली की तीन सिंचाई योजनाओं के लिए 11.80 करोड़ रूपए स्वीकृत

    रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा मुंगेली जिले की तीन सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 11 करोड़ 80 लाख 9 हजार रूपए स्वीकृत किए हैं। स्वीकृत योजना में विकासखण्ड लोरमी के अंतर्गत मनियारी जलाशय के डी-1 मुख्य नहर की मसना माईनर के लाईनिंग कार्य हेतु तीन करोड़ 32 लाख 74 हजार रूपए स्वीकृत किए है। योजना के कार्य पूर्ण होने पर योजना का रूपांकित सिंचाई क्षेत्र 502 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति सहित पूर्ण रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई सुविधा हो जाएगी।

    इसी प्रकार से भरतसागर जलाशय की मुख्य नहर तथा माईनर नहर में सीसी लाईनिंग और पक्के कार्यों की मरम्मत के लिए 4 करोड़ 19 लाख 93 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। इस योजना के कार्य पूर्ण होने पर रूपांकित सिंचाई क्षेत्र 713 हेक्टेयर में 180 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति सहित रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई सुविधा होने लगेगी।

    विकासखण्ड तखतपुर के अंतर्गत मनियारी नदी पर अमलीकांपा एनीकट से सिंचाई करने हेतु ऊर्जा संचालित उद्वहन सिंचाई योजना के निर्माण कार्य हेतु 4 करोड़ 28 लाख 32 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के निर्माण होने पर सोलर पंप प्रणाली के माध्यम से 160 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से सिंचाई योजनाओं के कार्यों को कराने के लिए मुख्य अभियंता हसदेव कछार, जल संसाधन विभाग बिलासपुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

  • CG : शासकीय हाई स्कूल, जल.जंगल यात्रा का आयोजन किया गया…

    बलौदाबाजार: वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार बुधवार को अमगांव सर्किल अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल ढेबीखार से रवान तक जल-जंगल यात्रा का आयोजन किया गया।

    इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जल-जंगल की रक्षा करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण को बनाए रखने का संकल्प लिया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न एसएमसी संरचनाओं की जानकारी दी गई तथा जल एवं जंगल संरक्षण से जुड़े विषयों पर उपयोगी ज्ञान साझा किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदाय, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों में पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गायत्री बरिहा, ग्राम पंचायत ढेबीखार के सरपंच, परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल प्रसाद वर्मा, प्रशिक्षु वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल उपाध्याय, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, शाला प्राचार्य,शिक्षकगण, विद्यार्थी ग्रामवासी ग्रामवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

  • CG : दशहरा पर्व की परंपरागत तैयारी जोर शोर से चालू…

    बस्तर। जगदलपुर-बस्तर में मनाए जाने वाले बस्तर दशहरा पर्व की परंपरागत तैयारी जोर शोर से चल रही है,पिछले दिन नारफोड़नी की रस्म पूजा विधान से विधिपूर्वक संपन्न हुई। इस पूजा विधान में फूल रथ के लिए साल के पेड़ की लकड़ी से बने पहिए का पहले चक्के के बीच में छेद करने की प्रक्रिया होती है। जिसमें लोहार समुदाय द्वारा बनाया गया लोहे का रिंग जिसे (गुड़दा) कहा जाता है, इसे लगाया जाता है जिससे पहिया मजबूत हो और रथ खींचने में आसानी हो।

    आज इसी कड़ी में जगदलपुर के पास के गांव टेकामेटा से बस्तर दशहरा समिति के निमंत्रण पर आए लोहार समुदाय ने लोहरालाडी (एक निश्चित स्थान जहां लोहे को आग में पिघला कर उसे अनेकों आकार दिया जाता है) इनके द्वारा रथ के चक्के में लगने वाले रिंग(गुड़दा) तैयार किया जा रहा है। इसके बाद इसमें रथ के लिए बने एक्सल को डाला जाता है, जिससे रथ आसानी से चल सके, बस्तर दशहरा के भव्य त्यौहार में अलग-अलग जाति एवं समुदाय के लोग किस प्रकार जुड़े हैं इसका एक उदाहरण है।

  • CG : दुर्गा पंडाल के निर्माण दौरन करंट लगने से युवक की मौत

    बालोद। दुर्गा पंडाल के निर्माण में जुटे युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना रात करीबन 3 बजे दल्लीराजहरा के गुप्ता चौक की है. दल्लीराजहरा पुलिस मामले की जांच कर रही है.

    जानकारी के अनुसार, दिनभर लोगों की आवाजाही को देखते हुए दल्लीराजहरा के गुप्ता चौक पर रात के समय 8 से 9 युवक दुर्गा पंडाल के निर्माण में जुटे थे. इस दौरान ग्राम घोठिया निवासी 19 वर्षीय डेमन उर्फ डेविड रावटे पिता अजित रावटे एलटी लाइन के तार से सम्पर्क में आने के बाद नीचे गिर गया. युवक को तत्काल शहीद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित किया. सूचना पर पहुंची दल्लीराजहरा पुलिस पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को रवाना किया. सुबह परिजनों को शव सौंपने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.

  • CG : तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटा यात्री महिला की मौत…

    जशपुर। जशपुर में आज सुबह सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के बरजोर में तेज रफ्तार से जा रही एक बस अनियंत्रित होकर अचानक सड़क पर पलट गई. इस हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई.

    साथ ही 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनके अलावा अन्य कई यात्रियों को भाी मामूली चोंटें आई हैं. सभी घायलों को सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिये भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक बस फरसाबहार से अंबिकापुर जा रही थी. लेकिन तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जबकि घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.